बलौदाबाजार से लौट रहीं राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा हादसे का शिकार, AIIMS में भर्ती; ड्राइवर भी घायल
छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा खरोरा में सड़क हादसे में घायल हो गईं। हाथ में फ्रैक्चर के बाद AIIMS रायपुर में भर्ती, ड्राइवर समेत अन्य लोग भी घायल।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क दुर्घटना में घायल हो गई हैं। बलौदाबाजार से रायपुर लौटते समय खरोरा इलाके में हुए हादसे में उनके हाथ में फ्रैक्चर आया है। घटना के बाद उन्हें पहले खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। हादसे में उनके ड्राइवर सहित अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

बलौदाबाजार से लौटते समय खरोरा में हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपनी गाड़ी से रायपुर लौट रही थीं। इसी दौरान खरोरा क्षेत्र में कार और ट्रैक्टर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि रायपुर से खरोरा की ओर जा रही कार और खरोरा से रायपुर की तरफ आ रहे ट्रैक्टर की टक्कर के कुछ देर बाद सांसद की गाड़ी भी दुर्घटना की चपेट में आ गई।
सांसद के हाथ में फ्रैक्चर, ड्राइवर के सीने में चोट
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में लक्ष्मी वर्मा के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। वहीं, उनके ड्राइवर के सीने और हाथ में चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि सांसद की गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
सांसद की चोट को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर AIIMS रेफर किया, जहां उनका इलाज जारी है।
खरोरा पुलिस ने शुरू की जांच
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहनों, टक्कर के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल सांसद समेत अन्य घायलों की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत मेडिकल अपडेट का इंतजार है।



