Google Analytics —— Meta Pixel

15 नवंबर को छत्तीसगढ़ आएंगे नितिन नबीन, दौरे से पहले BJP-कांग्रेस में जुबानी जंग

BJP Congress Political Clash: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। खास बात यह है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के करीब 10 महीने बाद वे प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आमंत्रण पर नितिन नबीन इस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा 15 नवंबर को तय हुआ है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रायगढ़ के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन छत्तीसगढ़ आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- राहुल गांधी की दिवाली पार्टी में शामिल हुए छत्तीसगढ़ कांग्रेस के दिग्गज, PCC चीफ दीपक बैज रहे नदारद

नितिन नबीन के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर आदिवासी समाज और उसकी पहचान को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व आदिवासी दिवस नहीं मनाती और न ही उसके नेता ऐसे कार्यक्रमों में शामिल होते हैं। भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा को आदिवासी शब्द से नफरत है। उन्होंने कहा कि पहले वनवासी शब्द का इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन राहुल गांधी के विरोध के बाद अब उसे जनजातीय कर दिया गया है। भूपेश बघेल ने नितिन नबीन के दौरे पर कहा कि उनके आने पर कुछ न कुछ ऊलजलूल बयान सामने आएंगे, क्योंकि भाजपा नेताओं के बोल बिगड़े हुए हैं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनका संतुलन भी बिगड़ा हुआ है। भूपेश बघेल ने संसद में SIR पर चर्चा को लेकर दिए गए बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ लोकसभा में कहा जाता है कि SIR पर चर्चा नहीं हो सकती, वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी को इस मुद्दे पर चर्चा की चुनौती दी जा रही है। (BJP Congress Political Clash)

विजय शर्मा ने कांग्रेस पर किया पलटवार

वहीं नितिन नबीन के दौरे को लेकर कांग्रेस की टिप्पणी पर डिप्टी CM विजय शर्मा ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे का जिक्र करते हुए तंज कसा। डिप्टी CM ने कहा कि प्रियंका गांधी आई थीं, उनके स्वागत में गुलाब की पंखुड़ियां बिछाई गई थीं, उसका गुलकंद बना लिया, अब कुछ भी शिगूफा छोड़ देंगे, उन्हें गंभीरता से राजनीति करनी चाहिए, अपनी पार्टी के लिए जो अच्छा हो सकता है, वह करें। फिलहाल 15 नवंबर को होने वाला नितिन नबीन का छत्तीसगढ़ दौरा राजनीतिक और संगठनात्मक दोनों लिहाज से अहम माना जा रहा है। एक तरफ भाजपा इसे भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन से जोड़कर देख रही है, वहीं दूसरी तरफ इस दौरे को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। ऐसे में धरमजयगढ़ में होने वाले कार्यक्रम पर राजनीतिक नजरें भी टिकी रहेंगी। (BJP Congress Political Clash)

Back to top button
error: Content is protected !!