Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgarh Crime News : झाड़-फूंक के नाम पर रची साजिश, महिला को बेहोश कर किया दुष्कर्म, 6 लाख भी ऐंठे, दो आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Crime News : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के जरिए बीमारी ठीक करने तथा शादी में आ रही बाधाएं दूर करने का झांसा देकर एक महिला के साथ दुष्कर्म और लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने अपनी महिला सहयोगी के साथ मिलकर पीड़िता को पूजा-पाठ के बहाने किराये के मकान में बुलाया। यहां अभिमंत्रित जल बताकर उसे नींद की दवा मिला पानी पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद मुख्य आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

आरोपियों ने पूजा-पाठ, हवन और बिजनेस में काम दिलाने का झांसा देकर पीड़िता से करीब 6 लाख रुपये भी वसूल लिए। शिकायत मिलने के बाद घरघोड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी सहयोगी गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। (Chhattisgarh Crime News)

परिचित महिला के जरिए आरोपी से हुई थी पहचान

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लैलूंगा निवासी 40 वर्षीय महिला ने 5 नवंबर 2026 को रायगढ़ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने अपने साथ हुए शारीरिक शोषण और आर्थिक धोखाधड़ी की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल घरघोड़ा थाना क्षेत्र का होने के कारण मामला उसी दिन घरघोड़ा पुलिस को सौंप दिया गया।

पीड़िता ने बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित महिला के माध्यम से उसकी पहचान चंद्र कुमार जायसवाल से हुई थी। उसे बताया गया था कि आरोपी हाथ देखकर भविष्य बताता है और झाड़-फूंक तथा दवाओं के जरिए बीमारियों का इलाज करता है।

इसके बाद पीड़िता ने मोबाइल पर आरोपी से संपर्क किया और शरीर में दर्द रहने तथा विवाह नहीं हो पाने की परेशानी बताई। आरोपी ने पूजा-पाठ और झाड़-फूंक से बीमारी ठीक करने के साथ शादी में आ रही बाधाएं दूर करने का भरोसा दिलाया। धीरे-धीरे दोनों के बीच मोबाइल और व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी।

पूजा के बहाने बुलाया, अभिमंत्रित जल बताकर पिलाया नशीला पानी

पीड़िता के बयान के मुताबिक, 8 मार्च 2026 को चंद्र कुमार ने पूजा-पाठ और इलाज के बहाने उसे रायगढ़ रोड स्थित अपने किराये के मकान में बुलाया। गांव से बस के जरिए घरघोड़ा पहुंचने पर आरोपी उसे बाइक से अपने मकान ले गया। वहां पहले से गायत्री मानिकपुरी मौजूद थी, जिसे आरोपी ने पूजा-पाठ करने वाली महिला बताया।

आरोप है कि गायत्री ने पीड़िता से पूजा के लिए कपूर, घर की मिट्टी और लड्डू मंगवाए। इसके बाद उसे स्नान कर गीले कपड़ों में पूजा स्थल पर आने को कहा। उसने यह भरोसा भी दिलाया कि पूजा के दौरान वह स्वयं मौजूद रहेगी, इसलिए महिला को किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

कुछ देर बाद चंद्र कुमार ने पूजा-पाठ और हवन शुरू किया। इसी दौरान उसने अभिमंत्रित जल बताकर पीड़िता को पानी पिलाया। पानी पीने के कुछ ही देर बाद उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसी दौरान चंद्र कुमार ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। होश आने पर विरोध करने पर आरोपी ने विवाह में आ रही बाधाएं दूर करने और शारीरिक परेशानी ठीक करने की बात कहकर अपने कृत्य को सही ठहराने की कोशिश की।

बिजनेस में नौकरी दिलाने का झांसा, करीब 6 लाख रुपये वसूले

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि चंद्र कुमार और उसकी महिला सहयोगी ने पूजा-पाठ एवं हवन के नाम पर पहले 4 हजार और फिर 12 हजार रुपये लिए। इसके बाद आरोपी ने उसे वेस्टिज कंपनी में बिजनेस से जुड़ा काम दिलाने का भरोसा दिया और लगातार पैसों की मांग करने लगा।

इस तरह अलग-अलग बहाने बनाकर आरोपियों ने पीड़िता से करीब 6 लाख रुपये वसूल लिए। जब महिला ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने उसे डराने-धमकाने का प्रयास किया।

पूर्व प्रेम संबंध में थे दोनों आरोपी, मिलकर बनाई थी साजिश

मामले की गंभीरता को देखते हुए घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि चंद्र कुमार जायसवाल और गायत्री मानिकपुरी पूर्व में प्रेम संबंध में थे। दोनों ने कथित तौर पर मिलकर पीड़िता को झाड़-फूंक के बहाने घरघोड़ा बुलाने और पूजा के दौरान नींद की दवा मिला पानी पिलाकर बेहोश करने की योजना बनाई थी।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 61(2), 49, 123 और 3(5) में मामला दर्ज किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 8 नवंबर 2026 को दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. चंद्र कुमार जायसवाल (45 वर्ष): पिता स्व. दाताराम जायसवाल, निवासी ग्राम टांडीपार, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़। वर्तमान में लैलूंगा के अस्पताल पारा में किराये के मकान में रह रहा था।
  2. गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत (39 वर्ष): पति निर्मल मानिकपुरी, निवासी ग्राम गेरसा सुकवासीपारा, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़।

एसएसपी ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। बीमारी के इलाज के लिए योग्य चिकित्सकों से संपर्क करें और किसी भी तरह के शोषण, धोखाधड़ी या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। (Chhattisgarh Crime News)

Back to top button
error: Content is protected !!