Google Analytics —— Meta Pixel

बस्तर में 2.38 करोड़ का गांजा जब्त, 3 नाबालिग समेत 7 तस्कर गिरफ्तार, कपड़ों की गठरियों के बीच छिपाई थी गांजे की 15 बोरियां

Ganja Smuggling in Bastar: छत्तीसगढ़ के बस्तर में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। बोधघाट पुलिस ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही 476 किलो 500 ग्राम गांजे की बड़ी खेप जब्त की है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में 3 नाबालिगों समेत कुल 7 आरोपियों को पकड़ा है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए पिकअप के आगे बाइक से पायलटिंग की व्यवस्था की थी। वहीं गांजे को कपड़ों की गठरियों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था। एएसपी सुखनंदन राठौर के मुताबिक 5 नवंबर को बोधघाट पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी से कुरंदी के रास्ते एक सफेद पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम अड़ावाल रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

यह भी पढ़ें:- पत्नी के साथ 15 साल के लड़के को आपत्तिजनक हालत में देखकर भड़का पति, डंडे से दोनों को जमकर पीटा, अस्पताल में नाबालिग ने तोड़ा दम

इसी दौरान पुलिस को बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। दोनों संदिग्ध पिकअप वाहन के आगे चल रहे थे और रास्ते पर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसकी पायलटिंग कर रहे थे। कुछ देर बाद पीछे से आ रहे पिकअप वाहन को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वाहन सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पहले से की गई घेराबंदी के कारण सभी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने पिकअप वाहन की तलाशी ली तो उसमें कपड़ों की गठरियों के बीच गांजे की बोरियां छिपाकर रखी गई थी। कुल 15 बोरियों से 450 पैकेट गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर इसका कुल वजन 476 किलो 500 ग्राम निकला। जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है। तस्करों ने कपड़ों की कंसाइनमेंट की आड़ में गांजे की तस्करी करने की योजना बनाई थी, ताकि सामान्य माल परिवहन की तरह दिखाकर पुलिस की नजरों से बचा जा सके। पुलिस ने गांजे के अलावा एक पिकअप वाहन, एक बाइक, 6 पुराने टचस्क्रीन मोबाइल फोन और 1500 रुपए नकद भी जब्त किए हैं। (Ganja Smuggling in Bastar)

ओडिशा के एक ही गांव के रहने वाले हैं सभी आरोपी

इस मामले में पकड़े गए आरोपियों की पहचान भगवान पांगी (25), घांसी खिलो (21), रोहिणी गल्लौरी (27) और चित्रसेन गल्लौरी (22) के रूप में हुई है। इनके साथ तीन नाबालिगों को भी पुलिस ने पकड़ा है। सभी आरोपी ओडिशा के मलकानगिरी जिले के कोरकोंडा थाना क्षेत्र के कांटामाड़ी गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास गांजे के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने जांच के दौरान उस व्यक्ति की पहचान भी कर ली है, जिसके लिए गांजे की यह खेप उत्तर प्रदेश भेजी जा रही थी। पुलिस का कहना है कि गांजा मंगाने वाले व्यक्ति को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। बोधघाट पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस अब इस मामले में गांजे की सप्लाई चेन, परिवहन के नेटवर्क और खेप के अंतिम खरीदार तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!