अजय चंद्राकर का कांग्रेस पर हमला, बोले- ‘कांग्रेस बचाओ’ अभियान चलाए पार्टी
सुखदेव भगत के छत्तीसगढ़ दौरे पर अजय चंद्राकर का तंज। वोट बचाओ अभियान, नितिन नबीन के दौरे और बस्तर से CRPF बटालियन हटाने पर दिया बयान।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिस ‘वोट चोरी, वोट बचाओ’ अभियान को लेकर जनता के बीच जा रही है, वह संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करने जैसा है। कांग्रेस को इस अभियान का नाम बदलकर ‘कांग्रेस बचाओ’ अभियान कर देना चाहिए।
कांग्रेस के पास जनहित के मुद्दे नहीं : अजय चंद्राकर
अजय चंद्राकर ने कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी के पास अब जनता से जुड़े मुद्दे नहीं बचे हैं। कांग्रेस अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने की कोशिश में जुटी है। उन्होंने सुखदेव भगत पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक योग्यता के हिसाब से उन्हें यह भी बताना चाहिए कि झारखंड में कांग्रेस कितने दिनों से सत्ता से बाहर है।
नितिन नबीन के दौरे पर मौसम को लेकर कांग्रेस पर तंज
जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के शामिल नहीं होने को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी चंद्राकर ने जवाब दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि क्या कांग्रेस का कार्यालय मौसम विभाग का कार्यालय है? कांग्रेस नेताओं को मौसम विभाग में संविदा पर रख देना चाहिए, क्योंकि उन्हें मौसम की जानकारी अच्छी तरह है।
उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने के कारण नितिन नबीन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा रद्द होने के पीछे मौसम की प्रतिकूल स्थिति थी, न कि कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोप।
बस्तर में अब विकास कार्यों पर रहेगा जोर
बस्तर से सीआरपीएफ की नक्सल विरोधी बटालियन हटाए जाने के मुद्दे पर अजय चंद्राकर ने कहा कि क्षेत्र में अब डी-माइनिंग का काम बाकी है। उनके अनुसार, बस्तर में शांति बहाली के बाद सुरक्षा बलों की तैनाती में धीरे-धीरे बदलाव किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हालात सुधरने के साथ नेताओं की सुरक्षा भी कम की गई है और नक्सल विरोधी बटालियनों की वापसी की जा रही है। अब बस्तर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता होगी।



