Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में चक्रवात अर्नब का अलर्ट, भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी, CM साय ने कहा- जरूरत पड़ने पर तुरंत पहुंचेगी बचाव टीम

Cyclone Alert in Chhattisgarh: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मौसम को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की आशंका के बीच जिला प्रशासन ने राहत बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को सावधान किया जा रहा है, जबकि संभावित बाढ़ और जलभराव से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष सक्रिय किए गए हैं। दंतेवाड़ा में रेड अलर्ट घोषित किए जाने के साथ स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। वहीं बस्तर के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जंगल सफारी को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें:- चक्रवात अर्नब से किसानों की बढ़ी चिंता, पककर तैयार धान पर बारिश का खतरा, कटाई और भंडारण में बरतें सावधानी

मौसम विभाग के मुताबिक आज बस्तर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, कोरिया और कोरबा जिलों में एक-दो जगहों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद और रायपुर में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 30 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, मुंगेली, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और बिलासपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

रायपुर में राहत और बचाव की तैयारियां तेज

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए रायपुर जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मौसम की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। गांवों में मुनादी के माध्यम से लोगों को भारी बारिश, तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और जलभराव के खतरों की जानकारी दी जा रही है। राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत और विद्युत विभाग समेत संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर राहत बचाव कार्य तत्काल शुरू करने के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अग्निशमन दलों को सतर्क रहने को कहा गया है। निचले इलाकों, नदी-नालों, तालाबों और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है। आम नागरिकों को किसी भी आवश्यक सहायता या जानकारी के लिए रायपुर जिला नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 0771-2413233 पर संपर्क करने को कहा गया है।

जरूरत पड़ने पर तुरंत पहुंचेगी बचाव टीम: मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चक्रवात की आशंका को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तैयार हैं। जरूरत पड़ने पर संबंधित स्थानों पर तत्काल सहायता पहुंचाई जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी जिलों के कलेक्टरों को अलर्ट किया गया है और किसानों समेत आम लोगों को संभावित तेज बारिश के मद्देनजर सतर्क रहने की जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार है। सक्ती जिले में संभावित बारिश, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए जिला स्तरीय समेत तहसील स्तरीय आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर जारी किए गए हैं। जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का नंबर 07752-299304 है। इसे 24 घंटे सक्रिय रखने की व्यवस्था की गई है, ताकि आपात स्थिति में लोगों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जा सके। तहसील चंद्रपुर के लिए 9131970250, डभरा के लिए 9340469014, हसौद के लिए 9301102940, मालखरौदा के लिए 7697275477, अड़भार के लिए 7354478320, जैजैपुर के लिए 7806074071, भोथिया के लिए 6263081370 और नया बाराद्वार के लिए 9244008369 नंबर जारी किए गए हैं। नागरिक आपदा से जुड़ी सूचना देने, सहायता मांगने या आपात स्थिति की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

बालोद में राहत शिविर चिह्नित, राशन का इंतजाम

बालोद जिले में संभावित भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित हो सकने वाले गांवों में तैयारियां शुरू कर दी हैं। जनपद पंचायत गुरूर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीएल धुर्वे ने धनेली, मुड़पार, बासीन, अकलतरा और फागुन्दाह गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से चर्चा की। लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना देने की समझाइश दी गई। संभावित आपदा के दौरान ग्रामीणों को सुरक्षित रखने के लिए ग्राम पंचायतों ने राहत शिविर चिह्नित किए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सहायता देने के उद्देश्य से प्रति पंचायत एक क्विंटल राशन सहित जरूरी राहत सामग्री की व्यवस्था भी की गई है। बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और राहत संबंधी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। (Cyclone Alert in Chhattisgarh)

दंतेवाड़ा में रेड अलर्ट, स्कूल और आंगनबाड़ी दो दिन बंद

दंतेवाड़ा जिले में देर रात से कुछ इलाकों में हल्की बारिश और हवाएं चलने की सूचना है। सुबह आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। चक्रवात की आशंका को देखते हुए जिले में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने ग्रामीण इलाकों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सूचना दी है। राजस्व आपदा प्रबंधन अमले के साथ नगर सेना और एसडीआरएफ को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। फिलहाल जिले में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है और हवाओं की गति सामान्य बताई गई है, लेकिन मौसम में बदलाव को देखते हुए निगरानी जारी है। बाढ़ जैसी परिस्थितियों में स्थानीय स्तर पर तुरंत मदद उपलब्ध कराने के लिए बिलासपुर जिले में 57 लोगों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें कोटवार, मछुआरे, गोताखोर और कुशल तैराक शामिल हैं। अग्निशमन, आपातकालीन सेवाएं समेत एसडीआरएफ प्रशिक्षण केंद्र, परसदा में 26 से 30 अक्टूबर तक पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

बस्तर में जंगल सफारी बंद, पर्यटकों की सुरक्षा प्राथमिकता

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मोटर बोट चलाने, पानी में डूबते लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, तैराकी की अलग-अलग तकनीकों और लाइफ जैकेट तथा लाइफ ब्वॉय के सही उपयोग की जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य बाढ़ या जलभराव जैसी आपात परिस्थितियों में स्थानीय स्तर पर ही प्रशिक्षित लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू करना है। लगातार बारिश और चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए बस्तर जिले के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में जंगल सफारी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। हाल ही में 20 अक्टूबर को कुटुमसर गुफा और जंगल सफारी को पर्यटकों के लिए खोला गया था। अब मौसम की स्थिति को देखते हुए उद्यान प्रबंधन ने सुरक्षा के लिहाज से यह निर्णय लिया है। प्रबंधन के अनुसार मौसम सामान्य होने पर पर्यटन गतिविधियां दोबारा शुरू की जाएंगी। (Cyclone Alert in Chhattisgarh)

अफवाहों से बचें, खराब मौसम में अनावश्यक बाहर न निकलें

बारिश के मौसम में सुरक्षा कारणों से कुटुमसर गुफा और जंगल सफारी को बंद रखने की व्यवस्था पहले भी की जाती रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। नदी-नालों, तालाबों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें। तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें तथा पेड़ों के नीचे आश्रय न लें। मौसम संबंधी जानकारी के लिए अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करने और अफवाहों से बचने की सलाह दी गई है। संभावित बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति पर नजर रखना जरूरी होगा। प्रशासनिक तैयारियों के साथ आम लोगों की सतर्कता भी नुकसान को कम करने में अहम भूमिका निभा सकती है। (Cyclone Alert in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!