किसान मितान अभियान को रायपुर संभाग में गति देंगे राजेश साहू, 6 जिलों में संगठन विस्तार की मिली जिम्मेदारी

BJP Kisan Morcha Chhattisgarh: भाजपा किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश मंत्री और धमतरी जिला प्रभारी राजेश साहू को किसान मितान गठन अभियान के तहत रायपुर संभाग का संयोजक नियुक्त किया गया है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के साथ अब वे संभाग के 6 जिलों में अभियान के संचालन, संगठनात्मक समन्वय और बूथ स्तर पर किसानों को संगठित करने की दिशा में कार्य करेंगे। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में संचालित किसान मितान अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को संगठन से जोड़ना, प्रत्येक बूथ पर मजबूत किसान नेटवर्क तैयार करना, केंद्र और राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और अंतिम पंक्ति के किसानों तक पहुंचाना है।
यह भी पढ़ें:- Instagram पर अब कम दिखेगा अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट, Meta ने बदला एल्गोरिदम; Reels और Explore पर भी पड़ेगा असर
रायपुर संभाग संयोजक के रूप में राजेश साहू को रायपुर शहर, रायपुर ग्रामीण, बलौदाबाजार, महासमुंद, गरियाबंद और धमतरी जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान के तहत मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और किसानों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर रहेगा। राजेश साहू लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वे पूर्व में भाजपा रायपुर ग्रामीण के जिला प्रवक्ता और जिला सह-प्रभारी समेत अलग-अलग संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान में वे भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं धमतरी जिला प्रभारी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों और संगठनात्मक गतिविधियों से उनके निरंतर जुड़ाव को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। (BJP Kisan Morcha Chhattisgarh)
हर बूथ पर 10 किसान मितान बनाने का लक्ष्य
नई जिम्मेदारी मिलने पर राजेश साहू ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर और संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। रायपुर संभाग के सभी छह जिलों में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग से ‘हर बूथ-10 किसान मितान’ के संकल्प को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि किसानों को संगठित करना, उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक किसान तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य रहेगा। (BJP Kisan Morcha Chhattisgarh)
अभियान महज सदस्यता बढ़ाने का कार्यक्रम नहीं: राजेश साहू
राजेश साहू ने कहा कि किसान सिर्फ अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं। किसान मितान अभियान महज सदस्यता बढ़ाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों और संगठन के बीच संवाद, विश्वास एवं सहभागिता का स्थायी सेतु बनाने की पहल है। उन्होंने विश्वास जताया कि संभाग के सभी छह जिलों के पदाधिकारियों, मंडल इकाइयों, बूथ कार्यकर्ताओं और किसान साथियों के सामूहिक प्रयास से अभियान को व्यापक सफलता मिलेगी। (BJP Kisan Morcha Chhattisgarh)



