Google Analytics —— Meta Pixel

कुलगाम में CRPF जवानों पर हमले का बदला, लश्कर कमांडर लतीफ भट समेत 2 आतंकी ढेर

Terrorist Encounter in Kulgam: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। कुलगाम जिले में सोमवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट समेत दो आतंकियों को मार गिराया। लतीफ भट उन आतंकियों में शामिल था, जिन्होंने पांच दिन पहले कुलगाम में CRPF के जवानों पर हमला किया था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान भी चलाया। जानकारी के मुताबिक सोमवार को कुलगाम जिले के लारू इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान सुरक्षाबल संदिग्ध ठिकाने के करीब पहुंचे तो वहां छिपे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें दो आतंकी मारे गए।

यह भी पढ़ें:- बस्तर में अब पहले जितनी फोर्स की जरूरत नहीं! 1000 से ज्यादा जवान मणिपुर होंगे रवाना

मारे गए आतंकियों में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट भी शामिल है, जो हमले वाली जगह से कुछ किलोमीटर की दूरी पर ही रहता था। वह इस साल कुलगाम और अनंतनाग में हुई कई आतंकी वारदातों में शामिल था। इनमें अनंतनाग के लाल चौक में पुलिसकर्मियों की हत्या और कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या जैसी घटनाएं शामिल हैं। कुलगाम में 11 नवंबर को आतंकियों ने नौपोरा अखरान स्थित CRPF कैंप के पास नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों को निशाना बनाया था। बाइक सवार हमलावरों ने जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी थी। इस हमले में CRPF की 46वीं बटालियन के तीन जवान घायल हो गए थे। घायलों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो समेत राकेश दास के रूप में हुई थी। (Terrorist Encounter in Kulgam)

6 महीने में लश्कर के चार कमांडर ढेर

हमले का CCTV फुटेज भी सामने आया था, जिसमें हमलावर महज 15 सेकेंड के भीतर करीब 30 राउंड गोलियां चलाते नजर आए थे। गोलीबारी में घायल जवानों को उपचार के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर रेफर किया गया था। इस हमले के बाद से ही सुरक्षाबल हमलावरों की तलाश में अभियान चला रहे थे। जम्मू-कश्मीर में पिछले छह महीनों के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के चार कमांडर सुरक्षाबलों के ऑपरेशन में मारे जा चुके हैं। इनमें लतीफ भट के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी शामिल हैं। जाकिर अहमद गनई को 8 जुलाई 2026 को शोपियां में मार गिराया गया था। वहीं 4 सितंबर को ऑपरेशन असधर के दौरान यासिर और 30 सितंबर को बडगाम में ऑपरेशन शेरुवाली के दौरान मूसा उर्फ आसिफ फौजी मारा गया था। लतीफ भट के मारे जाने को घाटी में लश्कर के नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षाबलों की एक और बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। (Terrorist Encounter in Kulgam)

CRPF कैंप और जवानों पर पहले भी हुए हमले

कुलगाम जिले में CRPF के कैंप और जवान लंबे समय से आतंकियों के निशाने पर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक 2007 से 2022 के बीच जिले में CRPF और संयुक्त सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर सात बड़ी वारदातें हुईं। 1 जून 2007 को नेहामा स्थित CRPF कैंप में ग्रेनेड विस्फोट हुआ था, जिसमें दो जवान शहीद और तीन घायल हुए थे। इसके बाद 11 मार्च 2018 को दमहाल हांजीपोरा में CRPF की 18वीं बटालियन की गार्ड पोस्ट पर ग्रेनेड फेंका गया, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। 6 फरवरी 2019 को लारू स्थित CRPF कैंप पर ग्रेनेड हमले में एक जवान घायल हुआ था। 17 अगस्त 2020 को नेहामा में कैंप के बाहर बने बंकर पर फायरिंग की गई, जिसमें एक ASI घायल हुए थे। 7 नवंबर 2021 को नेहामा चौक पर CRPF जवानों पर ग्रेनेड फेंका गया, जो सड़क किनारे फट गया। 26 अप्रैल 2022 को ब्राजलू ब्रिज पर CRPF की बुलेटप्रूफ बस को ग्रेनेड से निशाना बनाया गया था, जिससे बस को नुकसान पहुंचा, लेकिन कोई जवान घायल नहीं हुआ। वहीं 24 मई 2022 को यारीपोरा में पुलिस और CRPF की संयुक्त नाका पार्टी पर ग्रेनेड हमला और फायरिंग हुई थी। इस घटना में भीड़ में ग्रेनेड फटने से 13 लोग घायल हो गए थे।

3 साल में 548 घटनाएं, 138 आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जाने के बावजूद आतंकी घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बनी हुई हैं। आंकड़ों के मुताबिक साल 2024 से 9 नवंबर 2026 तक जम्मू-कश्मीर में कुल 548 आतंकी घटनाएं दर्ज की गईं। इन घटनाओं में 45 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए, जबकि सुरक्षाबलों ने 138 आतंकियों को मार गिराया। साल 2024 में 210 आतंकी घटनाएं हुईं, जिनमें 69 आतंकी मारे गए और 26 जवान शहीद हुए थे। साल 2025 में 189 घटनाएं दर्ज की गईं। इस दौरान 46 आतंकियों का सफाया हुआ और 17 जवानों ने अपनी जान गंवाई। वहीं साल 2026 में 9 नवंबर तक 149 आतंकी घटनाएं सामने आईं। इस दौरान 23 आतंकी मारे गए और दो जवान शहीद हुए। कुलगाम में लतीफ भट समेत दो आतंकियों का मारा जाना सुरक्षाबलों के लिए महत्वपूर्ण कामयाबी है। हालांकि लगातार सामने आ रही आतंकी घटनाएं यह भी बताती हैं कि घाटी में आतंकवाद के खिलाफ अभियान और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चुनौतियां अभी बनी हुई हैं। (Terrorist Encounter in Kulgam)

Back to top button
error: Content is protected !!