उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन, देशभर में उमड़ा आस्था का सैलाब, छत्तीसगढ़ में भी दिखा उत्साह

Chhath Mahaparv Celebration: लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ आज सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। तड़के सुबह से ही देशभर के नदी, तालाबों और छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने विधि-विधान से सूर्य देव की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत पूरा हुआ। बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत देश के अलग-अलग राज्यों में छठ की रौनक देखने को मिली। वहीं विदेशों में रहने वाले भारतीयों ने भी पूरे उत्साह और आस्था के साथ इस महापर्व को मनाया। छठ महापर्व का सबसे व्यापक आयोजन बिहार में देखने को मिला। राज्य के करीब 1.50 करोड़ घरों में छठ पूजा मनाई गई। राजधानी पटना में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब 100 घाट तैयार किए गए थे।
यह भी पढ़ें:- बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु समेत 3 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
सोमवार सुबह सूर्योदय से पहले ही व्रती घाटों पर पहुंचने लगे थे। बिहार में सबसे पहले किशनगंज में सुबह 5 बजकर 57 मिनट पर सूर्योदय हुआ, जिसके साथ ही व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने पैतृक गांव लखनपुर में पत्नी ममता चौधरी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सूर्य देव को अर्घ्य दिया। वहीं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी पटना में छठ पूजा के अनुष्ठान में हिस्सा लिया। देश की राजधानी दिल्ली में यमुना नदी के अलग-अलग घाटों पर छठ पूजा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। कालिंदी कुंज घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उषा अर्घ्य अर्पित किया। जानकारी के मुताबिक सूर्योदय के समय दिल्ली के यमुना घाटों पर करीब सवा लाख श्रद्धालु मौजूद थे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आईटीओ घाट पहुंचकर सूर्य देव को अर्घ्य दिया, जबकि सांसद मनोज तिवारी ने परिवार के साथ पूजा-अर्चना की। उत्तर प्रदेश के वाराणसी और गोरखपुर में भी घाटों पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा। (Chhath Mahaparv Celebration)

मोतिहारी जेल में कैदियों के लिए बना विशेष छठ घाट
गोरखपुर में सांसद रवि किशन छठ का दउरा लेकर घाट पहुंचे। उत्तराखंड के देहरादून और असम के डिब्रूगढ़, बोकाखात तथा तिनसुकिया में भी बारिश और मौसम की चुनौतियों के बीच श्रद्धालुओं ने परंपरागत तरीके से पूजा की। ओडिशा के पुरी स्थित नरेंद्र कोना तालाब में भी महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। छठ महापर्व की आस्था जेल की चारदीवारी के भीतर भी देखने को मिली। बिहार के मोतिहारी सेंट्रल जेल परिसर में कैदियों के लिए विशेष छठ घाट तैयार किया गया था। यहां 75 महिला और 62 पुरुष कैदियों समेत कुल 137 कैदियों ने छठ पूजा की। जेल परिसर में बनाए गए घाट पर कैदियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं अमेरिका के वॉशिंगटन में पोटोमैक नदी के किनारे पूर्वांचल के भारतीय समुदाय ने छठ महापर्व मनाया। इससे साफ है कि देश से दूर रहने वाले भारतीयों के बीच भी इस लोक आस्था के पर्व की परंपरा और श्रद्धा कायम है।

छत्तीसगढ़ में भी छठ की धूम, 50 से ज्यादा जगहों पर आयोजन
भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी छठ पूजा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की। छत्तीसगढ़ में भी छठ महापर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। राजधानी रायपुर में महादेव घाट, व्यास तालाब समेत 50 से ज्यादा स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन किया गया। सोमवार सुबह महादेव घाट समेत अन्य छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी पहुंचे। उन्होंने पत्नी के साथ उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और व्रत रखने वाली महिलाओं से मुलाकात कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छठ घाट के निर्माण के लिए भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि व्रती महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से घाट का विधिवत निर्माण कराया जाएगा और इसके लिए राशि भी स्वीकृत कर दी गई है। (Chhath Mahaparv Celebration)

जगदलपुर में गंगामुंडा तालाब पर भक्तिमय माहौल
बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। शहर के गंगामुंडा तालाब में सुबह से ही बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु पहुंचे। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। छठी मैया के भक्ति गीतों और आतिशबाजी से घाट गूंज उठे। इस अवसर पर जगदलपुर विधायक किरण देव और महापौर संजय पांडे समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने घाट पहुंचकर श्रद्धालुओं को पर्व की बधाई दी। कोंडागांव के ऐतिहासिक बंधा तालाब में भी छठ पूजा के अंतिम दिन आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सूर्य की पहली किरण के साथ व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा किया। तालाब परिसर में छठी मैया के गीतों और पूजा-अर्चना से माहौल भक्तिमय बना रहा। खास बात यह रही कि पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा भी अपने परिवार के साथ घाट पहुंचे और विधि-विधान से सूर्य देव की पूजा कर अर्घ्य अर्पित किया। (Chhath Mahaparv Celebration)
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल पहुंचे घाट
कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में भी छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। सुबह से ही अलग-अलग छठ घाटों पर व्रती महिलाएं परिवार के साथ पूजा सामग्री, फल और प्रसाद लेकर पहुंचीं। छठी मैया के जयकारों और भक्ति गीतों से घाट गूंजते रहे। इस दौरान प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल चिरमिरी के अलग-अलग छठ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने व्रतियों के बीच पहुंचकर पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं दी। सरगुजा संभाग में भी छठ महापर्व का उत्साह देखने को मिला। अंबिकापुर के शंकरघाट समेत शहर और आसपास के दर्जनों छठ घाटों पर तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालु जुटे। व्रती महिलाएं और उनके परिजन सिर पर पूजा सामग्री लेकर घाट पहुंचे और स्नान के बाद विधि-विधान से उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। छठ के पारंपरिक लोकगीतों ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया। बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश का प्रमुख पर्व अब सरगुजा में भी आम जनमानस का उत्सव बन चुका है। स्थानीय लोगों की भागीदारी ने इसे सामाजिक और सांस्कृतिक एकजुटता का प्रतीक बना दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं
छठ महापर्व के समापन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश साझा करते हुए कहा कि उदीयमान सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व संपन्न हुआ। प्रकृति को समर्पित इस दिव्य उत्सव में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रधानमंत्री ने छठी मैया से सभी व्रतियों और उनके परिवारों को शुभ आशीर्वाद प्रदान करने की प्रार्थना की। PM मोदी ने ट्वीट कर कहा कि उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ आज महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ। प्रकृति को समर्पित इस दिव्य उत्सव में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। छठी मइया से विनती है कि वे सभी व्रतियों के साथ-साथ देशभर के मेरे परिवारजनों को अपना शुभाशीष प्रदान करें। इस तरह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का समापन हो गया। सूर्य उपासना, कठिन तपस्या, पारिवारिक सुख-समृद्धि और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देने वाला यह पर्व एक बार फिर देशभर में आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता की मिसाल बनकर सामने आया।




