ट्रैक्टर से दंतैल हाथी को परेशान करना पड़ा महंगा, तीन आरोपी गिरफ्तार; पहली बार वन विभाग ने की ऐसी कार्रवाई
कोरबा के जिल्गा गांव में ट्रैक्टर से दंतैल हाथी को परेशान करने के मामले में वन विभाग ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ट्रैक्टर जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

कोरबा। जंगल में दंतैल हाथी को ट्रैक्टर से खदेड़ने और परेशान करने के मामले में कोरबा वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने इस मामले में तीन ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की गई है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वन विभाग के मुताबिक, हाथियों को वाहनों से परेशान करने के मामले में इस तरह की यह पहली बड़ी कार्रवाई है।
मामला कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव का है। जानकारी के अनुसार, कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर जंगल में मौजूद हाथियों को भगाने पहुंचे थे। इसी दौरान एक दंतैल हाथी ने अचानक ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से ट्रैक्टर का इंजन वाला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रैक्टर पर सवार युवकों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसे बाद में रात में सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
जांच करने पहुंची वन विभाग की टीम का ग्रामीणों ने किया विरोध
घटना का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने मामले की जांच शुरू की। मंगलवार को विभाग की टीम जांच के लिए जिल्गा गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए वन अमले को घेर लिया। इसके बाद वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम गठित की।
इस टीम में उप वनमंडलाधिकारी मणिकांत वर्मा, कुदमुरा रेंजर दीपा भगत और पसरखेत रेंजर देवदत्त खांडे को शामिल किया गया। टीम ने मामले की पड़ताल करते हुए गांव की एक बाड़ी में छिपाकर रखा गया ट्रैक्टर बरामद किया और उसे वन परिक्षेत्र कार्यालय में जब्त कर लिया।
ट्रैक्टर चालक के पास नहीं था ड्राइविंग लाइसेंस
जांच के दौरान वन विभाग को पता चला कि ट्रैक्टर चला रहे दिग्विजय के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए जिल्गा निवासी दिग्विजय (25), सुकनंदन (36) और सब्बीर खान (35) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
हाथियों को परेशान न करने की अपील
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। विभाग ने ग्रामीणों और आम नागरिकों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हाथियों को भगाने के लिए ट्रैक्टर या अन्य वाहनों से उनका पीछा करना, उन्हें घेरना या परेशान करना खतरनाक हो सकता है। इससे जान-माल के नुकसान के साथ वन्यजीवों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।



