Google Analytics —— Meta Pixel

दीपावली पर अस्पतालों में खास इंतजाम, मेकाहारा में OPD बंद, लेकिन इमरजेंसी सेवा रहेगी जारी, पटाखों से घायल आंखों का होगा मुफ्त इलाज

Diwali Hospital Safety Alert: दीपावली के त्योहार को देखते हुए राजधानी रायपुर के अस्पतालों में मरीजों की सुविधा और आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय यानी मेकाहारा में नरक चतुर्दशी यानी 7 नवंबर को ओपीडी की सेवाएं सामान्य रूप से संचालित है। वहीं 8 नवंबर और गोवर्धन पूजा के अवसर पर 9 नवंबर को ओपीडी बंद रहेगी। हालांकि दोनों दिन अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे चालू रहेंगी। इसके साथ ही दीपावली के दौरान पटाखों से आंखों में चोट लगने वाले लोगों के लिए फूल चौक स्थित रायपुर नेत्र चिकित्सालय में नि:शुल्क नेत्र शिविर भी लगाया जाएगा। मेकाहारा अस्पताल प्रबंधन ने दीपावली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट जारी किया है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी में 1501 पदों पर बंपर भर्ती, 26 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन; जानें किन पदों पर मिलेगी नौकरी

उन्होंने जरूरी दवाइयों, इंजेक्शन और जीवनरक्षक मेडिकल सामग्री का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा है। साथ ही इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराने के लिए डॉक्टरों, नर्सों और अन्य मेडिकल स्टाफ को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक नवंबर को नरक चतुर्दशी के दिन मरीजों को सामान्य दिनों की तरह ओपीडी की सुविधा मिल रही है। इसके बाद 8 नवंबर को रविवार और 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा का अवकाश होने के कारण ओपीडी बंद रहेगी। 10 नवंबर मंगलवार से ओपीडी की नियमित सेवाएं फिर शुरू हो जाएंगी। हालांकि, छुट्टियों के दौरान गंभीर और आपात स्थिति में आने वाले मरीजों को 24 घंटे इमरजेंसी में इलाज मिलता रहेगा। दीपावली के दौरान पटाखों से आंखों में चोट लगने की घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश मिश्र की ओर से इस साल भी नि:शुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया जा रहा है। (Diwali Hospital Safety Alert)

पटाखों की लापरवाही पड़ सकती है भारी

8 और 9 नवंबर को फूल चौक स्थित रायपुर नेत्र चिकित्सालय में यह शिविर लगाया जाएगा। यह लगातार 36वें साल आयोजित होने वाला शिविर है और इस बार इसका 71वां आयोजन होगा। इस शिविर की शुरुआत साल 1991 में की गई थी। उस समय दीपावली के दौरान डॉक्टरों की उपलब्धता कम होने और पटाखों से घायल मरीजों को इलाज के लिए होने वाली परेशानी को देखते हुए यह पहल शुरू की गई थी। पिछले 36 वर्षों में इस शिविर के माध्यम से 4700 से ज्यादा मरीजों को इलाज की सुविधा दी जा चुकी है। इसी तरह होली के दौरान भी नि:शुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया जाता है। डॉ. दिनेश मिश्र ने लोगों से दीपावली पर पटाखे चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रोशनी का यह त्योहार थोड़ी सी लापरवाही के कारण आंखों की रोशनी छीन सकता है। बम, अनार और रॉकेट जैसे पटाखे जलाते समय उनसे पर्याप्त दूरी बनाए रखना जरूरी है। पटाखे जलाते वक्त उनके बहुत करीब झुकने से बचना चाहिए, क्योंकि कई बार पटाखे समय से पहले फट जाते हैं। इसके अलावा जलते हुए पटाखे सड़क पर नहीं फेंकने चाहिए। छोटे बच्चों को अकेले पटाखे नहीं चलाने देना चाहिए और उन्हें जलते दीये या मोमबत्ती के पास भी अकेला नहीं छोड़ना चाहिए। (Diwali Hospital Safety Alert)

आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं बारूद के कण

डॉ. मिश्र के मुताबिक पटाखे पास में फटने से हाथ, चेहरा, बाल और आंखें झुलस सकती हैं। पटाखों से निकलने वाली गैस, बारूद और कोयले के छोटे-छोटे कण आंखों में पहुंचकर बाहरी झिल्ली, पुतली और आंख के अंदरूनी हिस्सों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। बड़े पटाखों से चोट लगने पर आंख में खून उतरने, मोतियाबिंद होने और आंख के पर्दे को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। इसके चलते तेज जलन, दर्द और धुंधला दिखाई देने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गंभीर मामलों में आंखों की रोशनी भी जा सकती है। नेत्र विशेषज्ञ ने बताया कि पटाखा आंख के पास फटने या आंख में बारूद और गर्म कण जाने पर आंखों को बिल्कुल नहीं रगड़ना चाहिए। चेहरे और आंखों को साफ पानी से धोना चाहिए, ताकि बारूद और गर्म कण बाहर निकल सकें। इसके बाद बिना देरी किए नेत्र चिकित्सक से जांच और इलाज कराना चाहिए। आंख में चोट लगने पर घरेलू उपचार के भरोसे नहीं रहना चाहिए। दीपावली के दौरान एक ओर जहां मेकाहारा में इमरजेंसी सेवाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, वहीं दूसरी ओर पटाखों से आंखों में चोट लगने वाले लोगों के लिए नि:शुल्क नेत्र शिविर की व्यवस्था की गई है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी घायल व्यक्ति को समय पर इलाज मिल सके।

Back to top button
error: Content is protected !!