छत्तीसगढ़ में मधुमक्खियों का स्कूली बच्चों पर हमला, 40 से 50 छात्र घायल; स्कूल परिसर में मची अफरा-तफरी

बैकुण्ठपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चरचा कॉलरी स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में बुधवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने अचानक स्कूली बच्चों पर हमला कर दिया। इस घटना में करीब 40 से 50 बच्चे मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए। अचानक हुए हमले से स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई और बच्चे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। स्कूल की प्रथम पाली की छुट्टी होने के बाद बच्चे कक्षाओं से निकलकर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड अचानक बच्चों पर टूट पड़ा। देखते ही देखते मधुमक्खियों ने कई बच्चों को डंक मारकर घायल कर दिया। हमले के बाद स्कूल परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना के बाद स्कूल के शिक्षकों ने मोबाइल मैसेज के जरिए बच्चों के परिजनों को इसकी सूचना दी। स्कूल प्रबंधन ने घायल बच्चों को घर भेज दिया। बच्चों की हालत देखकर परिजन घबरा गए और उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
इन बच्चों को मधुमक्खियों ने बनाया निशाना
मधुमक्खियों के हमले में घायल बच्चों में कक्षा छठवीं के नैतिक यादव (11), कक्षा नौवीं के अर्थव सिंह, कक्षा तीसरी के अवान हुसैन (9) और रूहान (7), कक्षा पांचवीं की सारा अंसारी (10), कक्षा चौथी की कृतिका विश्वकर्मा (9) और प्रीति रानी (9), कक्षा दूसरी की माधुरी (7), कक्षा छठवीं की सुनिधि (11) और नेमत (12), कक्षा आठवीं की दीपिका (14) तथा कक्षा सातवीं की अलतमा फातिमा (12) सहित अन्य बच्चे शामिल हैं।
घटना के बाद बच्चों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है। स्कूल परिसर में अचानक हुए इस हमले ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



