Google Analytics —— Meta Pixel

राहुल गांधी के बयान से गरमाई सियासत, CM साय बोले- नक्सलवाद खत्म हुआ तो कुछ लोगों को तकलीफ हो रही है

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सहयोग से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी गई है। प्रदेश में नक्सलवाद के कमजोर होने और इसके खात्मे की दिशा में बढ़ते कदमों से कुछ लोगों को परेशानी हो रही है।

जशपुर से रायपुर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने राहुल गांधी के बयान और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

नक्सलवाद पर कांग्रेस को घेरा

राहुल गांधी की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ को भी केंद्र सरकार का लगातार सहयोग मिला है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने की इच्छाशक्ति नहीं दिखाई दी। भाजपा सरकार बनने के बाद केंद्र के सहयोग से नक्सल विरोधी अभियान को मजबूती मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता लंबे समय से नक्सलवाद से मुक्ति चाहती थी, क्योंकि नक्सलवाद विकास में बड़ी बाधा बना हुआ था। अब राज्य में शांति और विकास का रास्ता मजबूत हो रहा है।

भूपेश बघेल के आरोपों को बताया गलत

छत्तीसगढ़ को उद्योगपतियों के हाथों में सौंपे जाने संबंधी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर भी सीएम साय ने जवाब दिया। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकास कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास को गति देना और छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

15 नवंबर को धरमजयगढ़ आएंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के छत्तीसगढ़ दौरे की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा।

इस अवसर पर धरमजयगढ़ में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!