बलौदाबाजार में करंट हादसे ने उजाड़ा परिवार, पिता-पुत्र के बाद मां की भी मौत; दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार को करंट लगने से पिता और बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि गंभीर रूप से झुलसी मां ने भी आज शनिवार को रायपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। इस हादसे ने दीपावली की खुशियों को मातम में बदल दिया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
घर की सफाई करते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया पिता
मिली जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह की है। बलौदाबाजार के नेहरू चौक निवासी राकेश गुप्ता दीपावली के अवसर पर अपने घर में साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान घर से महज पांच फीट की दूरी से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
पिता को बचाने के लिए उनकी पत्नी वर्षा और बेटा ईशान मौके पर पहुंचे, लेकिन वे भी बिजली के करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि राकेश गुप्ता और उनके बेटे ईशान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वर्षा गंभीर रूप से झुलस गईं।
रायपुर के अस्पताल में महिला ने भी तोड़ा दम
हादसे में गंभीर रूप से घायल वर्षा को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया था। रायपुर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद शनिवार सुबह उन्होंने भी दम तोड़ दिया। पिता और बेटे के बाद मां की भी मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
सामने आया था हादसे का खौफनाक वीडियो
इस दर्दनाक हादसे का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया। वीडियो में घर की बालकनी के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से चिंगारी और आग निकलती दिखाई दे रही थी। करंट के प्रभाव से आग की लपटें घर की बालकनी तक फैलती नजर आईं।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया था। दीपावली से ठीक पहले हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।



