Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में आज से राजिम कुंभ कल्प 2024 की शुरुआत, 8 मार्च तक रहेगा जारी

Rajim Kumbh Kalpa 2024: छत्तीसगढ़ की तीर्थ नगरी राजिम में आज (24 फरवरी) शाम 7 बजे कुंभ कल्प का आगाज होगा। कुंभ 15 दिन तक यानी 8 मार्च तक चलेगा। राजिम कुंभ कल्प में मुख्य अतिथि के रूप में अमरकंटक के आचार्य महामंडलेश्वर अग्नि पीठाधीश्वर रामाकृष्णानंद महाराज शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिप्टी CM अरुण साव, विजय शर्मा और मंत्री बृजमोहन अग्रवाल करेंगे। वहीं कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मंत्री रामविचार नेताम, मंत्री दयालदास बघेल, मंत्री केदार कश्यप, मंत्री लखनलाल देवांगन, मंत्री ओपी चौधरी, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और मंत्री टंकराम वर्मा उपस्थित रहेंगे।

यह भी पढ़ें:- महिला समूहों के जिम्मे होगा नौनिहालों का पोषण: CM विष्णुदेव साय

विशेष अतिथि के रूप में सांसद सुनील सोनी, सांसद चुन्नीलाल साहू, विधायक अजय चंद्राकर, विधायक रोहित साहू, विधायक इंद्रकुमार साहू, विधायक अंबिका मरकाम और विधायक जनक ध्रुव मौजूद रहेंगे। राजिम कुंभ में गीतासार और भजन गायिका अनुराधा पौडवाल के भजन से उद्धाटन समारोह शुरू होगा। गीतासार शाम 7 से 9 बजे तक चलेगा और उसके बाद भजनों का कार्यक्रम आयोजित होगा। स्थानीय कलाकारों को भी प्रस्तुति होगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और संस्कृति विभाग के अधिकारियों द्वारा शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। राजिम कुंभ स्थल पर साधुओं और श्रद्धालुओं का आना जारी है। कुंभ में 30-35 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। राजिम कुंभ स्थल को सेक्टरों में बांटकर लोगों को रोकने की व्यवस्था की जा रही है। (Rajim Kumbh Kalpa 2024)

वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजिम कुंभ कल्प और शिवरीनारायण मेला की प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है। CM साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रयागराज के रूप में प्रसिद्ध राजिम में आयोजित होने वाला राजिम कुंभ कल्प छत्तीसगढ़ की आस्था का प्रतीक है। राज्य सरकार राजिम कुंभ की विशिष्टता और भव्यता को उसके मूल स्वरूप में लौटाने जा रही है। इसके लिए ‘राजिम माघी पुन्नी मेला’ को ‘राजिम कुंभ कल्प’ का नाम दिया है। इससे हमारे गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित और संवर्धित होने का अवसर मिलेगा। राजिम कुंभ कल्प इस साल 24 फरवरी माघपूर्णिमा से 8 मार्च महाशिवरात्रि तक आयोजित होगा। इस साल राजिम कुंभ कल्प को रामोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। (Rajim Kumbh Kalpa 2024)

CM साय ने कहा कि महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के पवित्र त्रिवेणी संगम पर सदियों से राजिम कुंभ मेला का आयोजन होता है। बड़ी संख्या में आसपास के राज्यों के लोग भी श्रद्धापूर्वक इस मेले में शामिल होते हैं। यहां छत्तीसगढ़ की धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ लोक संस्कृति के भी दर्शन होते हैं। इस साल राजिम त्रिवेणी संगम में भव्य तैयारियां की जा रही है। यहां देशभर से साधु संत और श्रद्धालुओं का आगमन होगा। राजिम कुंभ कल्प के आयोजन के दौरान तीन पुण्य स्नान होंगे और विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजिम की तरह माघ पूर्णिमा के अवसर पर शिवरीनारायण में भी महानदी, शिवनाथ और जोंक नदी के पावन संगम पर मेले का आयोजन होता है। इस मेले में भी लोग बड़ी श्रद्धा और आस्था के साथ शामिल होते हैं। उन्होंने महानदी के तट पर सिरपुर में माघी पूर्णिमा के दिन से शुरू हो रहे सिरपुर महोत्सव की भी शुभकामनाएं प्रदेशवासियों को दी है। (Rajim Kumbh Kalpa 2024)

Back to top button
error: Content is protected !!