400 से ज्यादा D.Ed अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री का घेरा बंगला, पुलिस ने घसीटकर बस में भरा

DEd Candidates Protest: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में D.Ed अभ्यर्थियों का आंदोलन गुरुवार को एक बार फिर तेज हो गया। 2,300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर 400 से अधिक अभ्यर्थियों ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव कर दिया। अभ्यर्थी अपने परिवार के सदस्यों और छोटे बच्चों के साथ मंत्री के निवास पहुंचे और बंगले के अंदर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करने की मांग की। अभ्यर्थी गुरुवार तड़के ही मंत्री के बंगले पहुंच गए थे। देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुट गए। बंगले के अंदर और बाहर अभ्यर्थियों ने नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि पिछले 321 दिनों से वे नियुक्ति की मांग को लेकर तूता धरना स्थल पर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांग पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि जब तक नियुक्ति की तारीख घोषित नहीं होगी, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में दिनदहाड़े युवक की चाकू मारकर हत्या, बालोद में 5-6 लोगों पर धारदार हथियार से हमला
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने मंत्री के बंगले में धरने पर बैठे अभ्यर्थियों को बाहर निकालना शुरू किया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हाथ-पैर पकड़कर उठाया गया, जबकि कुछ को घसीटते हुए बसों तक ले जाया गया। इसके बाद सभी को बसों में बैठाकर तूता धरना स्थल पहुंचाया गया। प्रदर्शन में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। कार्रवाई के दौरान बंगले के बाहर काफी देर तक पुलिस बल तैनात रहा। D.Ed अभ्यर्थियों का कहना है कि सहायक शिक्षक के 2,300 रिक्त पदों पर पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति होनी चाहिए। उनका आरोप है कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है। लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार बार-बार आश्वासन देने के बजाय अब नियुक्ति की स्पष्ट समय-सीमा तय करे। उनके मुताबिक यह केवल नौकरी का मामला नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य और सम्मान से जुड़ा विषय है। (DEd Candidates Protest)
सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर चिंतित: साव
D.Ed अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि अभ्यर्थियों से कई बार बातचीत हो चुकी है। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर सरकार चिंतित है और अलग-अलग विभागों में भर्तियां भी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अभ्यर्थियों के विषय को संज्ञान में लिया है। हालांकि, अभ्यर्थी फिलहाल 2,300 पदों पर नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करने की मांग पर अड़े हुए हैं। D.Ed अभ्यर्थी 24 दिसंबर 2025 से रायपुर के तूता धरना स्थल पर नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कई बार अलग-अलग तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कभी घुटनों के बल चलकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की तो कभी तालाब में जल समाधि लेने का प्रयास किया। इसके अलावा मंत्री आवास तक रैली निकालने, संविधान रैली और नुक्कड़ नाटक के जरिए भी अपनी मांग उठाई। लंबा समय बीतने के बावजूद नियुक्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बनी हुई है। (DEd Candidates Protest)




