महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से ED ने आज से शुरू की पूछताछ, डिजिटल सबूतों और हवाला नेटवर्क पर सवाल

Saurabh Chandrakar ED Custody: महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने आज से पूछताछ शुरू कर दी है। रायपुर स्थित ED के जोनल ऑफिस में उससे डिजिटल सबूतों, विदेशी कंपनियों, हवाला नेटवर्क और बेटिंग सिंडिकेट के वित्तीय लेन-देन को लेकर सवाल किए जा रहे हैं। सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक ED की रिमांड पर है। एजेंसी इस दौरान महादेव ऐप से जुड़े पूरे नेटवर्क, कथित अपराध की कमाई और विदेश में निवेश की कड़ियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। ED की जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। एजेंसी के मुताबिक महादेव बेटिंग सिंडिकेट से करीब 450 करोड़ रुपए प्रतिमाह की अपराध की कमाई होती थी। अब तक इस मामले में 190 ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है। जांच के दौरान करीब 2 हजार करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त या फ्रीज किए जाने और लगभग 3,500 करोड़ रुपए की संपत्तियां अटैच किए जाने की जानकारी सामने आई है। इन कार्रवाइयों के जरिए ED मनी लॉन्ड्रिंग से अर्जित संपत्तियों और उनके वास्तविक लाभार्थियों की पहचान करने में जुटी है।
यह भी पढ़ें:- 6 महीने में 19 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी बना वन विभाग के लिए चुनौती, दूसरे हाथी को खदेड़कर खुद दल में हुआ शामिल
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में ED का फोकस बेटिंग नेटवर्क के संचालन और उससे जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड पर है। एजेंसी यह जानना चाहती है कि महादेव ऐप और उससे जुड़ी दूसरी बेटिंग वेबसाइटों का संचालन किस तरह किया जाता था, अलग-अलग पैनल संचालकों को कौन नियंत्रित करता था और खिलाड़ियों से जमा होने वाली रकम किन खातों में पहुंचती थी। इसके अलावा विदेशी कंपनियों के जरिए किए गए कथित वित्तीय लेन-देन और हवाला नेटवर्क की भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। ED यह पता लगाना चाहती है कि बेटिंग से हासिल रकम को किन माध्यमों से भारत से बाहर भेजा गया और विदेशों में मौजूद कंपनियों तथा संपत्तियों में उसका किस तरह इस्तेमाल किया गया। ED ने अपनी पांचवीं सप्लीमेंट्री अभियोजन शिकायत में महादेव ऑनलाइन बुक ऐप और उससे जुड़ी बेटिंग वेबसाइटों के जरिए हुई कथित अपराध की कमाई का अनुमान 92 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा बताया है। एजेंसी के मुताबिक अक्टूबर 2023 में पहली अभियोजन शिकायत दाखिल करते समय यह अनुमान 10 से 11 हजार करोड़ रुपए था। इसके बाद भी नेटवर्क संचालित होता रहा और जांच में दूसरे बेटिंग प्लेटफॉर्म की भूमिका सामने आने के बाद यह आंकड़ा बढ़ा।
दुबई से संचालित होता था बेटिंग सिंडिकेट
ED के शुरुआती आकलन के मुताबिक महादेव ऑनलाइन बुक ऐप से 75 से 80 हजार करोड़ रुपए, Skyexchange.com से 11 से 12 हजार करोड़ रुपए और Lotus365.com से करीब 2,400 करोड़ रुपए की अपराध की कमाई का अनुमान है। एजेंसी ने इन आंकड़ों को अस्थायी बताया है। ED के मुताबिक महादेव ऐप का मुख्य संचालन दुबई से होता था और यह फ्रेंचाइजी मॉडल पर काम करता था। मुख्य कार्यालय से अलग-अलग पैनल संचालकों को आईडी और पासवर्ड दिए जाते थे। ये संचालक आगे खिलाड़ियों के लिए आईडी बनाते थे। खिलाड़ियों से वॉट्सऐप के जरिए बैंक खातों में रकम जमा कराई जाती थी और भुगतान की पुष्टि के बाद उनकी आईडी में पॉइंट क्रेडिट किए जाते थे। एजेंसी का आरोप है कि इस रकम को कई स्तरों पर अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता था। इसके बाद हवाला और दूसरे माध्यमों से विदेश भेजा जाता था। जांच में दुबई में कॉल सेंटर और डेटा सेंटर संचालित होने की बात भी सामने आई है। (Saurabh Chandrakar ED Custody)
7 दिन की कस्टडी, कोर्ट ने तय की पूछताछ की शर्तें
सौरभ चंद्राकर पहले CBI के एक मामले में न्यायिक रिमांड पर जेल में बंद था। ED ने रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट से अनुमति लेकर उसे मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया और पूछताछ के लिए सात दिन की कस्टडी मांगी थी। कोर्ट ने एजेंसी की मांग स्वीकार करते हुए उसे 19 नवंबर तक हिरासत में रखने का आदेश दिया है। हालांकि अदालत ने पूछताछ के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया है। सौरभ का वकील ऐसी जगह मौजूद रह सकता है, जहां से वह उसे देख सके। परिवार और वकील को रोज शाम 5 बजे से 5:30 बजे तक मुलाकात की अनुमति दी गई है। कोर्ट ने हिरासत में मारपीट या किसी तरह की शारीरिक प्रताड़ना पर रोक लगाई है। साथ ही मेडिकल जांच और CCTV निगरानी से जुड़े निर्देशों का पालन करने को कहा है। ED को उम्मीद है कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के जरिए महादेव बेटिंग सिंडिकेट के वित्तीय लेन-देन, विदेशी कंपनियों, हवाला नेटवर्क और दूसरे सहयोगियों की भूमिका से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। (Saurabh Chandrakar ED Custody)



