गोवर्धन पूजा पर CM साय की पत्नी कौशल्या साय ने की गौ माता की पूजा, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए मांगा आशीर्वाद
रायपुर। छत्तीसगढ़ में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने जशपुर जिले के बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने गौ माता को तिलक लगाकर पूजा की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की।
वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी गोवर्धन पूजा और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकपर्व गौरा-गौरी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी सनातन संस्कृति में प्रकृति और गौवंश के प्रति श्रद्धा प्रकट करने का महत्वपूर्ण पर्व है।
प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है गोवर्धन पर्व
मुख्यमंत्री साय ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला की स्मृति में मनाई जाती है। यह पर्व हमें प्रकृति, पर्यावरण और जीव-जंतुओं के संरक्षण का संदेश देता है। साथ ही समाज में सामूहिक सहयोग और एकजुटता की भावना को भी मजबूत करता है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकपर्व गौरा-गौरी को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व लोकआस्था, परंपरा और सामाजिक समरसता से गहराई से जुड़ा हुआ है।
गौरा-गौरी पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौरा-गौरी पर्व छत्तीसगढ़ की माटी, ग्रामीण जीवन और लोकसंस्कृति की विशिष्ट पहचान है। ऐसे पारंपरिक त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से इन परंपराओं को आगे बढ़ाने और अपनी सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने का आह्वान किया।
गौवंश संरक्षण और किसानों की समृद्धि के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए संकल्पबद्ध है। इसके साथ ही किसानों की आर्थिक खुशहाली और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण और गौरा-गौरी से प्रार्थना की कि छत्तीसगढ़ के खेत-खलिहान सदैव धन-धान्य से भरे रहें। अन्नदाताओं के जीवन में समृद्धि आए और प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति एवं खुशहाली बनी रहे।



