Google Analytics —— Meta Pixel

आसियान समिट में शामिल होने फिलीपींस पहुंचे PM मोदी, भारतीय समुदाय ने किया जोरदार स्वागत

PM Modi Philippines Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 नवंबर को तीन दिवसीय यात्रा पर फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे, जहां मनीला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान भारतीय समुदाय के लोगों ने फूल-मालाओं के साथ प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। PM मोदी ने भी एयरपोर्ट पर मौजूद भारतीयों का अभिवादन स्वीकार किया। साल 2017 के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह दूसरी फिलीपींस यात्रा है। उनके दौरे को भारत और फिलीपींस के बीच कूटनीतिक, व्यापारिक और रणनीतिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 नवंबर को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता, व्यापार, आर्थिक सहयोग, जलवायु परिवर्तन और हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

यह भी पढ़ें:- भारत-मिस्र आर्थिक साझेदारी को नई उड़ान, FTA की तैयारी में बनेगा संयुक्त कार्य समूह, 2028 में दिल्ली में होगी अगली बैठक

भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने के लिए भी बातचीत होगी। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने प्रधानमंत्री मोदी को आसियान सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। सम्मेलन के दौरान सदस्य देश आपसी संबंधों की समीक्षा करने के साथ भविष्य की साझेदारी की प्राथमिकताओं पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की फिलीपींस यात्रा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात भी चर्चा का विषय है। दोनों नेताओं के क्वाड देशों की बैठक में शामिल होने की बात सामने आई है। इस बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष नेता हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विचार कर सकते हैं। करीब दो साल बाद क्वाड देशों के नेताओं की आमने-सामने बैठक होने जा रही है। ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में यह पहली क्वाड लीडर्स बैठक होगी। क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव, समुद्री मार्गों की सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में रह सकते हैं।

क्या है क्वाड और क्यों महत्वपूर्ण है इसकी बैठक ?

क्वाड यानी क्वाड्रीलैटरल सिक्योरिटी डायलॉग चार देशों का समूह है। इसमें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इसकी शुरुआत साल 2007 में हुई थी। हालांकि, शुरुआती दौर में इसकी गतिविधियां धीमी पड़ गई थीं। 2017 में इसे फिर सक्रिय किया गया। क्वाड का उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता, सुरक्षा और सहयोग को बढ़ावा देना है। इसके तहत चारों देश समुद्री सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, महत्वपूर्ण तकनीक, आपूर्ति श्रृंखला और क्षेत्रीय संपर्क जैसे विषयों पर मिलकर काम करते हैं। चीन के बढ़ते प्रभाव के कारण भी इस समूह की रणनीतिक भूमिका पर लगातार चर्चा होती रही है। आसियान यानी दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन। इसकी स्थापना 8 अगस्त 1967 को हुई थी। शुरुआत में इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर और थाईलैंड इसके संस्थापक सदस्य थे। इसका मुख्यालय इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में है। इस संगठन का प्रमुख उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आर्थिक विकास, व्यापार, क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देना है। भारत आसियान का सदस्य नहीं है, लेकिन संगठन के साथ उसका रणनीतिक साझेदारी का संबंध है। दक्षिण-पूर्व एशिया में भारत की आर्थिक और कूटनीतिक भागीदारी बढ़ाने में आसियान की महत्वपूर्ण भूमिका है। (PM Modi Philippines Tour)

भारत की एक्ट ईस्ट नीति में आसियान की अहम भूमिका

भारत की एक्ट ईस्ट नीति का उद्देश्य दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के साथ आर्थिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करना है। आसियान इस नीति का महत्वपूर्ण साझेदार है। भारत इन देशों के साथ व्यापार बढ़ाने के अलावा सड़क, रेल और समुद्री संपर्क को बेहतर बनाने पर भी जोर दे रहा है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखना भी भारत की प्राथमिकताओं में शामिल है। भारत और आसियान के बीच समुद्री सहयोग, सुरक्षा, डिजिटल अर्थव्यवस्था और आपूर्ति श्रृंखला जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। दक्षिण-पूर्व एशिया दुनिया के प्रमुख व्यापारिक समुद्री मार्गों में शामिल है। हिंद महासागर और प्रशांत महासागर को जोड़ने वाला यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यहां स्थित मलक्का जलडमरूमध्य दुनिया के व्यस्त समुद्री रास्तों में गिना जाता है। मध्य-पूर्व से चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों तक पहुंचने वाले तेल और ऊर्जा संसाधनों की बड़ी खेप इसी समुद्री क्षेत्र से गुजरती है। दक्षिण चीन सागर भी वैश्विक व्यापार और मालवाहक जहाजों की आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण है। ऐसे में इस क्षेत्र में तनाव बढ़ने या समुद्री आवाजाही प्रभावित होने से कई देशों की ऊर्जा आपूर्ति और व्यापार पर असर पड़ सकता है।

भारतीय समुदाय में PM के स्वागत को लेकर उत्साह

प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को लेकर फिलीपींस में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। इंडिया बिजनेस फोरम के अध्यक्ष दिलीप तिवारी ने कहा कि 2017 के बाद प्रधानमंत्री की यह दूसरी यात्रा है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ सालों में फिलीपींस में भारतीय समुदाय के प्रति सम्मान और स्वीकार्यता में बदलाव महसूस किया गया है। प्रधानमंत्री का दौरा यहां रहने वाले भारतीयों के लिए गर्व का अवसर है। फिलीपींस में इस्कॉन राधा माधव ट्रस्ट की उपाध्यक्ष इंद्रावली देवी दासी ने बताया कि प्रधानमंत्री के आने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने भारतीय दूतावास के माध्यम से उन्हें मंदिर आने का निमंत्रण भेजा था। उन्होंने प्रधानमंत्री के मंदिर पहुंचने की उम्मीद जताई। वहीं भारतीय समुदाय की सदस्य ख्याति ने कहा कि प्रधानमंत्री का फिलीपींस पहुंचना यहां रहने वाले भारतीयों के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है। (PM Modi Philippines Tour)

मनीला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की। साथ ही इलिगन सिटी के इंटीग्रेटेड परफॉर्मिंग आर्ट्स गिल्ड (IPAG) की ओर से प्रस्तुत नाटक ‘सीता: द रामायण रिविजिटेड’ देखा। इस नाटक के जरिए दक्षिण-पूर्व एशिया में रामायण की सांस्कृतिक विरासत और भारत-फिलीपींस के साझा सभ्यतागत संबंधों को दर्शाया गया। वहीं श्री सत्य साईं स्कूल के फिलीपीनो और भारतीय मूल के छात्रों ने प्रधानमंत्री के सामने पूर्ण कुंभ श्लोक का पाठ किया। इस दौरान प्रवासी भारतीयों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात को सौभाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है। भारतीय समुदाय के सदस्य रोहित ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत एक बहुत अच्छा पल था। हमें यहां आए हुए दो साल हो गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने पूछा कि क्या हम अयोध्या गए हैं या नहीं। हम जरूर जाएंगे।

भारतीय समुदाय के एक अन्य सदस्य पंकज ने कहा कि हम चाहते हैं कि PM मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़े। उनके नेतृत्व की वजह से हमें जो सम्मान और आदर मिल रहा है, वह वाकई बहुत शानदार है। PM मोदी के नेतृत्व ने एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव लाया है। भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्य दिनेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से मिलना एक बड़े सौभाग्य की बात थी। वे हम सभी के लिए प्रेरणा हैं। ‘विकसित भारत 2047’ के लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा। हमें इस लक्ष्य को हासिल करना है। PM मोदी ने ट्वीट कर कहा कि भारतीय समुदाय से मिलकर बहुत खुशी हुई, जिन्होंने मेरा बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया। यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि हमारे प्रवासी भारतीय न केवल अपनी संस्कृति को सहेज कर रखे हुए हैं, बल्कि दोनों देशों को करीब लाने की दिशा में भी काम कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में भारत और फिलीपींस के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों की एक शानदार झलक देखने को मिली। यहां ‘अगुसान की गोल्डन तारा’ और 9वीं-10वीं सदी के ऐतिहासिक ‘लगुना कॉपरप्लेट शिलालेख’ की प्रतिकृतियां देखीं। यह देखना विशेष रूप से सुखद था कि दोनों देशों के बच्चों ने ‘पूर्ण कुंभ श्लोक’ का पाठ किया, और उसके बाद उन्होंने पूरे जोश के साथ बॉलीवुड और भांगड़ा की प्रस्तुतियां दीं।

भारत-फिलीपींस व्यापार बढ़ाने की उम्मीद

फिलीपींस में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विशाल हाथीरामानी ने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर भारतीय समुदाय में काफी उत्साह है। 2017 में प्रधानमंत्री मोदी की पिछली यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार लगभग 2 अरब डॉलर के स्तर पर था। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार होगा। उन्होंने बताया कि भारत और आसियान के बीच कारोबारी सहयोग बढ़ाने के लिए सितंबर में आसियान-भारत बिजनेस फोरम की शुरुआत की गई। इसके माध्यम से फिलीपींस, भारत और आसियान के अन्य देशों के बीच व्यापारिक संपर्क मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और फिलीपींस के बीच व्यापार समझौते को लेकर कुछ मुद्दों पर आगे बातचीत और सुधार की गुंजाइश है। आसियान सम्मेलन के आयोजन स्थल के आसपास अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रस्तावित यात्रा और अमेरिकी नीतियों के विरोध में प्रदर्शन भी हुए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदर्शन कर रहे करीब 300 लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका की नीतियों को लेकर विरोध जताया। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों के बीच मनीला में सुरक्षा व्यवस्था भी चर्चा का विषय बनी हुई है। (PM Modi Philippines Tour)

Back to top button
error: Content is protected !!