भारत की बढ़ती मिसाइल ताकत से सहमा पाकिस्तान, LoC पर तैनात किए चीन और तुर्किये के एंटी-ड्रोन सिस्टम

Pakistan Navy Base: भारतीय सेना के लगातार बदलते और उन्नत होते सैन्य हथियारों ने पड़ोसी देश पाकिस्तान की नींद उड़ा दी है। खास तौर पर ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तानी सैन्य नेतृत्व और हुक्मरान हर पल किसी बड़े सामरिक खतरे की आशंका में जी रहे हैं। भारत के पास अब सिर्फ पारंपरिक मिसाइलें ही नहीं, बल्कि अत्याधुनिक तकनीक वाले ऐसे विध्वंसक हथियार आ चुके हैं, जिनके आगे पाकिस्तान का पूरा रक्षा तंत्र लाचार नजर आता है। भारतीय सेना के शस्त्रागार में जल्द ही 800 किलोमीटर की मारक क्षमता वाली उन्नत ब्रह्मोस मिसाइलें शामिल होने जा रही हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जिन मिसाइलों ने पाकिस्तानी ठिकानों को थर्रा दिया था, उनका यह नया और उन्नत संस्करण कराची और ग्वादर जैसे अहम पोर्ट्स को सीधे तौर पर अपनी जद में लेता है।
यह बी पढ़ें:- देश के कई राज्यों में बदलेगा मौसम, कहीं भारी बारिश तो कहीं बर्फबारी का अलर्ट
पाकिस्तानी नौसेना के मुख्य नौसैनिक ठिकाने कराची और ग्वादर पर पहले ही भारतीय मिसाइलों का खौफ मंडरा रहा है। कराची बेस की सुरक्षा को लेकर बढ़ती आशंकाओं के बीच पाकिस्तान अब मकरान तट पर ओरमारा नाम से एक नया नेवल बेस तैयार कर रहा है। इस नए बेस पर 8 युद्धपोत और 4 सबमरीन को खड़ा करने के साथ-साथ कई स्टोरेज बंकर, सुरंगें और YLC-18A रडार तैनात किए गए हैं, ताकि ब्रह्मोस के संभावित हमलों से बचा जा सके। पाकिस्तान में दहशत की एक और बड़ी वजह भारत की लंबी दूरी की रणनीतिक मिसाइलें और हाल ही में किए गए कई आधुनिक परीक्षण हैं। पिछले दिनों ओडिशा के एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से परखी गई अग्नि-5 मिसाइल की मारक क्षमता 5,000 किलोमीटर तक है, जो देश के किसी भी कोने से दुश्मन के दर्जनों ठिकानों को एक साथ नेस्तनाबूद कर सकती है। इसके अलावा भारत के अन्य हालिया रक्षा परीक्षणों ने रणनीतिक जानकारों की चिंता बढ़ा दी है।
- लंबी दूरी की एंटी-शिप मिसाइल- यह 1,500 किलोमीटर दूर तक के लक्ष्यों को सटीक निशाना बनाने के साथ अनोखे उड़ान पैटर्न से दुश्मन के डिफेंस को चकमा देती है।
- TARA किट- यह सामान्य बमों को ‘स्मार्ट’ बमों में बदलकर विदेशी तकनीक पर निर्भरता को कम करती है।
- स्क्रैमजेट इंजन तकनीक- यह सुपर-फास्ट क्रूज मिसाइलों के लिए रास्ता साफ कर रही है, जो मैक 5 से भी ज्यादा रफ्तार से उड़ान भर सकती हैं।
LoC पर 50 से ज्यादा एंटी-ड्रोन यूनिट्स की तैनाती
अंतरराष्ट्रीय थिंक टैंक और पाकिस्तानी रणनीतिक मामलों के विशेषज्ञ भी यह मान चुके हैं कि भारत सामरिक और नौसैनिक क्षेत्रों में बहुस्तरीय मिसाइल क्षमताओं का तेजी से विस्तार कर रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने अपनी सैन्य रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए ड्रोन वॉरफेयर को अपनी रक्षा और आक्रमण की फर्स्ट लाइन बना लिया है। इसी कड़ी में नियंत्रण रेखा यानी LoC के सामने पाकिस्तानी इलाकों में 50 से ज्यादा स्पेशल एंटी-ड्रोन यूनिट्स तैनात की गई हैं। पीओके के रावलकोट, कोटली और भिंबर सेक्टर में इनकी तैनाती की गई है, जो भारतीय सेना के पुंछ, राजौरी, नौशेरा और सुंदरबनी सेक्टर के ठीक सामने हैं। पाकिस्तान ने चीन से एचक्यू 17एई शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम और तुर्किये से कोरकुट एंटी-ऐसीक्राफ्ट गन समेत एहिन काउंटर-ड्रोन सिस्टम खरीदे हैं। इसके अलावा घरेलू स्तर पर विकसित सफरा जैमिंग गन को भी शामिल किया गया है। (Pakistan Navy Base)
बाइदो नेविगेशन का सहारा
अपने सैन्य ड्रोन्स और मिसाइलों की सटीकता बढ़ाने के लिए पाकिस्तान ने चीनी सैटेलाइट नेविगेशन सिस्टम बाइदो का उपयोग शुरू किया है, जो अमेरिकी जीपीएस की तरह काम करता है। बता दें कि बाइदो चीन का अपना ग्लोबल सैटेलाइट नेविगेशन सिस्टम है, जो दुनिया के किसी भी कोने में किसी व्यक्ति, वाहन या सैन्य उपकरण की सटीक लोकेशन, दिशा और समय की जानकारी देता है। अंतरिक्ष में पृथ्वी की कक्षा में मौजूद इसके उपग्रह लगातार जमीन पर सिग्नल भेजते हैं, जिन्हें कंट्रोल स्टेशन द्वारा नियंत्रित किया जाता है और रिसीवर या नेविगेशन डिवाइस इन सिग्नलों को पकड़कर सटीक स्थान तय करते हैं। ग्लोबल कवरेज, मल्टी-फ्रीक्वेंसी सिग्नल और मैसेज भेजने जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस इस सिस्टम का उपयोग पाकिस्तान ने साल 2020 में शुरू किया था। आज पाकिस्तान इसका इस्तेमाल अपने सैन्य ड्रोन्स, जेएफ-17 लड़ाकू विमानों, मिसाइल गाइडेंस और नौसैनिक प्रणालियों की सटीकता बढ़ाने के लिए कर रहा है, जिससे अमेरिकी जीपीएस पर उसकी निर्भरता काफी कम हो गई है। (Pakistan Navy Base)
नूरखान एयरबेस की तबाही और सबक
रावलपिंडी स्थित पाकिस्तान का प्रमुख नूरखान एयरबेस ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय मिसाइल हमलों का शिकार हुआ था। इस हमले में एयरबेस पर खड़े विमानों, लैंडिंग-टेकऑफ सुविधाओं और भारी मात्रा में जमा एम्यूनिशन को पूरी तरह तबाह कर दिया गया था। इस भयंकर तबाही के खौफ से सबक लेते हुए पाकिस्तानी सेना अब इस एयरबेस पर नए हैंगर्स और भूमिगत ठिकाने बना रही है, ताकि भविष्य में होने वाली किसी भी बड़ी सामरिक कार्रवाई से बचा जा सके। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने जिस सटीकता और ताकत का परिचय दिया था, उसका खौफ आज भी पाकिस्तानी सैन्य नेतृत्व के जेहन में ताजा है। एक तरफ जहां भारत 800 किलोमीटर तक मार करने वाली सुपर ब्रह्मोस और 5,000 किलोमीटर तक तबाही मचाने वाली अग्नि-5 जैसी मिसाइलों के साथ अपनी सामरिक ताकत को लगातार अडिग बना रहा है, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान घबराहट में नए नेवल बेस बनाने और LoC पर एंटी-ड्रोन यूनिट्स तैनात करने जैसे रक्षात्मक कदम उठाने पर मजबूर है। नूरखान एयरबेस की तबाही और आधुनिक हथियारों के इस बढ़ते दबाव ने यह साफ कर दिया है कि अगर पाकिस्तान ने भविष्य में कोई भी नापाक हरकत की तो उसका अंजाम पहले से भी कहीं ज्यादा विनाशकारी होगा।



