Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में लक्ष्य के पार पहुंचा धान खरीदी का आंकड़ा, 134 लाख मीट्रिक टन की खरीदी

New Paddy Purchase Record: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का ग्राफ रोजाना बढ़ता जा रहा है। बीते साल प्रदेश में हुई 107.53 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी का रिकॉर्ड इस साल पहले ही टूट चुका है। राज्य में अब तक 133.88 लाख टन धान की खरीदी हो चुकी है, जो कि बीते साल की तुलना में लगभग 27 लाख मीट्रिक टन ज्यादा है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का अभी दो दिन और बाकी है। रोजाना औसतन साढ़े तीन लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो रही है। इसे देखते हुए इस साल धान खरीदी की मात्रा 140 लाख मीट्रिक टन के पार होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था और नीति में बदलाव की कर रहे तैयारी: CM विष्णुदेव साय

गौरतलब है कि राज्य में इस साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी का परिपालन सुनिश्चित करते हुए किसानों से प्रति एकड़ के मान से 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। किसानों से चालू विपणन वर्ष में 29 जनवरी तक 133.88 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी के एवज में उन्हें 28 हजार 104 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है। मार्कफेड के महाप्रबंधक के अनुसार राज्य में समर्थन मूल्य पर अब तक 23 लाख 68 हजार 810 किसान धान बेच चुके हैं। बता दें कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने के राज्य में 26 लाख 85 हजार किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग भी समांतर रूप से जारी है। मिलर्स द्वारा खरीदी केन्द्रों से धान का उठाव लगातार किया जा रहा है। (New Paddy Purchase Record)

कांग्रेस और किसान कर रहे CM साय से मांग

अब तक 101 लाख 85 हजार 181 मीट्रिक टन धान के उठाव के लिए डीओ जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध मिलर्स द्वारा 91 लाख 13 हजार मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में 31 जनवरी तक धान खरीदी की तारीख निर्धारित है, जिसे कांग्रेस बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर भी कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अपना धर्म निभा रही है। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। कुछ न कुछ मुद्दा ढूंढकर बात रखेंगे, नहीं तो कैसे जानेंगे कि कांग्रेस पार्टी है। बीते दिनों CM विष्णुदेव साय ने कहा था कि किसान अगर धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग करेंगे तो सरकार इस पर विचार करेगी। दरअसल, सरकार ने 130 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा था, जो पूरा हो गया है। हालांकि हजारों किसान अभी भी धान नहीं बेच पाए हैं, जिसके चलते सरकार से धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग की जा रही है। (New Paddy Purchase Record)

Back to top button
error: Content is protected !!