छत्तीसगढ़ी को नई पीढ़ी की जुबान बनाने की जरूरत, CM विष्णुदेव साय बोले- हमारी संस्कृति और स्वाभिमान की पहचान है मातृभाषा
छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर CM विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को बधाई दी। कहा- छत्तीसगढ़ी हमारी संस्कृति, अस्मिता और स्वाभिमान की पहचान है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए अपनी मातृभाषा के सम्मान और संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा केवल बातचीत का माध्यम नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की संस्कृति, अस्मिता और स्वाभिमान की पहचान है। इसमें छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू, पुरखों के संस्कार और यहां के लोगों का अपनापन समाया हुआ है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में छत्तीसगढ़ी भाषा की अहम भूमिका है। यहां के लोकगीत, लोककथाएं, तीज-त्योहार और पारंपरिक रीति-रिवाज हमारी मातृभाषा के जरिए ही पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ते हैं। छत्तीसगढ़ी की मिठास प्रदेश की अलग पहचान बनाती है और लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ती है।
उत्सव तक सीमित न रहे मातृभाषा का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी भाषा का सम्मान केवल विशेष दिवस मनाने से नहीं बढ़ता, बल्कि उसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने से मिलता है। मातृभाषा का इस्तेमाल घर-परिवार, सामाजिक आयोजनों और आम बोलचाल में होना चाहिए। जब लोग गर्व के साथ अपनी भाषा बोलेंगे, तभी उसका वास्तविक संरक्षण और संवर्धन संभव होगा।
नई पीढ़ी तक पहुंचे छत्तीसगढ़ी की मिठास
सीएम साय ने विशेष रूप से युवाओं और नई पीढ़ी से छत्तीसगढ़ी भाषा को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपनी भाषा और संस्कृति को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी है। नई पीढ़ी छत्तीसगढ़ी बोलेगी, सीखेगी और इसे आगे बढ़ाएगी, तभी प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रह सकेगी। मुख्यमंत्री ने मातृभाषा के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।



