Google Analytics —— Meta Pixel

CG Crime News : दिवाली से पहले मंदिरों में चोरों का आतंक, 24 घंटे में दो बार वारदात; दान पेटी और चांदी का मुकुट पार

CG Crime News :  दीपावली के त्योहार से पहले कोरबा में चोरों ने भगवान के मंदिरों को भी नहीं बख्शा। शहर में बेखौफ चोरों ने दो मंदिरों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। हैरानी की बात यह है कि सिविल लाइन थाना के पास स्थित हनुमान मंदिर में चोरों ने महज 24 घंटे के भीतर दो बार धावा बोला। यहां से दान पेटियां और चांदी का मुकुट चोरी कर लिया गया। वहीं, निहारिका साडा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी पार कर दी गई। लगातार सामने आई घटनाओं से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

आधी रात शिव मंदिर में चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

चोरी की पहली घटना निहारिका साडा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में हुई। जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 12 बजकर 13 मिनट पर एक चोर मंदिर के भीतर दाखिल हुआ। इसके बाद उसने दान पेटी का ताला तोड़ा और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गया।

चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। शहर की पॉश कॉलोनी में स्थित मंदिर को निशाना बनाए जाने से रहवासियों में नाराजगी है। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। (CG Crime News)

हनुमान मंदिर को बनाया निशाना, 24 घंटे में दो बार चोरी

दूसरी घटना सिविल लाइन थाना के पास स्थित हनुमान मंदिर की है। यहां चोरों के हौसले इतने बुलंद नजर आए कि उन्होंने 24 घंटे के भीतर दो बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि पहली बार आरोपी मंदिर की दो दान पेटियां चोरी कर ले गए। इसके बाद दोबारा मंदिर में घुसकर चांदी का मुकुट भी पार कर दिया। एक ही मंदिर में लगातार दो चोरी की घटनाओं ने स्थानीय श्रद्धालुओं को हैरान कर दिया है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी

दो मंदिरों में चोरी की घटनाओं की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मंदिरों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

दीपावली से पहले मंदिरों में हुई इन वारदातों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मंदिरों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोरों तक कब पहुंच पाती है। (CG Crime News)

Back to top button
error: Content is protected !!