चक्रवात अर्नब से किसानों की बढ़ी चिंता, पककर तैयार धान पर बारिश का खतरा, कटाई और भंडारण में बरतें सावधानी

Paddy Crop Protection Advisory: खरीफ सीजन की फसलें पककर तैयार होने के बीच चक्रवात अर्नब के प्रभाव ने छत्तीसगढ़ के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की आशंका के बीच खेतों में खड़ी धान की फसल, कटाई के बाद खुले में रखी उपज और भंडारित अनाज को नुकसान पहुंचने का खतरा है। बेमेतरा, महासमुंद और दंतेवाड़ा जैसे इलाकों से भी किसानों की चिंता सामने आई है। मौसम की इस स्थिति को देखते हुए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने धान समेत अन्य खरीफ फसलों, सब्जियों, बागवानी फसलों और पशुधन की सुरक्षा के लिए विशेष सलाह जारी की है।
यह भी पढ़ें:- CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में ‘अर्नब’ का असर, 5 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट; कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
कृषि मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए धान, मक्का और तिलहन समेत उन खरीफ फसलों की जल्द कटाई की जानी चाहिए, जो पककर तैयार हो चुकी हैं, जिन किसानों ने कटाई शुरू कर दी है, उन्हें कटी हुई फसल को खेतों में खुले में छोड़ने के बजाय जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की सलाह दी गई है। खेतों में खड़ी फसलों की नियमित निगरानी करना भी जरूरी है। तेज हवा और बारिश के कारण फसल गिरने समेत खेतों में पानी भरने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की समुचित व्यवस्था करने और फसलों को गिरने से बचाने के लिए जरूरी उपाय अपनाने पर जोर दिया गया है। हालांकि दंतेवाड़ा जिले में किसानों को चक्रवात का असर खत्म होने तक धान की कटाई रोकने की अपील की गई है। ऐसे में किसानों को अपने क्षेत्र की वास्तविक मौसम स्थिति और स्थानीय प्रशासन की सलाह के अनुसार ही कटाई का फैसला करना चाहिए।
खुले में रखी उपज बारिश में हो सकती है खराब
फसल की कटाई के बाद उपज को सुरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। बारिश से अनाज में नमी बढ़ने पर उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और भंडारण के दौरान खराब होने की आशंका बढ़ जाती है। कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने किसानों को जल्दी खराब होने वाली कृषि उपज को ढंककर रखने समेत अनाज को साफ, हवादार और सुरक्षित स्थान पर भंडारित करने की सलाह दी है।भंडारण से पहले अनाज को उपयुक्त नमी स्तर तक सुखाना जरूरी है। गोदाम या भंडारण स्थल की छत और फर्श की स्थिति जांचने के साथ पानी की निकासी की व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी चाहिए। बीजों को सुरक्षित रखने से पहले उनकी अंकुरण क्षमता और कीट प्रबंधन पर ध्यान देने को कहा गया है, ताकि अगले फसल चक्र के लिए बीजों की गुणवत्ता बनी रहे। मौसम साफ होने तक फसलों में कीटनाशक और खरपतवारनाशक का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है। बारिश की संभावना के बीच अनावश्यक छिड़काव से बचना किसानों के लिए जरूरी है। (Paddy Crop Protection Advisory)
रबी फसलों की बुआई नवंबर के पहले हफ्ते से करने की सलाह
बारिश की आशंका को देखते हुए गेहूं, चना और मसूर जैसी रबी फसलों की बुआई फिलहाल स्थगित रखने की सलाह दी गई है। कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मौसम साफ होने के बाद नवंबर के पहले हफ्ते में रबी फसलों की बुआई शुरू की जा सकती है।किसानों को सलाह दी गई है कि वे सिर्फ निर्धारित कैलेंडर के आधार पर जल्दबाजी में बुआई न करें, बल्कि खेतों की नमी, मौसम की स्थिति और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखकर कृषि कार्यों की योजना बनाएं। बारिश के बाद खेतों में ज्यादा नमी या जलभराव होने की स्थिति में बुआई के काम पर असर पड़ सकता है। बेमेतरा जिले में आसमान में बादल छाने और कई इलाकों में हल्की बारिश होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। जिले में धान की फसल पककर तैयार हो रही है। अगर बारिश तेज होती है तो खेतों में खड़ी और कटाई के लिए तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। इसके साथ ही अरहर और तीवरा जैसी दलहन फसलों पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
सब्जियों और बागवानी फसलों को भी बचाने की जरूरत
महासमुंद में भी कल सुबह से हल्की बूंदाबांदी हो रही है। यहां धान की फसल तैयार होने के दौर में है, ऐसे में किसानों को आशंका है कि बारिश बढ़ने पर उनकी मेहनत प्रभावित हो सकती है। दंतेवाड़ा में भी पकी धान की फसल को लेकर किसानों ने चिंता जताई है। तेज आंधी और बारिश होने पर फसल के गिरने तथा उपज को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। चक्रवात के प्रभाव से सिर्फ धान ही नहीं, बल्कि सब्जियों और बागवानी फसलों पर भी असर पड़ सकता है। कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने जिन सब्जियों और बागवानी फसलों की उपज पक चुकी है, उनकी जल्द तुड़ाई कर सुरक्षित तरीके से बाजार भेजने की सलाह दी है। बागवानी फसलों में उर्वरकों का इस्तेमाल मौसम साफ होने के बाद करने को कहा गया है। रबी मौसम की सब्जियों, विशेषकर फूलगोभी, ब्रोकोली, चुकंदर और पत्तागोभी की बुआई समेत रोपाई नवंबर के प्रथम सप्ताह से शुरू करने की सलाह दी गई है। (Paddy Crop Protection Advisory)
आलू में झुलसा रोग का खतरा
तेज हवाओं से करेला, लौकी और अन्य बेल वाली सब्जियों की लताओं को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए किसानों को इन फसलों को उचित सहारा देने की व्यवस्था करनी चाहिए। केले के पौधों में फूल या फल आने की अवस्था में बांस का सहारा देने और खेतों में जल निकासी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है। बारिश के बाद सब्जियों और बागवानी फसलों में रोगों का खतरा बढ़ सकता है। कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने किसानों को फसलों का नियमित निरीक्षण करने की सलाह दी है। विशेष रूप से आलू की फसल में बारिश के बाद झुलसा रोग की आशंका को देखते हुए निगरानी रखने को कहा गया है। अगर सब्जियों या बागवानी फसलों में कीट या बीमारी के लक्षण दिखाई देते हैं तो मौसम साफ होने के बाद ही उपयुक्त कीटनाशकों और फफूंदनाशकों का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। किसानों को फसल की स्थिति के अनुसार आवश्यक नियंत्रण उपाय अपनाने चाहिए।
पशुओं के लिए सूखा चारा और सुरक्षित ठिकाने का करें इंतजाम
खराब मौसम के दौरान पशुधन की सुरक्षा को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने पशुपालकों को पशुओं को सूखे और सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है। तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका के समय पशुओं को पेड़ों के नीचे नहीं बांधना चाहिए। पशुओं के लिए स्वच्छ पेयजल और सूखे चारे की पर्याप्त व्यवस्था रखने के साथ हरा चारा, सूखा चारा समेत पशु आहार को भी सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा गया है। बारिश के कारण चारे में नमी आने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।पशुओं में अचानक सुस्ती, भूख कम लगना, दस्त या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर पशु चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। खराब मौसम के दौरान पशुओं के रहने की जगह और चारे की स्थिति की नियमित जांच करना भी जरूरी है। (Paddy Crop Protection Advisory)
मौसम की जानकारी लेकर ही तय करें अगला कृषि कार्य
कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने किसानों से बदलते मौसम के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाने की अपील की है। किसानों को मौसम का ताजा पूर्वानुमान देखते रहने, खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने और कटी हुई फसल को समय पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की सलाह दी गई है। तेज बारिश, आंधी या बिजली गिरने की आशंका के दौरान अनावश्यक रूप से खेतों में जाने से बचना चाहिए। चक्रवात का असर कितना होगा, यह स्थानीय मौसम परिस्थितियों पर निर्भर करेगा, इसलिए किसानों के लिए अपने क्षेत्र की चेतावनियों पर ध्यान देना जरूरी है। समय पर कटाई, सुरक्षित भंडारण, खेतों से पानी की निकासी और पशुधन की देखभाल जैसे छोटे लेकिन जरूरी कदम संभावित नुकसान को कम करने में मदद कर सकते हैं। फिलहाल किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती पककर तैयार फसल को सुरक्षित रखना और मौसम साफ होने तक आगे की खेती की योजना सावधानी से बनाना है।



