रायपुर में ED की फिर बड़ी दबिश, शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर के घर पहुंची टीम
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर कार्रवाई तेज कर दी है। ED की अलग-अलग टीमें शहर के 3 से 4 ठिकानों पर एक साथ जांच कर रही हैं। इस कार्रवाई के दौरान चर्चित शराब घोटाला मामले के आरोपी अनवर ढेबर के आवास पर भी ED के अधिकारी पहुंचे हैं। सुबह से ही टीम दस्तावेजों की जांच और पूछताछ में जुटी हुई है।
अनवर ढेबर के आवास पर ED की दबिश
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह ED की टीमें अलग-अलग स्थानों पर पहुंचीं और जांच शुरू की। अनवर ढेबर के आवास पर भी अधिकारियों की टीम ने दस्तावेजों की पड़ताल की है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए घर के बाहर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
हालांकि, ED की इस ताजा कार्रवाई के पीछे की वजह, संभावित मनी लॉन्ड्रिंग कनेक्शन और जांच के दायरे को लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक बयान जारी होने के बाद ही कार्रवाई की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
पहले भी कारोबारी ठिकानों पर हो चुकी है छापेमारी
गौरतलब है कि इससे पहले भी ED रायपुर और दुर्ग में कारोबारी ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है। हाल ही में रायपुर के पंडरी क्षेत्र स्थित रवि नगर के सुशील विला में कारोबारी नितिन डागा के आवास पर ED की टीम पहुंची थी। दो वाहनों में पहुंची अधिकारियों की टीम ने वहां दस्तावेजों की जांच की थी।
इसी तरह दुर्ग के ऋषभ ग्रीन सिटी में ट्रांसपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े गुलशन बघेल के आवास पर भी ED ने दबिश दी थी। करीब 10 सदस्यीय अधिकारियों की टीम सुबह लगभग 6 बजे उनके E-701 स्थित आवास पर पहुंची थी और कई दस्तावेजों की पड़ताल की थी।
ED की कार्रवाई से राजधानी में हलचल
रायपुर में शुक्रवार को हुई ताजा कार्रवाई के बाद एक बार फिर शराब घोटाला मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल ED की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर जांच में जुटी हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच के दौरान कौन से नए तथ्य सामने आते हैं और आगे की कार्रवाई किस दिशा में बढ़ती है।



