नक्सलवाद खत्म होने के बाद भी जंगल उगल रहे करोड़ों का खजाना, कहीं 39 लाख कैश तो कहीं हथियारों का जखीरा बरामद

Bastar Naxal Dump Seized: छत्तीसगढ़ में 31 मार्च 2026 को नक्सलवाद के खात्मे के ऐलान के बाद अब बस्तर में एक नई तस्वीर सामने आ रही है। कभी नक्सलियों के गढ़ रहे जंगलों से अब उनके पुराने डंप, जमीन में दबाई गई नकदी, सोना, हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हो रही है। बीजापुर, सुकमा और कोंडागांव में पिछले कुछ दिनों में हुई अलग-अलग कार्रवाइयां बताती हैं कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद भी उसके पुराने नेटवर्क के निशान जंगलों में मौजूद हैं। वहीं ओडिशा में सक्रिय रहे दो इनामी नक्सलियों ने भी बीजापुर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है। 31 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे की घोषणा के बाद बस्तर में सुरक्षा और विकास के नए दौर की शुरुआत हुई है, लेकिन अब सुरक्षा बलों के सामने उन पुराने ठिकानों और डम्प को तलाशने की चुनौती है, जिन्हें नक्सली संगठन ने लंबे समय तक जंगलों में छिपाकर रखा था।
यह भी पढ़ें:- ट्रंप के टैरिफ दांव के बीच भारत को राहत की उम्मीद, ट्रेड डील से निर्यात को कितना फायदा ?
बीजापुर के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेपल्ली जंगल में 24 नवंबर को ऐसी ही एक बड़ी बरामदगी हुई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर डीआरजी, भैरमगढ़ पुलिस और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान जमीन के अंदर बोरी में छिपाकर रखा गया स्टील का डिब्बा मिला। डिब्बे में टेप से लिपटे पैकेट रखे हुए थे। जांच में 500-500 रुपए के नोटों के रूप में कुल 39 लाख 77 हजार रुपए बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक बीजापुर में इससे पहले भी माओवादी डम्प से 7 करोड़ 60 लाख 33 हजार 800 रुपए नकद और 8.5 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। ताजा बरामदगी के बाद पुराने नक्सली आर्थिक नेटवर्क और जंगलों में छिपाई गई संपत्ति को लेकर फिर चर्चा शुरू हो गई है। सुकमा जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र के रासापल्ली और गुंडाराजगुड़ेम के जंगल-पहाड़ी इलाके में 25 नवंबर को संयुक्त सुरक्षाबलों ने पुराना नक्सली डंप बरामद किया। आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की टीम ने एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया था। (Bastar Naxal Dump Seized)

इस दौरान 8 देशी हथियार बरामद हुए, जिनमें 2 सिंगल शॉट रायफल और 6 भरमार बंदूक शामिल हैं। इसके अलावा अलग-अलग हथियारों के कुल 229 जिंदा कारतूस मिले। इनमें एके-47 के 98, एसएलआर के 49, इंसास के 35, .303 रायफल के 30, 9 एमएम के 13 और 12 बोर के 4 कारतूस शामिल हैं। डंप से एक टिफिन आईईडी, 3 हैंड ग्रेनेड, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, बीजीएल सेल, तीर बम, वायरलेस सेट, कॉर्डेक्स वायर, गन पाउडर, बैटरियां और नक्सली वर्दी भी बरामद की गई है। बीजापुर के उसूर थाना क्षेत्र के गुंजेपर्ती जंगल-पहाड़ी इलाके में 22 नवंबर को सुरक्षा बलों को एक और पुराना माओवादी डम्प मिला था। 21 नवंबर को मिली सूचना के बाद संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया और थाना मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर जंगल में छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद की। इसमें नाइट विजन डिवाइस, वायरलेस सेट, कैमरा, सोल्डरिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैटरी, चार्जर, टॉर्च, एलईडी लैंप और मल्टीमीटर शामिल हैं। इसके अलावा मेडिकल और दैनिक उपयोग की सामग्री भी मिली है। बरामद सामान को लेकर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है।
कोंडागांव में 36 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद
इससे पहले 20 नवंबर को कोंडागांव जिले के बेड़मा जंगल में भी पुराना नक्सली डंप मिला था। आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही पर थाना पुंगारपाल क्षेत्र में संयुक्त पुलिस टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर सर्चिंग की थी। इस दौरान करीब 36 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। इसमें एक हैंड ग्रेनेड, जिलेटिन रॉड, कॉर्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, 14 टिफिन, बैटरी और अन्य सामग्री शामिल है। यह बरामदगी इस बात की ओर इशारा करती है कि नक्सली गतिविधियों के दौरान जंगलों में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान अब भी अलग-अलग स्थानों पर मौजूद हो सकते हैं। इन बरामदगियों के बीच 25 नवंबर को बीजापुर में दो नक्सली कैडरों ने आत्मसमर्पण भी किया। नागमणी कुड़मे उर्फ शीला (32 साल) और गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू (26 साल) पर कुल 13 लाख रुपए का इनाम घोषित था। नागमणी पर 8 लाख और गंगा सोढ़ी पर 5 लाख रुपए का इनाम था। पुलिस के मुताबिक दोनों ओडिशा में सक्रिय थी। नागमणी बटालियन नंबर 08 में CyPCM और गंगा सोढ़ी कालाहांडी एरिया कमेटी में ACM के पद पर काम कर रही थी। (Bastar Naxal Dump Seized)
नक्सलवाद खत्म होने के बाद भी चुनौती बरकरार !
दोनों छत्तीसगढ़ और ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में नक्सली गतिविधियों में शामिल रही हैं। सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति, सुरक्षा बलों के अभियान और विकास कार्यों से प्रभावित होकर दोनों ने संगठन छोड़ने का फैसला किया। शासन की नीति के तहत उन्हें आर्थिक सहायता, कौशल प्रशिक्षण, आवास, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी सुविधाएं दी जाएंगी। 31 मार्च 2026 के बाद छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे का दावा राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ा पड़ाव है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि जंगलों में पहले से छिपाए गए सभी हथियार, विस्फोटक और नकदी अपने आप खत्म हो गए हैं।

बीजापुर में करोड़ों की नकदी और सोने की बरामदगी, सुकमा में हथियारों और कारतूसों का मिलना, गुंजेपर्ती में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का मिलना और कोंडागांव में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी अब एक नए दौर की कहानी कह रही है। अब चुनौती सिर्फ नक्सलवाद को खत्म करने की नहीं, बल्कि उसके छोड़े हुए हथियारों, विस्फोटकों, छिपी संपत्ति और पुराने नेटवर्क के अवशेषों का पता लगाने की है। बस्तर में शांति को स्थायी बनाने के लिए सुरक्षा के साथ विकास, पुनर्वास और प्रशासन की पहुंच को मजबूत करना भी जरूरी है। नक्सलवाद का अध्याय भले ही बंद घोषित हो चुका है, लेकिन जंगलों में दफन उसकी पुरानी कहानी अब भी बाहर आ रही है।




