छत्तीसगढ़ में EOW-ACB की बड़ी कार्रवाई, रायपुर, बिलासपुर, भिलाई, दुर्ग और गरियाबंद समेत कई जगहों पर एक साथ दबिश

Chhattisgarh EOW ACB Action: छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले, कोल लेवी स्कैम और CGMSC से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में शुक्रवार सुबह जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की। EOW (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) और ACB (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) की टीमों ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कारोबारियों के घरों, कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर एक साथ दबिश दी। रायपुर, भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग और गरियाबंद समेत कई स्थानों पर जांच जारी है। राजधानी रायपुर में शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बैरन बाजार स्थित आवास और VIP स्टेट में रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के ठिकाने पर टीम पहुंची। वहीं राजनांदगांव में कारोबारी वैभव गोलछा और जय बग्गा के घर एवं व्यावसायिक परिसरों की जांच की जा रही है। भिलाई में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह और बिलासपुर में कोल कारोबार से जुड़े शाहबाज खान के ठिकाने पर भी कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।
गरियाबंद जिले के गोबरा नवापारा और राजिम में कारोबारी विमल पारख और राजा पारख से जुड़े प्रतिष्ठानों पर भी जांच की जा रही है। अलग-अलग मामलों से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय लेन-देन और डिजिटल उपकरणों की पड़ताल की जा रही है। राजधानी रायपुर में जांच एजेंसियों की कार्रवाई के तहत शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बैरन बाजार स्थित आवास पर टीम पहुंची। वहीं VIP स्टेट में रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के घर भी EOW की टीम ने दबिश दी। सुदर्शन शर्मा के ठिकाने पर कार्रवाई को शराब घोटाले की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। जांच टीम घर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य संबंधित जानकारियों की पड़ताल कर रही है। राजधानी में तीन से चार स्थानों पर कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। अनवर ढेबर का नाम पहले भी शराब घोटाले की जांच में सामने आ चुका है। (Chhattisgarh EOW ACB Action)
राजनांदगांव में वैभव गोलछा और जय बग्गा के ठिकानों पर छापा
राजनांदगांव में रायपुर से पहुंची करीब 20 अधिकारियों की टीम ने दो कारोबारियों के घर और व्यावसायिक परिसरों में एक साथ दबिश दी। पहली टीम ने शहर की पॉश कॉलोनी सनसिटी के बी-ब्लॉक स्थित कारोबारी वैभव गोलछा के मकान में जांच शुरू की। वहीं दूसरी टीम ने लालबाग क्षेत्र में कारोबारी जय बग्गा के घर और व्यावसायिक परिसर पर छापा मारा। दोनों कारोबारियों के ठिकानों पर सुबह से ही जांच जारी रही। इन कारोबारियों को पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा का करीबी बताया जा रहा है। टीमों की ओर से दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड और मोबाइल फोन, लैपटॉप समेत अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है। कार्रवाई का संबंध शराब और कोल घोटाले की जांच से बताया जा रहा है। भिलाई-3 के वसुंधरा नगर में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के आवास पर शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे EOW और ACB की टीम पहुंची। यहां करीब पांच से छह अधिकारियों की टीम जांच में जुटी हुई है। जांच एजेंसियां ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की पड़ताल कर रही हैं। (Chhattisgarh EOW ACB Action)
बिलासपुर में कोल कारोबारी शाहबाज खान के ठिकाने पर छापा
बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोल कारोबार से जुड़े शाहबाज खान के आवास पर भी EOW और ACB की टीम ने दबिश दी। कोल लेवी स्कैम की जांच के सिलसिले में उनके घर और अन्य संबंधित ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है। टीम कारोबार से जुड़े दस्तावेजों, लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच कर रही है। गरियाबंद जिले में भी जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी है। गोबरा नवापारा और राजिम में कारोबारी विमल पारख और राजा पारख से जुड़े ठिकानों पर EOW और ACB की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जांच के दायरे में शांति विजय, नवकार ज्वेलर्स और राजा पारख का आवास शामिल बताया जा रहा है। कोल लेवी स्कैम से जुड़े मामले में इन प्रतिष्ठानों और कारोबार से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। प्रदेश में शुक्रवार सुबह हुई इस कार्रवाई को शराब घोटाले, कोल लेवी स्कैम और CGMSC से जुड़े मामलों की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अलग-अलग शहरों में एक साथ पहुंची टीमों ने कारोबारियों के आवास, कार्यालय और प्रतिष्ठानों में जांच शुरू की है।



