पत्नी कौशल्या साय के साथ छठ घाट पहुंचे CM साय, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर की प्रदेश की खुशहाली की कामना
जशपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ कुनकुरी में छठ महापर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया। आज सोमवार सुबह मुख्यमंत्री सपरिवार छठ पूजा की सामग्री और प्रसाद से सजे सूप-दउरा लेकर छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने जल में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और विधि-विधान से छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

कुनकुरी में पारंपरिक रीति-रिवाज से की छठ पूजा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी पत्नी के साथ हर साल की परंपरा के अनुसार अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी पहुंचे थे। छठ घाट पर उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा की और सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। इस अवसर पर घाट पर श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
CM साय बोले- सभी के घर आए सुख और समृद्धि
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वे हर साल की तरह अपनी पत्नी के साथ छठ महापर्व मनाने कुनकुरी आते हैं। यहां उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सभी का आशीर्वाद लेते हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज छठ घाट का भूमिपूजन भी किया गया है। उन्होंने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि सभी के घरों में सुख-समृद्धि आए और प्रदेश खुशहाल रहे।



