‘वाराणसी’ की शूटिंग खत्म, अब धमाके की तैयारी में राजामौली! महेश बाबू की फिल्म पर आया बड़ा अपडेट
Varanasi Movie Release Date : एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर दर्शकों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म में पहली बार महेश बाबू को बड़े पर्दे पर एक अलग अंदाज में देखने के लिए फैंस उत्साहित हैं। इसी बीच फिल्म की मौजूदा स्थिति को लेकर मेकर्स ने बड़ा अपडेट साझा किया है। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब पोस्ट-प्रोडक्शन का काम तेजी से चल रहा है। इसमें कंप्यूटर ग्राफिक्स (CG) और बैकग्राउंड म्यूजिक यानी री-रिकॉर्डिंग पर काम किया जा रहा है। हालांकि, फिल्म की डबिंग अभी शुरू नहीं हुई है।
‘वाराणसी’ के पोस्ट-प्रोडक्शन पर तेजी से काम
फिल्म की प्रोग्रेस को लेकर एक फैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आधिकारिक अकाउंट से सवाल पूछा था। इसके जवाब में मेकर्स ने बताया कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और पोस्ट-प्रोडक्शन का काम जारी है। फिलहाल सीजी और री-रिकॉर्डिंग पर काम किया जा रहा है, जबकि डबिंग शुरू होना बाकी है। (Varanasi Movie Release Date)
मेकर्स के इस जवाब के बाद फिल्म को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। दर्शकों को अब फिल्म के अगले अपडेट और इसके भव्य विजुअल्स से जुड़ी जानकारी का इंतजार है।
अगले साल 7 अप्रैल को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
फिल्म के निर्माता एसएस कार्तिकेय ने सितंबर में आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में बताया था कि पोस्ट-प्रोडक्शन का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि जनवरी तक यह काम पूरा हो जाएगा।
एसएस राजामौली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में महेश बाबू के साथ प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में 7 अप्रैल 2027 को रिलीज होने वाली है। इसका संगीत एमएम कीरवानी ने तैयार किया है। फिल्म का निर्माण श्री दुर्गा आर्ट्स और शोइंग बिजनेस के बैनर तले किया जा रहा है। (Varanasi Movie Release Date)
महेश बाबू निभा रहे हैं रुद्र का किरदार
फिल्म के टाइटल टीजर लॉन्च के दौरान निर्देशक एसएस राजामौली ने महेश बाबू के किरदार रुद्र को लेकर दिलचस्प जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि रुद्र का जन्म एक बड़े उद्देश्य को पूरा करने के लिए हुआ है। उसकी किस्मत में ऐसी जिम्मेदारी लिखी है, जिसे उसने खुद नहीं चुना।
राजामौली के मुताबिक, रुद्र का किरदार मजाकिया, भावुक और निडर स्वभाव का है। इस किरदार में साहस के साथ भावनात्मक कमजोरियां भी दिखाई देंगी। निर्देशक ने महेश बाबू की अभिनय क्षमता की तारीफ करते हुए कहा था कि किसी किरदार को सिर्फ निडर दिखाना आसान है, लेकिन उसमें साहस और भावनात्मक संवेदनशीलता को एक साथ दिखाना चुनौतीपूर्ण होता है।
पृथ्वीराज बनेंगे खलनायक कुंभा, प्रियंका चोपड़ा हैं मंदाकिनी
‘वाराणसी’ में महेश बाबू के अलावा पृथ्वीराज सुकुमारन और प्रियंका चोपड़ा के किरदार भी खास आकर्षण का केंद्र हैं। फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन खलनायक कुंभा की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जबकि प्रियंका चोपड़ा मंदाकिनी के किरदार में दिखाई देंगी।
राजामौली ने बताया था कि फिल्म के अफ्रीका शेड्यूल की शूटिंग किलिमंजारो और मसाई मारा के आसपास की गई है। यहां के प्राकृतिक नजारों ने फिल्म को भव्य सिनेमाई अनुभव देने में अहम भूमिका निभाई है। मेकर्स पहले ही दोनों कलाकारों के किरदारों की झलक दर्शकों के सामने पेश कर चुके हैं।



