Google Analytics —— Meta Pixel

जम्मू-कश्मीर में 4 जवान शहीद, सेना के दो वाहनों पर आतंकियों ने किया हमला

Terrorist Attack in Rajouri: जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आतंकियों ने फिर जवानों को निशाना बनाया है। दरअसल, आतंकियों ने सेना के दो वाहनों पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें 4 जवान शहीद हो गए हैं। जबकि तीन जवान घायल भी हुए हैं। इलाके में अभी भी गोलीबारी हो रही है। जानकारी के मुताबिक यह हमला थानामंडी-सुरनकोट रोड पर डेरा की गली नाम के इलाके में हुआ है। ये वाहन जवानों को लेकर सुरनकोट और बफलियाज जा रहे थे, जहां बुधवार रात सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था। अभियान में शामिल सुरक्षाबलों से सेना का कॉन्टैक्ट हो पाया, जिसके बाद यहां अतिरिक्त सुरक्षाबल भेजा जा रहा था।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में 12 हजार 992 करोड़ का अनुपूरक बजट पास, CM साय ने कहा- अब किसी गरीब परिवार का नहीं बुझेगा चूल्हा

बता दें कि एक महीने से भी कम समय में इस क्षेत्र में सेना पर ये दूसरा आतंकी हमला है। इससे पहले 22 नवंबर को राजौरी में हुए एनकाउंटर में 5 जवान शहीद हुए थे। यहां 34 घंटे तक एनकाउंटर चला था, जिसमें 2 आतंकी भी मारे गए थे। जम्मू-कश्मीर के पूर्व डीजीपी एसपी वैद ने कहा कि आर्मी व्हीकल पर हमला पाकिस्तान की तरफ से योजनाबद्ध तरीके से किया गया। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने के बाद जो सकारात्मक बदलाव हुए हैं। आतंकी इस नैरेटिव को बदलना चाहते हैं। पुंछ के सुरनकोट इलाके में 19-20 दिसंबर की रात एक पुलिस शिविर में ब्लास्ट हुआ था। पुलिस अधिकारियों ने 20 दिसंबर को इसकी जानकारी दी। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि पुलिस कैंप में खड़े कई वाहनों की खिड़कियों के शीशे टूट गए।  (Terrorist Attack in Rajouri)

16 दिसंबर को BSF के एक सीनियर अफसर ने इंटेलिजेंस के हवाले से जानकारी दी थी कि पाकिस्तान सीमा में 250 से 300 आतंकी लॉन्चपैड पर हैं। ये जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ की फिराक में हैं। अफसर ने बताया कि सुरक्षाबलों को अलर्ट कर दिया गया है। सीमा पार से किसी भी तरह की घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी जाएगी। BSF  के IG अशोक यादव ने बताया कि आतंकी गतिविधियों को देखते हुए संवेदनशील इलाकों पर नजर रखे हुए हैं और सतर्क हैं। पिछले कुछ सालों में सुरक्षाबलों और कश्मीर के लोगों के बीच जुड़ाव बढ़ा है। अगर लोग हमारा सहयोग करें तो हम विकास के कामों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकते हैं। बता दें कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने भी 370 हटाने के फैसले को सही ठहराया है, जिससे आतंकियों की बौखलाहट बढ़ गई है।  (Terrorist Attack in Rajouri)

Back to top button
error: Content is protected !!