Google Analytics —— Meta Pixel

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF कैंप पर आतंकी हमला, 3 जवान घायल, बाइक सवार हमलावरों ने की फायरिंग

Terror Attack in Kulgam: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल यानी CRPF के कैंप को निशाना बनाया। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने अखरान कैंप में नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग की। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए। हमले का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर महज 15 सेकेंड के भीतर करीब 30 राउंड फायरिंग करते नजर आए हैं। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना दोपहर करीब 2:15 बजे की बताई जा रही है। घायल जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर, कॉन्स्टेबल संतानो और राकेश दास के रूप में हुई है। तीनों CRPF की 46वीं बटालियन में तैनात हैं।

यह भी पढे़ं:- छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार पाने का मौका, बालोद और अंबिकापुर में लगेंगे रोजगार मेले, 457 पदों पर होगी भर्ती

जानकारी के मुताबिक एक जवान के पैर, दूसरे के हाथ और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। घायलों को पहले अनंतनाग के अस्पताल और सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर रेफर कर दिया गया है। हमले का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में घटनास्थल पर अंधेरा दिखाई दे रहा है। कुछ सेकेंड तक जवानों की आवाजाही नजर आती है। इसी दौरान अचानक गोलियां चलने लगती हैं और जवानों के चीखने की आवाज सुनाई देती है। वीडियो में एक जवान ‘इधर आ, जल्दी आ, गोली चल रही है’ कहते हुए सुनाई देता है। इसके बाद लगातार फायरिंग होती दिखाई देती है। जानकारी के मुताबिक बाइक सवार हमलावरों ने करीब 15 सेकेंड में 30 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। हमले के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। (Terror Attack in Kulgam)

आसपास से गुजरने वाले वाहनों की जांच की जा रही है और संदिग्धों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है। हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। गृह मंत्रालय में इस घटना को लेकर उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई। बैठक में CRPF के महानिदेशक यानी DG ने अधिकारियों को घटना से जुड़ी जरूरी जानकारी दी हैं। वहीं CRPF के IG ने अनंतनाग पहुंचकर घायल जवानों का हाल जाना और अधिकारियों से हमले के संबंध में जानकारी ली। कुलगाम में हुए इस हमले में कश्मीर घाटी में सक्रिय आतंकी लतीफ भट की भूमिका होने का शक है। बताया जा रहा है कि वह हमले वाली जगह से कुछ किलोमीटर की दूरी पर रहता है। खुफिया एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक लतीफ भट दक्षिण कश्मीर में पहले भी दो हमलों में शामिल रहा है। इनमें एक हमला अनंतनाग के लाल चौक इलाके में और दूसरा कुलगाम जिले में हुआ था। (Terror Attack in Kulgam)

कुलगाम में पहले भी CRPF को निशाना बना चुके हैं आतंकी

कुलगाम दक्षिण कश्मीर का संवेदनशील जिला है, जहां पहले भी आतंकवादी गतिविधियां सामने आती रही हैं। यह श्रीनगर से करीब 70 से 75 किलोमीटर दूर स्थित है। कुलगाम, अनंतनाग और शोपियां के साथ दक्षिण कश्मीर का वह क्षेत्र है, जहां सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच कई बार मुठभेड़ और हमलों की घटनाएं हो चुकी हैं। बीते सालों में कुलगाम में CRPF के कैंप, बंकर और नाका पार्टियों को कई बार निशाना बनाया गया है। 1 जून 2007 को नेहामा स्थित CRPF कैंप में ग्रेनेड विस्फोट हुआ था। इसमें दो जवान शहीद हो गए थे, जबकि तीन घायल हुए थे। इसके बाद 11 मार्च 2018 को दमहाल हांजीपोरा में CRPF की 18वीं बटालियन की गार्ड पोस्ट पर ग्रेनेड फेंका गया था, हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। 6 फरवरी 2019 को लारू में इसी बटालियन के कैंप पर ग्रेनेड हमला हुआ, जिसमें एक जवान घायल हुआ था।

Politics on Terror Attack

17 अगस्त 2020 को नेहामा में CRPF कैंप के बाहर बने बंकर पर फायरिंग की गई थी, जिसमें एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर घायल हुए थे। 7 नवंबर 2021 को नेहामा चौक पर आतंकियों ने CRPF की 18वीं बटालियन के जवानों पर ग्रेनेड फेंका था। ग्रेनेड सड़क किनारे फटा था और इसमें कोई जवान घायल नहीं हुआ था। साल 2022 में भी कुलगाम में CRPF को निशाना बनाकर दो बड़ी घटनाएं हुईं। 26 अप्रैल 2022 को ब्राजलू ब्रिज पर आतंकियों ने CRPF की 18वीं बटालियन की बुलेटप्रूफ बस पर ग्रेनेड फेंका था। इससे बस को नुकसान पहुंचा, लेकिन कोई जवान घायल नहीं हुआ। इसके करीब एक महीने बाद 24 मई 2022 को यारीपोरा में पुलिस और CRPF की संयुक्त नाका पार्टी पर आतंकियों ने ग्रेनेड फेंकने के साथ फायरिंग भी की थी। ग्रेनेड भीड़ में फटने से 13 लोग घायल हो गए थे। 

2024 से अब तक जम्मू-कश्मीर में 548 आतंकी घटनाएं

जम्मू-कश्मीर में पिछले तीन सालों के दौरान आतंकवादी घटनाओं का आंकड़ा भी सामने आया है। PIB, गृह मंत्रालय और साउथ एशिया टेररिज्म पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक साल 2024 से 9 नवंबर 2026 तक जम्मू-कश्मीर में कुल 548 आतंकी घटनाएं दर्ज की गईं। इन घटनाओं में 45 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए, जबकि 138 आतंकियों को मार गिराया गया। आंकड़ों के मुताबिक साल 2024 में 210 आतंकी घटनाएं हुई थीं। इस दौरान 69 आतंकी मारे गए और 26 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए। साल 2025 में 189 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 46 आतंकी मारे गए और 17 सुरक्षाकर्मियों की जान गई। वहीं 2026 में 9 नवंबर तक 149 आतंकी घटनाएं सामने आईं। इस दौरान 23 आतंकी मारे गए और दो सुरक्षाकर्मी शहीद हुए।  

7 साल में आतंकी घटनाओं में 95% की कमी

आंकड़ों के मुताबिक साल 2018 से 2025 के बीच जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाओं में करीब 95 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। साल 2018 में ऐसी 228 घटनाएं हुई थीं, जबकि 2025 में यह संख्या घटकर 12 रह गई। इसी अवधि में मुठभेड़ और सुरक्षाबलों के ऑपरेशन की संख्या 189 से घटकर 33 हो गई। वहीं मारे गए आतंकियों की संख्या 257 से घटकर 34 और शहीद सुरक्षाकर्मियों की संख्या 91 से घटकर 16 रह गई। आतंकवादी घटनाओं में मारे गए आम नागरिकों की संख्या भी 55 से घटकर 28 दर्ज की गई। कुलगाम हमले से करीब चार दिन पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर में आतंकियों की मदद करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया था। जानकारी के मुताबिक दोनों एक आतंकी मॉड्यूल के जरिए महिलाओं को निशाना बनाने और अलगाववादी विचारधारा समेत उसके प्रचार को बढ़ावा देने की गतिविधियों में शामिल थे। पुलिस की कार्रवाई के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच कुलगाम में CRPF जवानों पर हुआ ताजा हमला सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक नई चुनौती बन गया है। फिलहाल जांच एजेंसियां हमले के पीछे सक्रिय नेटवर्क और साजिश का पता लगाने में जुटी हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!