Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में साढ़े 3 करोड़ का गांजा जब्त, गढ़िया पहाड़ के पास 70 बोरियां फेंककर भागे तस्कर

Chhattisgarh Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ 54 लाख रुपए का गांजा जब्त किया है। कांकेर के गढ़िया पहाड़ के पास तस्कर पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही गांजे की बोरियां फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 2 क्विंटल 80 किलो गांजा बरामद किया है। वहीं केशकाल में पुलिस ने एक कार की तलाशी के दौरान 407 किलो 910 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। दोनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल करीब 688 किलो गांजा जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 54 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क, गांजे के स्रोत और इसके परिवहन में शामिल अन्य आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।

कहां कितना गांजा मिला ?

पुलिस की दोनों कार्रवाइयों में कांकेर के गढ़िया पहाड़ के पास से 70 बोरियों में 280 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपए आंकी गई है। वहीं, केशकाल में कार से 78 पैकेट में 407 किलो 910 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपए बताई गई है। इस तरह दोनों मामलों में कुल 687 किलो 910 ग्राम गांजा जब्त किया गया है। पहली कार्रवाई कांकेर के कोतवाली थाना क्षेत्र के सिगारभाट स्थित गढ़िया पहाड़ के पास हुई। यहां पुलिस ने लावारिस हालत में गांजे की 70 बोरियां बरामद कीं। इनका कुल वजन 2 क्विंटल 80 किलो है और अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपए बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक 5 नवंबर को पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। बताया जा रहा है कि तस्कर ओडिशा से विश्रामपुरी और केशकाल के रास्ते कांकेर पहुंचे थे। गांजा तस्करी की सूचना मिलने के बाद केशकाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। इसकी जानकारी कांकेर पुलिस को भी दी गई थी। इसके बाद दोनों जिलों की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। (Chhattisgarh Ganja Smuggling)

यह भी पढ़ें:- बस्तर में 2.38 करोड़ का गांजा जब्त, 3 नाबालिग समेत 7 तस्कर गिरफ्तार, कपड़ों की गठरियों के बीच छिपाई थी गांजे की 15 बोरियां

बताया जा रहा है कि तस्करों को पुलिस की घेराबंदी की भनक लग गई थी। इसके बाद वे गढ़िया पहाड़ के पास सुनसान जगह पर गांजे की बोरियां फेंककर फरार हो गए। मुखबिर की सूचना पर मौके पर पहुंची कांकेर पुलिस ने गांजे को जब्त कर लिया। कांकेर SDOP हरीश पाटिल के मुताबिक, संदिग्ध गतिविधियों की जांच के दौरान पुलिस को गांजा मिला है। तस्करी में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियों की पहचान कर ली गई है। इनमें से एक कार के ड्राइवर को भी चिह्नित किया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। दूसरी कार्रवाई केशकाल में 3 नवंबर को की गई। पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके आधार पर एक कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपए आंकी गई है। गांजा कुल 78 पैकेट में रखा गया था। तस्करों ने पैकेट को ड्राइवर सीट के पीछे और कार की डिक्की में छिपाया था। गांजे के पैकेट टेप से लपेटकर रखे गए थे, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। (Chhattisgarh Ganja Smuggling)

राजस्थान का युवक गिरफ्तार, कार में मिली दूसरी नंबर प्लेट

कार चला रहे युवक ने पूछताछ में अपना नाम दीपक कुमार माली (31) बताया। वह राजस्थान का रहने वाला है। पुलिस को कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई एक अतिरिक्त नंबर प्लेट भी मिली, जिस पर RJ-23-UB-8472 लिखा हुआ था। इसके अलावा आरोपी के पास से रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन और 1,100 रुपए नकद बरामद किए गए। पुलिस ने गांजा, कार, मोबाइल और अन्य सामान समेत कुल 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपए की संपत्ति जब्त की है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। केशकाल में यह कार्रवाई SP पंकज चंद्रा के निर्देश पर जिले में गांजा और शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है। गढ़िया पहाड़ के पास गांजा छोड़कर भागे तस्करों की तलाश की जा रही है। वहीं केशकाल में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर गांजे की सप्लाई और इसके पीछे सक्रिय अन्य लोगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!