छत्तीसगढ़ में बागियों के खिलाफ कार्रवाई जारी, बिलासपुर मेयर समेत BJP और कांग्रेस 19 नेता निष्कासित
Action on Chhattisgarh Bagis: छत्तीसगढ़ में बागियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। BJP ने भिलाई जिला मंत्री जयप्रकाश यादव और महिला मोर्चा के प्रदेश कार्य समिति की सदस्य संगीता शाह को पार्टी से निकाल दिया है। BJP जिला अध्यक्ष ब्रजेश बिचपुरिया ने बताया कि दोनों निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में वैशालीनगर विधानसभा सीट से पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, जिसे देखते हुए प्रदेश नेतृत्व में इन दोनों को 6 साल के लिए अनुशासनहीनता के मापदंड के तहत निष्कासित किया गया है।
यह भी पढ़ें:- पीएम मोदी की कलम का कमाल ‘Abundance in Millets’ ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट
बीजेपी ने कुल 8 बागी नेताओं पर कार्रवाई की है। पार्टी ने रायपुर उत्तर से सावित्री जगत, भटगांव विधानसभा से रामबाई देवांगन, गुण्डरदेही से मुरली साहू, संजारी बालोद से भगवती साहू, मिथलेश साहू और खेदुरम साहू को 6 साल के लिए निष्कासित किया है। इन सभी पर पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर कार्रवाई हुई है। इधर, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण कोंडागांव के मनीष श्रीवास्तव, शिशिर श्रीवास्तव और सुरेश पाटले को कांग्रेस पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
बिलासपुर मेयर रामशरण यादव कांग्रेस से 6 साल के लिए निष्कासित
कांग्रेस ने बिलासपुर के मेयर रामशरण यादव को भी पार्टी से निष्कासित कर दिया है। जारी आदेश के मुताबिक संगठन के खिलाफ अनर्गल बात करने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण उन पर कार्रवाई की गई है। 10 नवंबर 2023 को उनकी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता निलंबित की गई है। बिलासपुर में 8 नवंबर को कांग्रेस के बागी और निर्दलीय प्रत्याशी अरुण तिवारी ने एक ऑडियो पत्रकारों को दिया था, जिसमें कथित तौर पर वे मेयर रामशरण यादव से बात कर रहे हैं। ऑडियो में बड़े नेताओं पर चुनाव में टिकट बांटने के लिए पैसों की लेन-देने का आरोप लगाया था। (Action on Chhattisgarh Bagis)
निलंबन आदेश में लिखा गया है कि दीपक बैज के आदेशानुसार विधानसभा चुनाव 2023 में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के चलते और कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के चलते बिलासपुर के महापौर रामशरण यादव की 10 नवंबर से प्राथमिक सदस्यता निलंबित की जाती है। वहीं कवर्धा के पूर्व विधायक योगेश्वर राज सिंह को भी कांग्रेस ने निष्कासित कर दिया है। उनके ऊपर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप है। इसे लेकर योगेश्वर राज सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें तवज्जो नहीं दी। 5 साल तक उन्हें अनदेखा किया गया है। योगेश्वर ने कहा कि आम आदमी पार्टी से लोहारा रियासत के राजा खड्ग राज चुनाव लड़ रहे हैं तो अपने भाई का साथ देना मेरा कर्तव्य है। बिना नोटिस दिए अचानक प्रदेश कांग्रेस ने वोटिंग थमने के बाद देर शाम निष्कासित पत्र जारी किया। (Action on Chhattisgarh Bagis)
योगेश्वर राज सिंह कवर्धा रियासत के राजा और दो बार के विधायक रहे हैं। इसके अलावा वे कांग्रेस के जिला अध्यक्ष भी रहे हैं। PCC चीफ दीपक बैज ने गुलाब सिंह राज, शंकर पटेल, मुद्रिका सिंह सर्राठी, अजीत सिंह श्याम, नारायण सिंह और गुलाब सिंह आर्मो को पार्टी ने निष्कासित कर दिया है। वहीं, निष्कासित नेताओं का कहना है कि हमने तो पहले ही कांग्रेस पार्टी को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। अब पार्टी ने हम पर निष्कासन की कार्रवाई की है। इससे पहले कांग्रेस ने 9 नवंबर को 15 कांग्रेस नेता और पदाधिकारियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था। (Action on Chhattisgarh Bagis)



