छत्तीसगढ़ में मुरासु तूफान का असर, आज 19 और कल 15 जिलों में येलो अलर्ट, बस्तर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी

Chhattisgarh Weather News: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान मुरासु का असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है और अगले दो दिनों तक कई जिलों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 3 नवंबर को प्रदेश के 19 जिलों और 4 नवंबर को 15 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी आशंका है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
यह भी पढ़ें:- भारत और इजराइल के बीच 8,000 करोड़ रुपए की डिफेंस डील, ‘विरुपक्ष’ रडार से उड़ी ड्रैगन-पाकिस्तान की नींद
अर्नब तूफान के करीब चार दिन बाद चक्रवाती तूफान मुरासु आंध्र प्रदेश के ओंगोल के पास तट से टकराया। इस दौरान करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। इसका असर अब छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश में बादलों की आवाजाही बढ़ी है और कई इलाकों में बारिश की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग ने आज बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, बालोद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, महासमुंद, सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़ और जशपुर जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें बस्तर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का खतरा भी बना हुआ है। वहीं अन्य जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
4 नवंबर को इन 15 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक 4 नवंबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। इस दिन सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी, गरियाबंद, बालोद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और महासमुंद में येलो अलर्ट रहेगा। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में एक-दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान जगदलपुर में सबसे ज्यादा 22 मिलीमीटर बारिश हुई। राजधानी रायपुर में सोमवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। आसमान में बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। प्रदेश के प्रमुख शहरों में तापमान की बात करें तो रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (Chhattisgarh Weather News)
तापमान में उतार-चढ़ाव, पेंड्रारोड सबसे ठंडा
बिलासपुर में अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम 21.2 डिग्री रहा। पेंड्रारोड में अधिकतम तापमान 29.9 और न्यूनतम 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 29.8 और न्यूनतम 17.2 डिग्री, जगदलपुर में अधिकतम 25.8 और न्यूनतम 21.1 डिग्री, दुर्ग में अधिकतम 29.6 और न्यूनतम 17.2 डिग्री तथा राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। एक-दो जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले जगहों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। (Chhattisgarh Weather News)



