Google Analytics —— Meta Pixel

IPL 2027 से पहले बड़ा उलटफेर! हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स में शामिल, अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस से जुड़े

IPL 2027 : आईपीएल 2027 से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स की ओर से खेलते नजर आएंगे, जबकि पंजाब के प्रमुख तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन गए हैं। बुधवार (11 नवंबर) को आईपीएल की ओर से दोनों खिलाड़ियों के ट्रेड की आधिकारिक पुष्टि कर दी गई। दोनों खिलाड़ियों के टीम बदलने की चर्चाएं पिछले काफी समय से चल रही थीं।

18 करोड़ रुपये में पंजाब से जुड़े हार्दिक पांड्या

इस ट्रेड में हार्दिक पांड्या को पहले की तुलना में अधिक रकम मिली है। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए हार्दिक को 16.35 करोड़ रुपये मिल रहे थे, जबकि पंजाब किंग्स ने उन्हें 18 करोड़ रुपये की फीस पर अपनी टीम में शामिल किया है। वहीं, अर्शदीप सिंह 18 करोड़ रुपये की अपनी मौजूदा फीस पर ही मुंबई इंडियंस से जुड़े हैं।

मुंबई के लिए चार खिताब जीत चुके हैं हार्दिक

हार्दिक पांड्या ने साल 2015 में मुंबई इंडियंस के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। वह 2015, 2017, 2019 और 2020 में मुंबई की खिताबी जीत का हिस्सा रहे। इसके बाद 2022 और 2023 में गुजरात टाइटंस की ओर से खेले। फिर मुंबई इंडियंस में वापसी की और टीम की कप्तानी भी संभाली। अब आईपीएल 2027 में वह पंजाब किंग्स की जर्सी में नजर आएंगे।

अर्शदीप सिंह पहली बार मुंबई इंडियंस के लिए खेलेंगे

दूसरी ओर, अर्शदीप सिंह ने 2019 में पंजाब किंग्स के साथ आईपीएल में पदार्पण किया था। वह लगातार इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बने रहे। अब आईपीएल 2027 में पहली बार मुंबई इंडियंस की ओर से खेलेंगे। अर्शदीप टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

हार्दिक की तीसरी और अर्शदीप की दूसरी आईपीएल टीम

इस ट्रेड के बाद हार्दिक पांड्या अपने आईपीएल करियर की तीसरी फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स से जुड़ेंगे। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के लिए खेल चुके हैं। वहीं अर्शदीप सिंह के आईपीएल करियर की यह दूसरी टीम होगी। अब तक वह पंजाब किंग्स के लिए ही खेलते आए हैं। (IPL 2027)

आईपीएल की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस ट्रेड के साथ मुंबई इंडियंस के साथ हार्दिक पांड्या का दूसरा कार्यकाल समाप्त हो गया है। वहीं अर्शदीप सिंह पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम में शामिल हो गए हैं। (IPL 2027)

Back to top button
error: Content is protected !!