Google Analytics —— Meta Pixel

PM मोदी ने आसियान देशों के सामने रखे 9 प्रस्ताव, बोले- शांति, समृद्धि और स्थिरता के लिए मिलकर काम करना जरूरी

PM Modi in ASEAN Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और आसियान देशों के बीच सहयोग को नई ऊंचाई देने के लिए शांति, समृद्धि और पूर्वानुमान योग्यता (Peace, Prosperity and Predictability) यानी PPP का आह्वान किया है। फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और आसियान की तरक्की एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई है। क्षेत्र और दुनिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए दोनों पक्षों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र का भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि सहयोग से तय होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘भविष्य की राह पर एक साथ’ थीम के तहत आयोजित शिखर सम्मेलन में आसियान की सफल अध्यक्षता के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस को बधाई दी। साथ ही भारत के लिए देश समन्वयक के रूप में फिलीपींस के समर्थन की सराहना की। 

यह भी पढ़ें:- PM मोदी ने फिलीपींस के ऐतिहासिक गुरुद्वारे में टेका मत्था, सिंगापुर और थाईलैंड के PM से की मुलाकात

उन्होंने भारत और आसियान के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत एक स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विश्वास रखता है। PM मोदी ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के इस दौर में भारत और आसियान के साझा मूल्य, समान वैश्विक दृष्टिकोण और गहरे सांस्कृतिक संबंध उनकी साझेदारी को मजबूती दे रहे हैं। भारत की एक्ट ईस्ट नीति ने भी इन संबंधों को नई गति प्रदान की है। उन्होंने आसियान की एकता और केंद्रीयता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का विकास और आसियान देशों की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई है। भारत की प्रगति से आसियान देशों को लाभ होगा, वहीं आसियान की समृद्धि भारत के विकास को नई गति देगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 और आसियान समुदाय विजन-2045 दोनों पक्षों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। (PM Modi in ASEAN Summit)

PM मोदी ने बताया कि साल 2014 से भारत ने आसियान देशों के साथ लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए 100 से ज्यादा पहल की हैं। इसके अलावा लगभग 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार से ज्यादा छात्रवृत्तियां दी गई हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भविष्य की दुनिया में प्रौद्योगिकी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। ऐसे में भारत और आसियान देशों को केवल तकनीक का उपभोक्ता बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसके सह-निर्माण की दिशा में भी काम करना चाहिए। उन्होंने तकनीकी सहयोग के साथ-साथ युवाओं को नए कौशल से जोड़ने और उन्हें भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष अनुसंधान, परमाणु ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में सहयोग दोनों पक्षों के लिए नए अवसर पैदा कर सकता है। भारत और आसियान के संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने पर्यटन, समुद्री सुरक्षा, शिक्षा, तकनीक, ऊर्जा और युवा संपर्क से जुड़े 9 प्रमुख प्रस्ताव रखे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक इन पहलों का उद्देश्य दोनों पक्षों के बीच सहयोग को व्यापक बनाना और आपसी संपर्क को बढ़ावा देना है। (PM Modi in ASEAN Summit)

आसियान देशों के सामने रखे ये अहम प्रस्ताव

आसियान देशों के पर्यटकों को भारत आने के लिए मुफ्त ई-वीजा देने का प्रस्ताव रखा गया। इससे पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। समुद्री व्यापार और कनेक्टिविटी बढ़ाने के साथ वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन, तटरक्षक बलों के बीच सहयोग, समुद्री क्षेत्र की निगरानी और नाविकों की सुरक्षा के लिए दीर्घकालिक योजना का प्रस्ताव दिया गया। साइबर अपराधों की जांच और डिजिटल सबूत जुटाने की क्षमता विकसित करने के लिए संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की बात कही गई। परमाणु ऊर्जा से जुड़ी तकनीक और विशेषज्ञता के आदान-प्रदान के लिए आसियान-भारत तकनीकी सहयोग का प्रस्ताव रखा गया। अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए आसियान-भारत स्पेस हैकाथॉन आयोजित करने की पहल की गई। महत्वपूर्ण खनिजों की खोज, खनन और उनसे जुड़ी तकनीक के विकास में दोनों पक्षों के बीच सहयोग बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया। आसियान-भारत यूथ कनेक्ट पहल के तहत युवा शिखर सम्मेलन, युवा सांसदों के आदान-प्रदान और स्टार्टअप हैकाथॉन आयोजित करने की बात कही गई। आसियान देशों के ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को नालंदा विश्वविद्यालय में पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति देने का प्रस्ताव रखा गया।

2027 में भारत-आसियान संबंधों के होंगे 35 साल

साल 2027 में आयोजित होने वाले वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (WAVES) में आसियान-भारत क्रिएटिव पार्टनरशिप पवेलियन बनाने का प्रस्ताव दिया गया। इसका उद्देश्य मीडिया और मनोरंजन के क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच सहयोग बढ़ाना है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि साल 2027 भारत-आसियान संबंधों के लिए विशेष महत्व रखेगा। इस साल दोनों पक्षों के बीच संबंधों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के 5 साल पूरे होंगे। उन्होंने इस अवसर को सहयोग के नए आयाम स्थापित करने के लिए महत्वपूर्ण बताया। शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने फिलीपींस में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की। फिलीपींस में भारतीय मूल के करीब 70 हजार लोग रहते हैं, जो वहां के सामाजिक, सांस्कृतिक और कारोबारी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे परिवारों की है, जिनकी जड़ें कई पीढ़ियों से फिलीपींस में हैं। इसके अलावा फिलीपींस में करीब 9,800 भारतीय छात्र भी पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें अधिकांश विद्यार्थी मेडिकल शिक्षा के लिए वहां जाते हैं। भारतीय समुदाय के लोग मुख्य रूप से मेट्रो मनीला, दावाओ और सेबू शहरों में रहते हैं। इस समुदाय में पंजाबी और सिंधी परिवारों की बड़ी हिस्सेदारी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और आसियान के बीच मजबूत होते संबंधों को क्षेत्रीय शांति, आर्थिक विकास और साझा समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच बढ़ता सहयोग न केवल व्यापार और तकनीक को नई दिशा देगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी नए अवसर तैयार करेगा। बता दें कि आसियान शिखर सम्मेलन दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के लिए राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मंच है। इस बार सम्मेलन में खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, क्षेत्रीय शांति, प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय अपराध जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो रही है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ी है। ऐसे में ऊर्जा सुरक्षा और वैकल्पिक आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सदस्य देशों की चिंता बढ़ गई है। दक्षिण चीन सागर में चीन और आसियान देशों के बीच जारी विवाद भी इस सम्मेलन का प्रमुख मुद्दा है। समुद्री क्षेत्र में तनाव कम करने और टकराव की आशंका रोकने के लिए दोनों पक्ष आचार संहिता तैयार करने पर बातचीत कर रहे हैं। इसके मसौदे के करीब 80 प्रतिशत हिस्से पर सहमति बन चुकी है, हालांकि कुछ मुद्दों पर अब भी मतभेद बने हुए हैं। सम्मेलन के समापन पर फिलीपींस आसियान की अध्यक्षता सिंगापुर को सौंप देगा। (PM Modi in ASEAN Summit)

क्या है आसियान संगठन ?

आसियान यानी एसोसिएशन ऑफ साउथ ईस्ट एशियन नेशंस (Association of Southeast Asian Nations) दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का क्षेत्रीय संगठन है। इसकी स्थापना 8 अगस्त 1967 को हुई थी और इसका मुख्यालय इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में स्थित है। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच व्यापार, आर्थिक विकास, क्षेत्रीय सहयोग, शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देना है। संगठन में वर्तमान में 11 सदस्य देश शामिल हैं। इनमें इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर और थाईलैंड इसके संस्थापक सदस्य हैं। ब्रुनेई 1984 में, वियतनाम 1995 में, लाओस और म्यांमार 1997 में तथा कंबोडिया 1999 में संगठन से जुड़े। तिमोर-लेस्ते 2025 में इसका 11वां सदस्य बना। भारत आसियान का सदस्य नहीं है, लेकिन संगठन का महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है। दोनों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, शिक्षा और तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है। भारत की एक्ट ईस्ट नीति में भी आसियान की महत्वपूर्ण भूमिका है। दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के साथ मजबूत संबंध भारत के व्यापार, कनेक्टिविटी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक हितों के लिहाज से अहम हैं। (PM Modi in ASEAN Summit)

12.07 लाख करोड़ रुपए का भारत-आसियान व्यापार

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक वित्त वर्ष 2025-26 में भारत और आसियान देशों के बीच कुल व्यापार करीब 12.07 लाख करोड़ रुपए रहा। इसमें भारत का आसियान देशों को निर्यात 3.61 लाख करोड़ रुपए और वहां से आयात 8.46 लाख करोड़ रुपए रहा। भारत मुख्य रूप से रिफाइंड पेट्रोलियम, इंजीनियरिंग सामान, केमिकल्स, दवाइयां और कृषि उत्पादों का निर्यात करता है। वहीं आसियान देशों से भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर चिप्स, कोयला, पाम ऑयल, मशीनरी और प्लास्टिक जैसे उत्पादों का आयात करता है। इस तरह आसियान भारत के लिए एक बड़ा व्यापारिक साझेदार है और दोनों के बीच आर्थिक सहयोग क्षेत्रीय विकास के साथ वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाता है। कुल मिलाकर आसियान समिट सिर्फ दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों की बैठक नहीं, बल्कि क्षेत्रीय शांति, आर्थिक स्थिरता और वैश्विक व्यापार की दिशा तय करने वाला अहम मंच है। भारत के लिए भी आसियान के साथ मजबूत साझेदारी रणनीतिक और आर्थिक दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण है। ऐसे में 9 नए प्रस्तावों के जरिए प्रधानमंत्री मोदी ने साफ संदेश दिया है कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों में भारत और आसियान का भविष्य आपसी सहयोग, साझा विकास और भरोसे पर टिका है।

Back to top button
error: Content is protected !!