Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ की प्रतिभा की चमक बॉलीवुड तक, जनसंपर्क विभाग के अधिकारी अंकित ने लिखे गाने

Ankit Pandey Song: जनसंपर्क संचालनालय रायपुर में कार्यरत सहायक सूचना अधिकारी और मूल रूप से अंबिकापुर निवासी अंकित पांडेय के दो गाने 25 अगस्त को देशभर में 7 भाषाओं में रिलीज की जाने वाली फिल्म लव आल में दर्शक सुन सकेंगे। बॉलीवुड निर्माता निर्देशक महेश भट्ट और प्रख्यात बैडमिंडन खिलाड़ी और बैडमिंटन की टीम इंडिया के नेशनल कोच पुलेला गोपीचंद द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली इस फिल्म के निर्माता निर्देशक सुधांशु शर्मा हैं।

यह भी पढ़ें:- जांजगीर-चांपा में भरोसे का सम्मेलन कल, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे होंगे शामिल

फिल्म के गीत गीली सी सुबह की लॉन्चिंग मुंबई के अंधेरी में की गई। इस मौके पर मौजूद महेश भट्ट ने कहा कि इस गीत की सबसे अच्छी बात यह है कि इसके गीतकार अंकित पांडेय छत्तीसगढ़ से हैं। जब देश के मुख्तलिफ हिस्सों से आए लोग सिनेमा रचते हैं तो सिनेमा ज्यादा समृद्ध, ज्यादा सच्चा होता है। फिल्म के डायरेक्टर शर्मा ने भी इसकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लव आल में जो सीन था उसके मुताबिक मुझे बहुत से गीत दिखाए गए, कोई भी गीत पसंद नहीं आ रहा था। फिर अंकित द्वारा लिखा गया गीत गीली सी सुबह सुनाया गया। मुझे लगा कि मैं इसी गीत की तलाश में था। गीत बहुत खूबसूरत जज्बात के साथ लिखा गया है।

सौरभ वैभव ने बहुत सुंदर कंपोजिशन किया है। खास बात यह है कि वे भी छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से ही हैं। पापोन ने इसे अपने अनूठे स्वर में गाया है। केके मेनन ने कहा कि खूबसूरत गीत और कंपोजिशन समेत पापोन की प्रस्तुति ने इस गीत को और भी खूबसूरत बना दिया है। बता दें कि यह गीत अंकित ने दशक भर पहले लिखा था जब उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा समाप्त की थी। कोरोना की वजह से फिल्म में कुछ विलंब हुआ। यह फिल्म देश भर के 700 थियेटर्स में एक साथ प्रस्तुत की जा रही है। फिल्म में बैडमिंटन के नेशनल लेवल के प्लेयर दिखाए गए हैं। (Ankit Pandey Song)

खास बात यह है कि फिल्म में एक्टर्स को बैडमिंटन के लिए और बैडमिंटन प्लेयर्स को एक्टिंग के लिए ग्रूम किया गया है। फिल्म में एक अन्य गीत बातों बातों में भी अंकित ने लिखा है। इसे जुबिन नौटियाल ने गाया है। गीली सी सुबह की लांचिंग के मौके पर अंकित को मुंबई बुलाया गया। जब महेश भट्ट आए तो उन्होंने कहा कि इस गीत की खास बात यह है कि इसके लेखक छत्तीसगढ़ के हैं। फिर निर्देशक ने अंकित का परिचय कराया और कहा कि जिनकी बात आप कर रहे हैं। वे भी आज हमारे साथ हैं। इस पर महेश भट्ट ने बताया कि गीत बहुत खूबसूरत है और चांद पर जो तुमने हिस्सा लिखा है वो सबसे खूबसूरत है। (Ankit Pandey Song)

जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने की तारीफ

अंकित की इस उपलब्धि पर जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने भी तारीफ की है। आयुक्त जनसंपर्क दीपांशु काबरा ने कहा कि अंकित ने देशभर में प्रदेश का नाम बढ़ाया है। संचालक जनसंपर्क सौमिल रंजन चौबे ने भी अंकित की तारीफ करते हुए कहा है कि अपने मौलिक लेखन से अंकित ने सबका दिल छू लिया है। विभाग के अपर संचालक जेएल दरियो, उमेश मिश्र, संजीव तिवारी ने भी अंकित की तारीफ की है। जनसंपर्क अधिकारी संघ के अध्यक्ष बालमुकुंद तंबोली ने भी संघ की ओर से अंकित को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि अपने विभागीय कार्यों के बेहतर संपादन के साथ ही अंकित ने कला के क्षेत्र में भी बढ़िया काम कर दिखाया है। इससे पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ा है। (Ankit Pandey Song)

Back to top button
error: Content is protected !!