Google Analytics —— Meta Pixel

प्रेमिका को दूसरे बॉयफ्रेंड के साथ देख प्रेमी ने खोया आपा, महिला की हत्या कर खुद खाया जहर, पहले से शादीशुदा से दोनों

Lover Kills Woman: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक शादीशुदा प्रेमी ने अपनी 45 साल की प्रेमिका की हत्या कर दी। दरअसल, आरोपी ने महिला को किसी दूसरे युवक के साथ देख लिया था। इसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान दूसरे युवक के वहां से जाने के बाद आरोपी ने महिला की हत्या कर दी और शव को गांव के पास नल किनारे झाड़ियों में छिपा दिया। इसके बाद वह घर लौट गया। दो दिनों तक महिला का कोई पता नहीं चलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव में बैठक भी बुलाई गई, जिसमें आरोपी पर संदेह जताया गया। हालांकि उसने महिला के बारे में कुछ भी जानकारी होने से इनकार कर दिया। 

यह भी पढ़ें:- एक घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस, सड़क पर गूंजी किलकारी और फिर पसरा मातम, हाईवे किनारे नवजात ने तोड़ा दम

बाद में आरोपी ने अपने बेटे के सामने हत्या की बात कबूल करते हुए कहा कि उससे गलती हो गई है। इसके बाद उसने खुद भी जहर खाकर जान देने की कोशिश की। फिलहाल आरोपी का कोरबा जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बुधवार सुबह महिला का शव बरामद कर लिया है। मामला बलौदा थाना क्षेत्र के पंतोरा चौकी इलाके का है। जानकारी के मुताबिक अंगारखार गांव की धनेश्वरी बाई (45) की शादी के कुछ समय बाद ही उसके पति की मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपने बच्चों के साथ रह रही थी। वहीं इसी गांव का रहने वाला शिवचरण यादव (51) भी शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि धनेश्वरी और शिवचरण के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। 22 नवंबर को शिवचरण ने धनेश्वरी को किसी दूसरे युवक के साथ देख लिया। इस बात को लेकर तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया। 

हत्या के बाद नल किनारे झाड़ियों में छिपाया शव

विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे युवक के वहां से चले जाने के बाद शिवचरण ने धनेश्वरी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने महिला के शव को गांव के पास नल के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया। इसके बाद वह सामान्य तरीके से अपने घर लौट गया। उधर, धनेश्वरी के अचानक लापता होने से परिजन परेशान हो गए। दो दिनों तक जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गांव में बैठक बुलाई गई। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने शिवचरण पर संदेह जताया और उसे बुलाकर धनेश्वरी के बारे में पूछताछ की। हालांकि आरोपी ने महिला के संबंध में कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया और वहां से अपने घर लौट गया। (Lover Kills Woman)

बेटे से कहा- मुझसे गलती हो गई, मैंने धनेश्वरी को मार दिया

गांव में पूछताछ के बाद घर लौटे शिवचरण ने अपने बेटे दुर्गेश यादव को पूरी घटना बता दी। उसने बेटे से कहा कि उससे गलत काम हो गया है और उसने धनेश्वरी की हत्या कर दी है। इसके बाद आरोपी शौच जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो वह खेत में बेहोशी की हालत में मिला। बताया गया कि उसने जहर खा लिया था। परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए कोरबा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है। इधर, शिवचरण के जहर खाने की सूचना कोरबा जिला अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से पंतोरा चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में शिवचरण ने धनेश्वरी की हत्या करने और शव को गांव के पास नल किनारे झाड़ियों में छिपाने की बात स्वीकार की।

आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर बुधवार सुबह पुलिस की टीम अंगारखार गांव पहुंची। यहां बताए गए स्थान पर तलाश करने के दौरान झाड़ियों से धनेश्वरी का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक जिला अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से एक व्यक्ति के जहर खाने की सूचना मिली थी। शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने बताया कि शिवचरण ने महिला की हत्या की थी और इसी के बाद उसने जहर खा लिया। पुलिस को पूछताछ के दौरान हत्या और शव छिपाने की जानकारी मिली, जिसके बाद महिला का शव बरामद किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी अस्पताल में भर्ती है। उसके स्वस्थ होने के बाद मामले में आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (Lover Kills Woman)

Back to top button
error: Content is protected !!