कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस में बम की सूचना से मचा हड़कंप, राजनांदगांव स्टेशन पर डेढ़ घंटे तक रोकी गई ट्रेन
राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस में बम की सूचना से हड़कंप मच गया। RPF, पुलिस और बम स्क्वाड की जांच में कुछ नहीं मिला। ट्रेन डेढ़ घंटे बाद रवाना हुई।
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस में बम रखे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रेलवे और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन को स्टेशन पर रोककर बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियों ने सघन तलाशी अभियान चलाया।
ट्रेन के सभी कोचों में चला सर्च ऑपरेशन
बम की सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जिला पुलिस और बम स्क्वाड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा टीमों ने ट्रेन के एक-एक कोच की बारीकी से जांच की। इस दौरान यात्रियों के सामान और ट्रेन के विभिन्न हिस्सों को भी खंगाला गया। काफी देर तक चले तलाशी अभियान के बावजूद कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।
डेढ़ घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही एक्सप्रेस
सुरक्षा जांच के चलते कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटे तक राजनांदगांव स्टेशन पर खड़ी रही। जांच में खतरे की कोई पुष्टि नहीं होने और स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद रेलवे प्रशासन ने ट्रेन को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया।
बम की सूचना देने वाला हिरासत में
मामले में बताया जा रहा है कि ट्रेन में बम होने की सूचना देने वाले व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने किस आधार पर बम होने की जानकारी दी थी और इस सूचना के पीछे उसका क्या मकसद था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



