दुर्ग में MBBS छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, दो विषयों में सप्लीमेंट्री आने से था परेशान

Student Suicide in Durg: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में MBBS की पढ़ाई कर रहे 22 साल के छात्र अभिजीत देवांगन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के मुताबिक यूनिवर्सिटी परीक्षा में दो विषयों में सप्लीमेंट्री आने के बाद से वह मानसिक तनाव में था। घटना के बाद पुलिस को कमरे से एक पेज का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्र ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट और अन्य परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मृतक दुर्ग जिले के चरोदा-जंजगीरी गांव का रहने वाला था, जो चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में MBBS के तीसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहा था।
यह भी पढ़ें:- डिलिमिटेशन बिल पर सरकार की बड़ी तैयारी! आज मोदी कैबिनेट की बैठक, क्या जुट गया दो-तिहाई बहुमत का जादुई आंकड़ा?
पढ़ाई की सुविधा के लिए उसने भिलाई के कोहका स्थित अवंती बाई चौक के पास शिवाजी नगर में PG में कमरा किराए पर लिया था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही उसने परिवार से अलग रहकर पढ़ाई करने की इच्छा जताई थी। पिता की सहमति मिलने के बाद उसने PG लिया था और वहां कुछ ही दिन रहा था। परिजनों के मुताबिक अभिजीत ने मेहनत से NEET परीक्षा पास कर मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया था। सितंबर में उसने MBBS सेकंड ईयर की यूनिवर्सिटी परीक्षा दी थी। इसमें पैथोलॉजी और फार्माकोलॉजी विषय में सप्लीमेंट्री आने के बाद से वह निराश रहने लगा था। पिता तीरथ राम देवांगन के मुताबिक परीक्षा में दो विषयों में बैक लगने के बाद वह मायूस था। हालांकि परीक्षा के परिणाम और मानसिक तनाव के बीच संबंध को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। (Student Suicide in Durg)
परिजनों ने कई बार किया फोन, कमरे के अंदर मिला शव
घटना बुधवार रात की है। अभिजीत के परिजन किसी काम से भिलाई आए हुए थे। वे मेडिकल स्टोर से दवाई लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें बेटे से मिलने का ख्याल आया और वे उसके PG पहुंच गए। वहां कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। परिजनों ने अभिजीत को कई बार फोन किया, लेकिन करीब 10 से 15 बार कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने PG में रहने वाले अन्य छात्रों को इसकी जानकारी दी। खिड़की से कमरे के अंदर देखा गया तो अभिजीत पंखे से लटका मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर स्मृति नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे की जांच के दौरान पुलिस को एक पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें अभिजीत ने अपने मम्मी-पापा से माफी मांगी है। (Student Suicide in Durg)
सुसाइड नोट समेत अन्य पहलुओं की जांच
पुलिस ने नोट को जांच में शामिल किया है। गुरुवार को पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। दुर्ग शहर के एएसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक मामले में पुलिस जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि छात्र किन परिस्थितियों से गुजर रहा था और घटना से पहले उसकी मानसिक स्थिति कैसी थी। यह घटना एक बार फिर छात्रों पर पढ़ाई और परीक्षा के दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। परीक्षा में असफलता हो या जीवन में कोई और मुश्किल, कोई भी समस्या इतनी बड़ी नहीं होती कि उसके सामने जिंदगी ही खत्म कर दी जाए। दो विषयों में सप्लीमेंट्री आना किसी छात्र की काबिलियत और भविष्य का आखिरी फैसला नहीं है। ऐसे मुश्किल वक्त में परिवार, दोस्तों और शिक्षकों का साथ बेहद जरूरी है, क्योंकि जिंदगी में असफलताओं से उबरने के कई रास्ते हो सकते हैं, लेकिन जान देने के बाद कोई दूसरा मौका नहीं मिलता।




