19 नवंबर तक ED की रिमांड पर महादेव सट्टा ऐप का प्रमोटर सौरभ चंद्राकर, 7 दिन होगी पूछताछ, कोर्ट में लंबी बहस के बाद फैसला

Saurabh Chandrakar ED Remand: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल सौरभ चंद्राकर को प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने गिरफ्तार कर लिया है। PMLA स्पेशल कोर्ट ने सुनवाई के बाद सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक ED की रिमांड पर सौंप दिया है। अब अगले सात दिनों तक ED के अधिकारी उससे महादेव सट्टा ऐप के नेटवर्क, पैसों के लेन-देन, हवाला कारोबार और कथित राजनीतिक कनेक्शन को लेकर पूछताछ करेंगे। पूछताछ के दौरान उसे ED कार्यालय में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा जाएगा। शुक्रवार सुबह सौरभ चंद्राकर को रायपुर जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट लाया गया। इस दौरान उसके हाथों में हथकड़ी लगी हुई थी और कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कोर्ट में पेशी के बाद ED ने उसे गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें:- UltraTech Cement in Balodabazar – सीमेंट प्लांट में कर्मचारी की अचानक मौत, हार्ट अटैक या कुछ और? पोस्टमार्टम से होगा खुलासा
गिरफ्तारी के बाद नॉन-बेलेबल वारंट और कस्टडी की मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबी बहस हुई। ED ने मामले की गंभीरता और जांच से जुड़े कई अहम पहलुओं का हवाला देते हुए पूछताछ के लिए रिमांड मांगी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने ED की अर्जी स्वीकार कर ली और 19 नवंबर तक रिमांड मंजूर कर दी। इससे पहले सौरभ चंद्राकर 8 दिनों तक CBI की कस्टडी में रहा था। कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को उसे रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया था। इस दौरान CBI ने दोबारा कस्टडी की मांग नहीं की और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का अनुरोध किया था। कोर्ट ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया था। इसके बाद शुक्रवार को ED ने उसे अपनी जांच के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया और अब कोर्ट से सात दिनों की रिमांड हासिल की है।
सट्टा नेटवर्क, हवाला और राजनीतिक कनेक्शन की जांच
CBI ने अपनी 8 दिनों की पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर से महादेव ऐप के पूरे नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, बैंक खातों, हवाला के जरिए हुए लेन-देन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर सवाल किए थे। जांच एजेंसियों का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि ऑनलाइन सट्टे से जुटाई गई रकम किन-किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने में किन लोगों की भूमिका रही। अब ED भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से सौरभ से पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी विदेशों में मौजूद कथित संपत्तियों, पैसों के लेन-देन और सट्टे से अर्जित रकम को खपाने के तरीकों से जुड़े सवाल कर सकती है। इसके साथ ही नेटवर्क को संरक्षण देने वाले लोगों और कथित राजनीतिक कनेक्शन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। (Saurabh Chandrakar ED Remand)
116 दिन बाद ओमान से भारत लाया गया था सौरभ
महादेव सट्टा ऐप मामले में लंबे समय से फरार चल रहे सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर 2026 को CBI की टीम मस्कट से भारत लेकर पहुंची थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक सौरभ 2023 से दुबई में रह रहा था और उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसके फर्जी पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल करने की भी जानकारी सामने आई थी।
बताया गया कि UAE से ओमान पहुंचने के बाद 8 जुलाई 2026 को ओमान की रॉयल पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद भारत सरकार की एजेंसियों, इंटरपोल और ओमान के अधिकारियों के बीच प्रत्यर्पण को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। CBI और ED ने भारत सरकार के माध्यम से ओमान को औपचारिक प्रत्यर्पण प्रस्ताव और जरूरी साक्ष्य सौंपे थे। मंजूरी मिलने के बाद CBI की टीम मस्कट पहुंची और उसे भारत लेकर आई। गिरफ्तारी के बाद से ही उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
फर्जी पासपोर्ट से पहचान छिपाने का आरोप
सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद उसके फर्जी पासपोर्ट को लेकर भी जानकारी सामने आई थी। बताया गया कि पासपोर्ट में उसकी तस्वीर लगी थी, लेकिन नाम ‘अजंता मेंडिस’ दर्ज था। यह नाम श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर अजन्ता मेंडिस के नाम से मिलता-जुलता बताया गया। पासपोर्ट में दर्ज जन्मतिथि भी उसके अन्य दस्तावेजों से अलग होने की बात सामने आई थी। जांच एजेंसियां उसकी विदेश में आवाजाही और पहचान छिपाने से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं। ओमान में हिरासत के दौरान सौरभ चंद्राकर ने भारत की जेल में अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। उसने अपने परिवार की सुरक्षा की मांग भी की थी। सौरभ का दावा था कि महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े प्रभावशाली लोग उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उसने जांच एजेंसियों से पूछताछ के दौरान सुरक्षा देने और बिना किसी दबाव के अपना पक्ष रखने का अवसर देने की मांग की थी। उसने भारतीय जांच एजेंसियों को महादेव सट्टा नेटवर्क के कथित राजनीतिक कनेक्शन, पैसों के लेन-देन और विदेशों में मौजूद संपत्तियों से जुड़ी जानकारी देने की बात भी कही थी। साथ ही उसने नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों से अलग रखकर पूछताछ करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी। (Saurabh Chandrakar ED Remand)
2022 में दर्ज हुई थी पहली FIR, CBI और ED कर रही जांच
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पहली FIR 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज की गई थी। इसके बाद 6 अक्टूबर 2022 को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की। जांच के दौरान सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को मामले के मुख्य आरोपियों के तौर पर चिन्हित किया गया। वहीं, CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया था। छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव सट्टा ऐप से जुड़े 13 मामलों की जांच CBI को सौंपी थी। इनमें से दो मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। दूसरी ओर ED भी मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में जांच कर रही है और सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुकी है। फिलहाल सौरभ चंद्राकर सात दिनों तक ED की रिमांड पर रहेगा। 19 नवंबर तक चलने वाली पूछताछ में जांच एजेंसियों की कोशिश महादेव सट्टा ऐप के पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की कड़ियां जोड़ने की होगी। अब देखना होगा कि ED की पूछताछ में इस हाईप्रोफाइल मामले से जुड़े कौन-कौन से नए खुलासे सामने आते हैं।



