कटोरा लेकर दुनियाभर में घूमने वाले पाकिस्तान में चूल्हा जलाने के पड़े लाले, 13 हजार तक पहुंचा एक सिलेंडर का दाम

Pakistan LPG Gas Crisis: पाकिस्तान के हुक्मरानों की नाकामी ने आज वहां की अवाम को ऐसे दौर में ला खड़ा किया है, जहां दो वक्त की रोटी तो दूर चूल्हा जलाने के लाले पड़ गए हैं। दुनिया को ज्ञान बांटने और हर मंच पर बड़ी-बड़ी बातें हांकने वाले हुक्मरानों की रग-रग में कर्ज, गरीबी और भुखमरी इस कदर दौड़ रही है कि आम जनता का जीना मुहाल हो चुका है। आटा और चावल के दाम तो पहले ही आसमान छू रहे थे, अब घरों में चूल्हा जलने पर भी बहुत बड़ा संकट मंडरा रहा है। पड़ोसी देशों से दुश्मनी मोल लेना और भीख मांगकर देश चलाना पाकिस्तान की पुरानी आदत रही है, लेकिन इस बार हुक्मरान एसी कमरों में बैठकर अपनी नाकामियां छिपा रहे हैं और जनता दर-दर भटकने को मजबूर है।
यह भी पढे़ं:- स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे पर कांग्रेस ने बोला हमला, बैज बोले- भाजपा में अहंकार और गुटबाजी
पाकिस्तान में LPG के दाम इस समय रिकॉर्ड तोड़ ऊंचाई पर पहुंच चुके हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में आम जनता को भारी आर्थिक मार झेलनी पड़ रही है। आंकड़ों के मुताबिक स्थिति बेहद भयानक हो चुकी है। देश में 12 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत कुछ ही दिनों में 4,500 पाकिस्तानी रुपए से बढ़कर सीधे 7,000 से 13,000 पाकिस्तानी रुपए तक पहुंच गई है। पाकिस्तान के तेल और गैस नियामक प्राधिकरण ने 11.8 किलो के सिलेंडर की सरकारी कीमत 3,296 पाकिस्तानी रुपए तय की है, लेकिन बाजार में यह सरकारी दाम से दोगुने से भी ज्यादा कीमत पर बिक रहा है। पाकिस्तान एलपीजी एसोसिएशन के आंकड़ों के मुताबिक बलूचिस्तान में 12 किलो का सिलेंडर 7,000 रुपए, लाहौर में 7,500 रुपए और स्कर्दू में 8,200 रुपए तक के भारी भरकम दामों पर बिक रहा है।
सीमा चौकियां बंद होने से बिगड़े हालात
इस पूरे संकट की शुरुआत 17 अक्टूबर से हुई, जब पाकिस्तान और ईरान के बीच दो प्रमुख सीमा चौकियां यानी गाबद-रिमदान और ताफ्तान-मिरजावेह बंद कर दी गईं। पाकिस्तान ने सुरक्षा चिंताओं और तस्करी रोकने का हवाला दिया तो ईरान ने तकनीकी दिक्कतों का रोना रोया। पाकिस्तान अपनी ऊर्जा जरूरत का 50% हिस्सा अकेले ईरान से आयात करता था, लेकिन राजनयिक तनातनी के बीच तेहरान ने अपना एलपीजी निर्यात पाकिस्तान से हटाकर अफगानिस्तान की तरफ मोड़ दिया, जिससे आतंकिस्तान में कोहराम मच गया। पाकिस्तान अपनी एलपीजी जरूरतों को पूरा करने के लिए पूरी तरह विदेशी आयात पर निर्भर है। पाकिस्तान को हर दिन लगभग 6,500 से 7,000 टन LPG की जरूरत होती है। देश में केवल 2,000 से 2,500 टन गैस ही तैयार हो पाती है। कुल जरूरत का करीब 70% हिस्सा विदेशों यानी ईरान, इराक और ओमान से मंगाया जाता है। होर्मुज स्ट्रेट में क्षेत्रीय तनाव के कारण इराक और ओमान से होने वाला आयात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। (Pakistan LPG Gas Crisis)
सीमा पर फंसे सैकड़ों ट्रक और भूखी जनता
विदेशी मुद्रा भंडार खाली होने और अंतरराष्ट्रीय साख खत्म होने से पाकिस्तान के पास नए सौदे करने का विकल्प भी नहीं बचा है। सीमाएं बंद होने से सिर्फ एलपीजी ही नहीं, बल्कि खाद्य सामग्री की आवाजाही भी ठप हो गई है। आलू, केले और चावल से लदे 1,000 से ज्यादा पाकिस्तानी ट्रक सीमा पर ही अटके हुए हैं। क्वेटा और बॉर्डर पर फंसे ट्रक चालक हफ्तों से बिना बुनियादी सुविधाओं के खुले आसमान नीचे फंसे हैं।चौतरफा घिरने के बाद पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने दावा किया है कि सरकार खुद एलपीजी आयात करेगी और अगले 2 से 3 दिनों में कीमतें घटकर 400 से 425 रुपए प्रति किलो पर आ जाएंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कालाबाजारी और अदालती स्टे ऑर्डर के कारण बाजार में करीब 30 अरब पाकिस्तानी रुपए का हेरफेर हो रहा है। हालांकि कागजी दावों से इतर जमीनी सच्चाई यह है कि खाली सिलेंडर हाथों में उठाए जनता सुबह से शाम तक भटक रही है, और आतंक की नीतियां बनाने वाला देश अब खुद अपने ही बोझ तले दम तोड़ रहा है। (Pakistan LPG Gas Crisis)

इस पूरे घटनाक्रम पर नजर डालें तो यह बात साफ हो जाती है कि पाकिस्तान के हुक्मरानों की गलत नीतियों का खामियाजा आज वहां की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है, जो देश खुद को परमाणु शक्ति और दुनिया को सबक सिखाने वाला देश बताता था, आज उसकी अर्थव्यवस्था इस कदर चरमरा चुकी है कि वहां के नागरिकों को दो वक्त की रोटी और रसोई के लिए गैस जैसे बुनियादी साधनों के लाले पड़ गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक पाकिस्तान अपनी तुगलकी नीतियों, पड़ोसी देशों से बेवजह की दुश्मनी और आतंकवाद को पालने-पोसने की प्रवृत्ति को नहीं छोड़ेगा, तब तक वहां की अवाम इसी तरह गैस, बिजली और महंगाई के नरक में पिसती रहेगी। हुक्मरान चाहे एसी कमरों में बैठकर जितने मर्जी दावे कर लें, लेकिन जब तक जमीनी स्तर पर आर्थिक और कूटनीतिक सुधार नहीं होते, तब तक पाकिस्तान का यह दलदल गहराता ही जाएगा।



