Google Analytics —— Meta Pixel

अस्पतालों के रिकॉर्ड में बदल देते थे मां का नाम, जन्म प्रमाण पत्र से पहले ही तैयार हो जाती थी नवजात की नई पहचान

Raipur Newborn Baby Trafficking: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के मामले ने स्वास्थ्य व्यवस्था और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच में एक ऐसे नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसमें गर्भवती महिलाओं को तलाशने से लेकर प्रसव कराने, नवजात को खरीदार तक पहुंचाने और सरकारी दस्तावेजों में उसकी पहचान बदलने तक की व्यवस्था बनाई गई थी। आरोप है कि इस पूरे खेल में मेडिकल एजेंट, मितानिन और झोलाछाप डॉक्टर भी कमीशन के आधार पर काम कर रहे थे। सबसे गंभीर बात यह है कि जन्म के बाद बच्चे की वास्तविक मां की जगह उसे खरीदने वाले दंपती की पहचान दस्तावेजों में दर्ज कराने का तरीका अपनाया जाता था।

यह भी पढ़ें:- मां की ममता का सौदा, 8 लाख में बिकने वाला था नवजात, अस्पताल से घर तक फैला बच्चा बेचने का नेटवर्क

पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क में प्रसव के लिए निजी अस्पतालों का इस्तेमाल किया जाता था। आरोप है कि गर्भवती महिला को अस्पताल में भर्ती कराने के दौरान मेडिकल रिकॉर्ड, रजिस्टर और पर्चियों में वास्तविक मां की जगह उस महिला का नाम दर्ज कराया जाता था, जो नवजात को अपने पास रखना चाहती थी। इस तरह कागजों में बच्चे की जन्मदात्री मां के रूप में खरीदार महिला का नाम दर्ज कराने की तैयारी की जाती थी। जांच के मुताबिक इस काम के बदले अस्पताल को कथित तौर पर 10 हजार रुपए दिए जाते थे। वहीं प्रसव और अन्य इलाज का खर्च अलग से चुकाया जाता था। पुलिस अब अस्पतालों के रिकॉर्ड, मेडिकल पर्चियों और जन्म से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका थी।

गर्भवती की तलाश के लिए बनाया था एजेंटों का नेटवर्क

इस पूरे मामले में सिर्फ तीन महिलाओं की भूमिका तक जांच सीमित नहीं है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी कृतिका साहू के संपर्क में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कई मेडिकल एजेंट, मितानिन और झोलाछाप डॉक्टर थे। इन लोगों के जरिए ऐसी गर्भवती महिलाओं की तलाश की जाती थी, जो आर्थिक रूप से कमजोर हों या सामाजिक परिस्थितियों के कारण परिवार से अपनी गर्भावस्था छिपा रही हों। महिलाओं को मुफ्त इलाज, अच्छे अस्पताल में प्रसव और आर्थिक मदद का भरोसा दिया जाता था। इसके बाद उन्हें रायपुर लाने की व्यवस्था की जाती थी। आरोप है कि महिला को रायपुर पहुंचाने वाले एजेंटों को भी कमीशन दिया जाता था। नेटवर्क में यह शर्त भी रखी जाती थी कि गर्भवती महिला के साथ उसके परिजन नहीं आएंगे, ताकि पूरी प्रक्रिया पर आरोपियों का नियंत्रण बना रहे। (Raipur Newborn Baby Trafficking)

घर से मिली 28 बच्चों की तस्वीरें, पुराने मामलों की जांच शुरू

पुलिस को मुख्य आरोपी कृतिका साहू के घर से 28 बच्चों की तस्वीरें और अस्पतालों से जुड़े कई दस्तावेज मिले हैं। इन तस्वीरों और दस्तावेजों ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन बच्चों का इस नेटवर्क से क्या संबंध है और क्या पहले भी इसी तरीके से नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त की गई थी। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि कृतिका 2023 से इस गतिविधि में शामिल थी। अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग भी उसके संपर्क में थीं। पुलिस अब पुराने रिकॉर्ड खंगालने के साथ उन लोगों की पहचान कर रही है, जिनके नाम दस्तावेजों में सामने आए हैं। जांच में गुढ़ियारी के एकता नगर स्थित श्री साईं अस्पताल का नाम सामने आया है, जहां ओडिशा की महिला का प्रसव कराया गया था। चर्चा है कि प्रसव कराने के लिए अस्पताल को करीब 50 हजार रुपए दिए गए थे। इसके अलावा गुढ़ियारी के शांति अस्पताल के एक डॉक्टर को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। दो अन्य निजी अस्पतालों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है। (Raipur Newborn Baby Trafficking)

8 लाख में तय हुआ था नवजात का सौदा

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अस्पतालों और डॉक्टरों को नवजात की खरीद-फरोख्त की जानकारी थी या नहीं। यदि जांच में उनकी संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी अलग से एफआईआर दर्ज की जा सकती है। इस पूरे नेटवर्क का खुलासा ओडिशा के सुंदरगढ़ की 21 साल की महिला की शिकायत के बाद हुआ। आर्थिक रूप से कमजोर महिला को मुफ्त इलाज और प्रसव का भरोसा देकर रायपुर बुलाया गया था। करीब 14 दिन पहले प्रसव के बाद महिला और उसके नवजात को अलग-अलग जगहों पर रखा गया। बाद में बच्चे को भिलाई के एक दंपती को सौंपने की तैयारी की गई। पुलिस के अनुसार नवजात का सौदा 8 लाख रुपए में तय किया गया था। इसमें से 3 लाख रुपए गीतिका नाग को मिलने थे, जबकि बाकी रकम कृतिका साहू को दी जानी थी। आरोपियों की बातचीत सुनने के बाद महिला को अपने बच्चे को बेचे जाने की साजिश का पता चला। 17 नवंबर को मौका मिलते ही वह अहिल्या नामदेव के घर से भाग निकली और पुलिस तक पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। (Raipur Newborn Baby Trafficking)

खरीदार दंपती से लेकर अस्पतालों तक जांच का दायरा

मामले में पुलिस ने कृतिका साहू (34), अहिल्या नामदेव (40) और गीतिका नाग (34) को गिरफ्तार किया है। अब जांच का फोकस उन लोगों पर है, जो इस नेटवर्क के जरिए नवजात बच्चों को खरीदने के लिए तैयार थे। भिलाई के उस दंपती की तलाश भी की जा रही है, जिसके साथ 8 लाख रुपए में सौदा तय हुआ था। पुलिस मेडिकल एजेंटों, अस्पतालों के रिकॉर्ड, जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े दस्तावेजों और आरोपियों के संपर्कों की जांच कर रही है। इस मामले ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि अगर अस्पताल के रिकॉर्ड में ही बच्चे की वास्तविक मां की पहचान बदल दी जाए तो ऐसी गतिविधियों पर समय रहते रोक कैसे लगेगी? फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। फिलहाल तीन महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है। 28 बच्चों की तस्वीरें, अस्पतालों से मिले दस्तावेज और मेडिकल एजेंटों के संपर्क इस मामले को और गंभीर बना रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या नवजातों की खरीद-फरोख्त का यह खेल अस्पतालों की मिलीभगत के बिना संभव था? अब निगाहें पुलिस की जांच पर हैं, जिससे यह साफ हो सकेगा कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है और अब तक कितने मासूमों का सौदा किया जा चुका है।

Back to top button
error: Content is protected !!