Google Analytics —— Meta Pixel

इंस्टाग्राम से लेकर शादी के वादे तक भरोसे की आड़ में घिनौना खेल, युवतियों और नाबालिगों को बनाया शिकार

Crime Against Women: छत्तीसगढ़ में शादी का झांसा देकर युवतियों और नाबालिगों के शारीरिक शोषण के कई मामले सामने आए हैं। कहीं शादी का भरोसा दिलाकर युवती से हजारों पैसे ऐंठे गए तो कहीं सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर नाबालिग को शोषण का शिकार बनाया गया। रायगढ़ में सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट की वारदात भी सामने आई है। वहीं बिलासपुर में नाबालिग से दुष्कर्म के बाद गर्भपात कराने के मामले में महिला डॉक्टर की गिरफ्तारी हुई है। जशपुर और रायगढ़ में भी शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। ताजा मामला रायगढ़ जिले का है, जहां शादी का भरोसा दिलाकर युवती का शारीरिक शोषण करने और उससे करीब 93 हजार रुपए लेने के मामले में महिला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मेहराब खान उर्फ मेहराब हसन (22 साल), निवासी जूटमिल के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें:- नवजातों की खरीद-फरोख्त में डॉक्टर भी शामिल, दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल का नाम आया सामने

पुलिस के मुताबिक 22 साल की पीड़िता की मुलाकात अक्टूबर में एक पेट्रोल पंप पर आरोपी से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि मेहराब खान ने युवती को शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान उसने अपनी जरूरत बताकर युवती से अलग-अलग समय पर करीब 93 हजार रुपए भी ले लिए। बाद में जब युवती ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी शादी करने से मुकर गया। इतना ही नहीं, उसने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद युवती ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी एक अन्य मारपीट के मामले में जेल में बंद था। 17 नवंबर को जमानत पर जेल से बाहर आते ही महिला और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने जेलपारा में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। (Crime Against Women)

तीन साल तक शादी का झांसा देकर दुष्कर्म

जशपुर जिले में शादी का झांसा देकर महिला से लगातार दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पत्थलगांव पुलिस ने मामले में आरोपी दुर्योधन यादव (22 साल) को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी 2023 से 2026 तक महिला को शादी का भरोसा दिलाकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। आरोप है कि उसने महिला को शादी का विश्वास दिलाने के लिए उसकी मांग में सिंदूर भी भरा था। इस तरह आरोपी ने शादी का भरोसा बनाए रखा और लंबे समय तक महिला के साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी शादी करने से मुकर गया। पीड़िता की शिकायत पर पत्थलगांव पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। (Crime Against Women)

रायगढ़ के रॉक गार्डन में गैंगरेप

रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र स्थित रॉक गार्डन बोतल्दा में सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट की गंभीर वारदात सामने आई है। घूमने पहुंचे युवती और उसके दोस्त को दो युवकों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने पहले युवती के दोस्त को डंडे से बेरहमी से पीटकर बेहोश किया और फिर युवती को जान से मारने की धमकी देकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक 14 नवंबर को वह अपने एक दोस्त के साथ बाइक से सक्ती रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकली थी। ट्रेन लेट होने के कारण दोनों खरसिया के रॉक गार्डन बोतल्दा घूमने पहुंच गए। इसी दौरान सीढ़ियां चढ़ते समय पीछे से आए दो युवकों ने उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने युवती के मोबाइल से 1200 रुपए और उसके दोस्त से 10 हजार रुपए लूट लिए। इसके बाद युवती के मित्र के सिर और शरीर पर डंडे से हमला कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद युवती को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने वारदात का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया।

आईफोन, डंडा और लूट की रकम बरामद

मामले की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव और थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव को तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर पूछताछ और संदिग्धों की पहचान के आधार पर राहुल पटेल और फनेश्वर प्रसाद पटेल को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना का वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया आईफोन, वारदात में प्रयुक्त डंडा और लूट की रकम बरामद की है। फनेश्वर के पास से 1500 रुपए और राहुल के पास से 3000 रुपए जब्त किए गए। आरोपियों के मोबाइल की जांच में अन्य युवतियों के फोटो और वीडियो भी मिले हैं। पुलिस इनकी भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल पटेल (21 साल) और फनेश्वर प्रसाद पटेल (20 साल), दोनों निवासी बोतल्दा के रूप में हुई है। खरसिया पुलिस ने कई धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म

न्यायधानी बिलासपुर में सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग से दोस्ती कर शादी का झांसा देने और उसका शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कतियापारा निवासी 20 सालीय युवक राज केंवट को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी और नाबालिग की पहचान करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि युवक नाबालिग को अपनी एक्टिवा से घूमाने के बहाने स्मृति गार्डन और खूंटाघाट भी ले जाया करता था। इसी दौरान आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि उसने कई बार नाबालिग का शारीरिक शोषण किया। मामले की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने पीड़िता के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद आरोपी राज केंवट को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

नाबालिग से दुष्कर्म के बाद गर्भपात

बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म और उसका गर्भपात कराने का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में मुख्य आरोपी गणेश सोनी (30 साल) को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक गणेश सोनी पर दिसंबर 2023 से शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। इसी दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने एक महिला डॉक्टर की मदद से नाबालिग का गर्भपात कराया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह से पूछताछ की। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस का आरोप है कि डॉक्टर को पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया। पुलिस के मुताबिक गर्भपात के बाद भ्रूण को महत्वपूर्ण साक्ष्य जानते हुए अरपा नदी में नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा नाबालिग के साथ हुए अपराध की जानकारी पुलिस को नहीं देने का आरोप भी महिला डॉक्टर पर है। (Crime Against Women)

महिला सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने महिला डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में मुख्य आरोपी गणेश सोनी पहले से ही पुलिस की गिरफ्त में है। इन सभी मामलों ने एक बार फिर महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शादी का भरोसा दिलाकर शारीरिक शोषण करना, सोशल मीडिया के जरिए नाबालिगों को अपने जाल में फंसाना, विरोध करने पर धमकी देना और अपराध के सबूत मिटाने की कोशिश करना, ये सभी घटनाएं समाज के सामने एक चिंताजनक तस्वीर पेश करती हैं। खास बात यह है कि कुछ मामलों में आरोपियों ने लंबे समय तक भरोसे का फायदा उठाकर पीड़िताओं का शोषण किया, तो कहीं घूमने निकली युवती को ही अपराधियों ने अपना निशाना बना लिया। बिलासपुर में नाबालिग के गर्भपात के मामले में महिला डॉक्टर की गिरफ्तारी ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है, लेकिन इन घटनाओं में पीड़िताओं को न्याय दिलाना और भविष्य में ऐसी वारदातों की पुनरावृत्ति रोकना सबसे बड़ी चुनौती है। जरूरत है कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर समाज, परिवार, प्रशासन और पुलिस सभी अपनी जिम्मेदारी समझें, ताकि भरोसे की आड़ में होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!