सरगुजा में कुएंनुमा गड्ढे में डूबने से 2 ग्रामीणों की मौत, रातभर घर नहीं लौटे, सुबह मिले दोनों के शव

Double Death in Surguja: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पानी में डूबने से दो ग्रामीणों की मौत हो गई। दोनों ग्रामीण मंगलवार रात शराब के नशे में गांव में घूम रहे थे। आशंका है कि अंधेरे में रास्ते का अंदाजा नहीं लगने के कारण दोनों बारिश के पानी से लबालब भरे कुएंनुमा गहरे गड्ढे में जा गिरे। रातभर दोनों घर नहीं लौटे। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गड्ढे में दोनों के शव देखे, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। घटना सीतापुर थाना क्षेत्र के काराबेल गांव की है। जानकारी के मुताबिक अशोक बखला (45) और कमल तिर्की (55) मंगलवार शाम अपने घर से निकले थे। दोनों गांव में घूम रहे थे और इस दौरान उन्होंने शराब भी पी थी। ग्रामीणों ने उन्हें देर रात गांव के मुड़ापारा इलाके में एक साथ घूमते हुए देखा था। इसके बाद दोनों अपने घर नहीं लौटे।
यह भी पढे़ं:- लव मैरिज के बाद शक का खूनी खेल, पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, एक साल पहले हुई थी शादी
परिजनों को लगा कि वे कहीं रुक गए होंगे, लेकिन अगली सुबह जो सामने आया, उसने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। बुधवार सुबह मुड़ापारा इलाके में स्थित कुएंनुमा गहरे गड्ढे में ग्रामीणों ने दो लोगों के शव पानी में देखे। पास जाकर पहचान करने पर दोनों की पहचान अशोक बखला और कमल तिर्की के रूप में हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल सीतापुर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को पानी से बाहर निकलवाया। बताया जा रहा है कि जिस गड्ढे में दोनों ग्रामीणों के शव मिले, उसमें बारिश के कारण काफी पानी भर गया था। गड्ढा काफी गहरा है और उसमें अब भी करीब 8 फीट पानी मौजूद है। (Double Death in Surguja)

आशंका जताई जा रही है कि रात के अंधेरे और नशे की हालत में दोनों को गड्ढे का अंदाजा नहीं लगा और वे सीधे पानी में जा गिरे। हालांकि दोनों किन परिस्थितियों में गड्ढे तक पहुंचे और हादसा कैसे हुआ, इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस इसे प्रथम दृष्टया हादसा मानकर चल रही है और सभी पहलुओं से घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। दो ग्रामीणों की एक साथ मौत से काराबेल गांव में शोक का माहौल है। रात में घर से निकले दोनों ग्रामीणों की सुबह इस तरह मौत की खबर मिलने से परिजन और ग्रामीण सदमे में हैं।



