Google Analytics —— Meta Pixel

मुरासु तूफान से बदला रायपुर का मौसम, सोमवार को कई इलाकों में बूंदाबांदी, आज भी बारिश के आसार

Raipur Weather Update: चक्रवाती तूफान मुरासु का असर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी दिखाई देने लगा है। सोमवार शाम अचानक मौसम बदला और आसमान में बादल छा गए। शहर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि प्रदेश में फिलहाल बारिश का प्रभाव सीमित रहा और एक-दो जगहों पर ही हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। चक्रवाती तूफान मुरासु के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ने और बारिश के अनुकूल परिस्थितियां बनने लगी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले समय में राजधानी समेत मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में मुरासु तूफान का असर, आज 19 और कल 15 जिलों में येलो अलर्ट, बस्तर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक आज राजधानी रायपुर में आसमान में बादल छाए रहेंगे। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मुरासु तूफान के असर को देखते हुए मौसम विभाग ने 3 नवंबर को रायपुर समेत प्रदेश के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, बालोद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, महासमुंद, सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़ और जशपुर शामिल हैं। बस्तर संभाग में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं रायपुर और आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। (Raipur Weather Update)

जगदलपुर में 22 मिमी बारिश, रायपुर में 30.2 डिग्री तापमान

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश जगदलपुर में दर्ज की गई। यहां 22 मिलीमीटर बारिश हुई। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य शहरों में बिलासपुर का अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम 21.2 डिग्री, पेंड्रारोड का अधिकतम 29.9 और न्यूनतम 16.6 डिग्री तथा अंबिकापुर का अधिकतम 29.8 और न्यूनतम 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 25.8 और न्यूनतम 21.1 डिग्री, दुर्ग में 29.6 और 17.2 डिग्री तथा राजनांदगांव में अधिकतम 30 और न्यूनतम 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 4 नवंबर को भी प्रदेश के 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी, गरियाबंद, बालोद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और महासमुंद शामिल हैं। इन जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है।

50 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि एक-दो जगह भारी बारिश की भी आशंका है। बिजली गिरने की चेतावनी को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है। मुरासु तूफान के असर से छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक बादलों की आवाजाही और बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में राजधानी रायपुर समेत मध्य और दक्षिणी हिस्सों के लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिल सकती है। आंध्र प्रदेश में तूफान के असर के बाद छत्तीसगढ़ के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। अब सबकी नजर अगले 48 घंटों के मौसम पर रहेगी, जब प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। (Raipur Weather Update)

Back to top button
error: Content is protected !!