छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के साथ चल रही तेज हवाएं, 29 अक्टूबर को स्कूल-कॉलेज बंद

School Holiday in Chhattisgarh: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, बूंदाबांदी और तेज हवाओं का दौर जारी है। रायपुर और रायगढ़ में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि गरियाबंद में देर रात से बारिश के साथ ठंडी हवाएं चल रही है। मौसम विभाग की चेतावनियों के मद्देनजर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के कई जिलों में 29 अक्टूबर यानी गुरुवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। रायपुर में शासकीय और निजी स्कूलों के साथ कॉलेजों समेत अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी छुट्टी रहेगी। बिलासपुर, रायगढ़, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कांकेर, सूरजपुर और बलरामपुर सहित कई जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। दुर्ग में भी छुट्टी बढ़ाने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें:- AI जवाब दे सकती है, लेकिन उसकी सत्यता परखना वैज्ञानिक की जिम्मेदारी, आंख मूंदकर न करें भरोसा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
इधर, कांकेर और बालोद जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश घोषित किया गया है। बालोद में छुट्टी के बावजूद बच्चों के पोषण आहार की व्यवस्था जारी रहेगी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर सूखा राशन वितरित करेंगी। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अगले 24 घंटे के दौरान बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, कांकेर, महासमुंद, नारायणपुर, रायपुर और सुकमा में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। बारिश के साथ गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। कुछ इलाकों में हवा की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना भी जताई गई है। इस बीच कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन और संबंधित विभागों को संभावित मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

रायपुर में स्कूल और कॉलेज बंद
चक्रवाती तूफान के प्रभाव और मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए रायपुर जिला प्रशासन ने 29 अक्टूबर को जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों समेत महाविद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार जिले की भौगोलिक सीमा में संचालित सभी सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों समेत संबंधित शैक्षणिक संस्थानों में गुरुवार को विद्यार्थियों के लिए एक दिन का अवकाश रहेगा। प्रशासन ने भारी बारिश, तेज हवाओं और प्रतिकूल मौसम के दौरान छात्रों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में होने वाली परेशानियों को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया है। (School Holiday in Chhattisgarh)
बिलासपुर में भी सभी स्कूल बंद
बिलासपुर जिले में भी चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए 29 अक्टूबर को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के तहत जिले के सभी शासकीय और अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल बंद रहेंगे। जिला प्रशासन के मुताबिक छात्रों की सुरक्षा और स्कूल आने-जाने के दौरान ठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। रायगढ़ जिले में भी भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर 29 अक्टूबर को सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के अनुमोदन पर जिला शिक्षा विभाग ने छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आदेश जारी किया है। (School Holiday in Chhattisgarh)
बलौदाबाजार में भी स्कूलों में छुट्टी
जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, जिले के सभी प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में गुरुवार को छुट्टी रहेगी। बलौदाबाजार जिले में चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव और अति बारिश की आशंका को देखते हुए 29 अक्टूबर को सभी स्कूल बंद रहेंगे। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने अवकाश संबंधी आदेश जारी किया है। इसके तहत जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल समेत हायर सेकेंडरी स्कूलों में छुट्टी रहेगी।प्रशासन ने छात्रों को खराब मौसम के दौरान स्कूल पहुंचने में होने वाली परेशानियों और बच्चों के स्वास्थ्य-सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। (School Holiday in Chhattisgarh)
बेमेतरा जिला प्रशासन अलर्ट, 29 अक्टूबर को स्कूल बंद
बेमेतरा जिले में भी मौसम में बदलाव और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 29 अक्टूबर को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संबंधित विभागों को आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से मौसम संबंधी सूचनाओं पर ध्यान देने, सतर्क रहने और अफवाहों पर विश्वास नहीं करने की अपील की है। कांकेर जिले में चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव और अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए 29 अक्टूबर को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर जिले के सभी शासकीय और अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में एक दिन की छुट्टी रहेगी।
सूरजपुर और बलरामपुर में भी स्कूलों में अवकाश
महिला और बाल विकास विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी गुरुवार को बंद रहेंगे। प्रशासन ने बच्चों को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों तक आने-जाने में होने वाली संभावित परेशानियों समेत उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। सूरजपुर जिले में 29 अक्टूबर को सभी शासकीय और निजी स्कूल बंद रहेंगे। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक दिन का अवकाश घोषित किया है। इसी तरह बलरामपुर जिले में भी चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किया है। प्रशासन के अनुसार बारिश के कारण दूरदराज के क्षेत्रों में स्थित स्कूलों तक छात्रों को पहुंचने में कठिनाई हो सकती है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
बालोद में आंगनबाड़ी केंद्र बंद, घर-घर पहुंचेगा सूखा राशन
बालोद जिले में भी चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर 29 अक्टूबर को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। इससे पहले 28 अक्टूबर को भी केंद्रों में छुट्टी घोषित की गई थी। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर महिला और बाल विकास विभाग ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। हालांकि छुट्टी के दौरान भी बच्चों के पोषण आहार की व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी। प्रशासन के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं 29 अक्टूबर को घर-घर जाकर हितग्राहियों को सूखा राशन यानी टेक-होम राशन वितरित करेंगी। आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे, लेकिन परियोजना कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि विभागीय और प्रशासनिक कामकाज जारी रह सके।
दुर्ग में छुट्टी बढ़ी, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने क्या कहा ?
दुर्ग जिले में चक्रवाती तूफान अर्नब के संभावित प्रभाव को देखते हुए स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया था। इसके बाद स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का बयान सामने आया है। मंत्री ने कहा कि चक्रवाती तूफान का प्रभाव छत्तीसगढ़ में भी दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने एक दिन की छुट्टी घोषित की है। उन्होंने कहा कि अगर आने वाले समय में मौसम इसी तरह खराब रहता है और भारी बारिश की संभावना बनी रहती है तो स्थानीय स्तर पर कलेक्टरों को स्कूलों में दो दिन तक छुट्टी बढ़ाने का अधिकार दिया गया है। दुर्ग जिले में भी दो दिन की छुट्टी बढ़ाने की जानकारी सामने आई है। इस बयान के बाद खराब मौसम की स्थिति में अन्य जिलों में भी स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार छुट्टी बढ़ाए जाने की संभावना बनी हुई है। (School Holiday in Chhattisgarh)
मौसम को देखते हुए बरतें सावधानी: प्रशासन
चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नागरिकों को मौसम विभाग की चेतावनियों और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं और भारी बारिश की स्थिति में अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के पास खड़े नहीं होने के साथ जलभराव वाले रास्तों से गुजरने में सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों से संपर्क करें और अपुष्ट सूचनाओं या अफवाहों पर भरोसा न करें। फिलहाल प्रदेश के कई जिलों में छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। मौसम की स्थिति आगे कैसी रहती है, इसके आधार पर जिला प्रशासन अतिरिक्त निर्णय ले सकता है। अभिभावकों को अपने जिले के आधिकारिक आदेशों और मौसम संबंधी ताजा सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।



