मां की ममता का सौदा, 8 लाख में बिकने वाला था नवजात, अस्पताल से घर तक फैला बच्चा बेचने का नेटवर्क

Newborn Baby Selling Racket: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है। मुफ्त प्रसव और इलाज कराने का झांसा देकर ओडिशा की 21 साल की आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिला को रायपुर लाया गया। यहां एक निजी अस्पताल में प्रसव कराने के बाद महिला और उसके नवजात बच्चे को अलग-अलग घरों में रखा गया। इस दौरान नवजात का भिलाई के एक दंपती से 8 लाख रुपए में सौदा तय कर लिया गया। हालांकि आरोपियों की बातचीत सुनने के बाद पीड़िता को बच्चे की बिक्री की साजिश का पता चल गया और वह मौका पाकर घर से भाग निकली। मामले में पुलिस ने लैब टेक्नीशियन समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। जांच में नवजातों की खरीद-फरोख्त से जुड़े बड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं।
यह भी पढ़ें:- सफाई व्यवस्था पर अकबर के आरोपों से गरमाई सियासत, अरुण साव का पलटवार, बोले – कांग्रेस ने सत्ता में रहते नहीं किया काम
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी रामकुंड निवासी कृतिका साहू (34) पेशे से लैब टेक्नीशियन है। कुछ अस्पतालों में काम करने के दौरान उसका संपर्क मेडिकल एजेंटों से हुआ था। पिछले महीने एक परिचित के माध्यम से उसकी पहचान ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली गर्भवती महिला से हुई। महिला की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। इसी का फायदा उठाकर कृतिका ने उसे अच्छे अस्पताल में मुफ्त इलाज और प्रसव कराने का भरोसा दिया। इसके बाद महिला अपने परिजनों के साथ रायपुर पहुंची। अस्पताल में भर्ती होने के बाद उसका पति वापस लौट गया। करीब 14 दिन पहले महिला ने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद कृतिका मां और नवजात को अपने साथ ले गई। 4 नवंबर को दोनों को गोगांव निवासी अहिल्या नामदेव (40) के घर पहुंचा दिया गया। आरोप है कि यहीं से नवजात को बेचने की तैयारी शुरू हुई। (Newborn Baby Selling Racket)
भिलाई के दंपती से 8 लाख में तय किया सौदा
पुलिस जांच में सामने आया कि अहिल्या नामदेव ने नवजात को बेचने के लिए पुराना भिलाई निवासी गीतिका नाग (34) से संपर्क किया। गीतिका ने भिलाई के एक दंपती से बच्चे का सौदा 8 लाख रुपये में तय किया था। इस रकम में से 3 लाख रुपये गीतिका को मिलने थे, जबकि शेष राशि कृतिका को दी जानी थी। इसी दौरान पीड़ित महिला ने आरोपियों की बातचीत सुन ली और उसे अपने बच्चे को बेचने की साजिश का पता चल गया। 17 नवंबर को मौका मिलते ही वह अहिल्या के घर से भाग निकली। रास्ते में एक व्यक्ति को अपनी आपबीती बताई और फिर सीधे पुलिस के पास पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने महिला को सुरक्षित रेस्क्यू कर सेंटर में रखवाया। पूछताछ के दौरान पूरे मामले का खुलासा हुआ। मामले की जांच में गुढ़ियारी के एकता नगर स्थित श्री साईं अस्पताल का नाम सामने आया है, जहां महिला का प्रसव कराया गया था। पुलिस ने अस्पताल के डॉक्टरों को पूछताछ के लिए तलब किया है। चर्चा है कि प्रसव कराने के लिए अस्पताल को करीब 50 हजार रुपए दिए जाते थे। इसके अलावा पुलिस को दो अन्य निजी अस्पतालों की जानकारी भी मिली है, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अपनाया जाता था तरीका
जांच के दौरान गुढ़ियारी के शांति अस्पताल के एक डॉक्टर को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों को नवजात की खरीद-फरोख्त की जानकारी थी या नहीं। पुलिस का कहना है कि अस्पतालों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ अलग से एफआईआर दर्ज की जाएगी। पुलिस की जांच में नवजातों की खरीद-फरोख्त के तरीके को लेकर भी चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोप है कि कृतिका तीन निजी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं का प्रसव कराती थी। इस दौरान अस्पताल के रजिस्टर और मेडिकल पर्चियों में वास्तविक गर्भवती महिला की जगह उस महिला का नाम दर्ज कराया जाता था, जो बच्चा लेना चाहती थी। इससे जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में आसानी होती थी और कागजों में बच्चे की मां खरीदार महिला ही दिखाई देती थी। इस काम के बदले अस्पताल को 10 हजार रुपए दिए जाते थे, जबकि प्रसव का बाकी खर्च अलग से चुकाया जाता था। पुलिस अब अस्पतालों के रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि इस पूरे तरीके में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। (Newborn Baby Selling Racket)
कमीशन पर काम कर रहा था छत्तीसगढ़-ओडिशा नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, कृतिका के संपर्क में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कई मेडिकल एजेंट, मितानिन और झोलाछाप डॉक्टर थे। इनके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिलाओं की तलाश की जाती थी। महिलाओं को मुफ्त इलाज, प्रसव और कुछ पैसे देने का लालच दिया जाता था। इसके बाद उन्हें रायपुर लाया जाता था। आरोप है कि महिलाओं को रायपुर लाने के लिए एजेंटों को भी कमीशन दिया जाता था। इस नेटवर्क में एक शर्त यह रखी जाती थी कि गर्भवती महिला के परिजन उसके साथ नहीं आएंगे। पुलिस को कृतिका के घर से 28 बच्चों की तस्वीरें और अस्पतालों से जुड़े कई दस्तावेज मिले हैं। इन दस्तावेजों में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि कृतिका 2023 से इस तरह की गतिविधियों में शामिल थी। अहिल्या और गीतिका भी पहले से उसके संपर्क में थीं। पुलिस अब इस नेटवर्क के पुराने मामलों और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। वहीं, नवजात को खरीदने के लिए 8 लाख रुपए का सौदा करने वाले भिलाई के दंपती की तलाश भी की जा रही है। फिलहाल पुलिस तीनों गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ कर रही है। जांच का दायरा निजी अस्पतालों, मेडिकल एजेंटों और संभावित खरीदारों तक बढ़ा दिया गया है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए पहले भी नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त की गई हो सकती है।




