छत्तीसगढ़ में अवैध धान पर प्रशासन का शिकंजा, धमतरी और रायगढ़ में 3,969 क्विंटल से ज्यादा धान जब्त

Illegal Paddy Action News: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध भंडारण, परिवहन और पुराने धान की बिक्री रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। दूसरे राज्यों से धान लाकर सरकारी खरीदी केंद्रों में खपाने और पहले से खरीदे गए धान को दोबारा बेचने की कोशिशों पर प्रशासन की विशेष नजर है। इसी कड़ी में धमतरी और रायगढ़ जिले में लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। अब तक दोनों जिलों में अलग-अलग प्रकरणों में कुल 3,969.05 क्विंटल से ज्यादा धान जब्त किया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि समर्थन मूल्य पर खरीदी का लाभ वास्तविक किसानों को मिले, इसके लिए अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। धमतरी जिले में अवैध धान के भंडारण, परिवहन और पुनर्चक्रण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। जिले में अब तक 32 प्रकरण दर्ज कर 1,441.05 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढे़ं:- 26 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनदर्शन, दोपहर 12 से 3 बजे तक करेंगे आम लोगों से मुलाकात
दूसरे राज्यों से धान लाकर समर्थन मूल्य पर बेचने की आशंका को देखते हुए धमतरी जिले में ओडिशा सीमा पर 6 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। बोराई (घुटकेल), बांसपानी, बनरौद, सांकरा, जैतपुरी और मोहेरा में स्थापित इन चेकपोस्टों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। यहां नगर सैनिकों के साथ वन, मंडी और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। जांच दल धान लेकर आने-जाने वाले वाहनों के दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं, ताकि बिना वैध अनुमति के धान का परिवहन रोका जा सके। अवैध धान के कारोबार पर रोक लगाने के लिए धमतरी में जिला और विकासखंड स्तर पर विशेष उड़नदस्ता दल बनाए गए हैं। इन टीमों में राजस्व, खाद्य, मंडी, सहकारिता और कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। संयुक्त टीमें व्यापारिक प्रतिष्ठानों, गोदामों और संदिग्ध भंडारण स्थलों की जांच कर रही हैं। किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर धान जब्त करने के साथ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। (Illegal Paddy Action News)

रायगढ़ में 146 क्विंटल से ज्यादा धान जब्त
इधर, रायगढ़ जिले में भी अवैध धान भंडारण और पुराने धान की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की गई है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर जांच कर 146 क्विंटल से अधिक धान जब्त किया है। पहली कार्रवाई तमनार विकासखंड के ग्राम कसडोल में की गई, जहां युधिष्ठिर साहू के दुकान सह गोदाम की जांच के दौरान 350 बोरी धान मिला। इसका कुल वजन 140 क्विंटल पाया गया। टीम ने इसे अवैध रूप से भंडारित पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्त कर लिया। रायगढ़ जिले में दूसरी कार्रवाई सेवा सहकारी समिति लिप्ती में की गई। यहां ग्राम गोलाबुड़ा निवासी किसान जितेन्द्र खुंटिया 113 बोरी धान बेचने के लिए लेकर पहुंचे थे। जांच के दौरान इनमें से 17 बोरी धान ग्रीष्मकालीन यानी पुराना धान पाया गया। निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं होने के कारण इसे समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए स्वीकार नहीं किया गया। समिति प्रबंधक, फड़ प्रभारी और मौजूद किसानों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद उप संचालक कृषि ने 17 बोरी धान जब्त कर समिति में सुरक्षित रखवा दिया।
रायगढ़ में अब तक 2,528 क्विंटल धान की जब्ती
रायगढ़ जिले में अवैध भंडारण और धान खरीदी में अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। जिले में अब तक अलग-अलग मामलों में कुल 2,528 क्विंटल धान जब्त किया जा चुका है। प्रशासन की ओर से खरीदी केंद्रों के साथ गोदामों और भंडारण स्थलों पर भी निगरानी रखी जा रही है। जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी खरीदी में सिर्फ पात्र किसानों का निर्धारित मापदंडों के अनुसार धान ही शामिल हो। धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने के लिए प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध भंडारण, दूसरे राज्यों से धान लाकर बेचने और पुराने धान को दोबारा खपाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोनों जिलों में संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निगरानी और जांच जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही उपार्जन केंद्रों में धान बेचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी अधिकारियों को दें। (Illegal Paddy Action News)




