मातम में बदली शादी की खुशी, सीमेंट से लदे ओवरलोड ट्रैक्टर की चपेट में आने से 8 बारातियों की मौत

Bihar Road Accident: बिहार के खगड़िया में शादी की खुशी मातम में बदल गई है। दरअसल, सीमेंट से लदे ओवरलोड ट्रैक्टर ने बोलेरो को टक्कर मार दी, जिससे बोलरो सवार 8 बारातियों की मौत हो गई। जबकि 5 लोग घायल हो गए हैं। यह हादसा पसराहा थाना क्षेत्र स्थित विद्यानंद पेट्रोल पंप के पास हुआ। बोलरो में सवार सभी लोग जिले के चौथम थाना क्षेत्र के ठुठ्ठी मोहनपुर गांव से बारात में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। जानकारी के मुताबिक हादसे में 7 लोगों की मौके पर मौत हुई। जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें:- रूस में कायम रहेगी व्लादिमीर पुतिन की सरकार, लगातर 5वीं बार जीता राष्ट्रपति चुनाव
भारत में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से जारी 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में पिछले साल कुल 4 लाख 61 हजार 312 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन हादसों में मरने वालों की संख्या 1 लाख 68 हजार 491 हो गई है और करीब 4.45 लाख लोग घायल भी हुए थे। भारत में दुर्घटनाओं की संख्या 2021 की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत बढ़ गई है। जबकि मरने वालों की संख्या 9.4 प्रतिशत बढ़ गई है।भारतीय सड़कों पर तेज रफ्तार जानलेवा साबित हुई है। 2022 में हुई लगभग 75 प्रतिशत दुर्घटनाओं का कारण यही है। सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों के पीछे गलत दिशा में ड्राइविंग भी सबसे बड़े कारणों में से एक है, जिसका योगदान लगभग छह प्रतिशत है। (Bihar Road Accident)
नशे में गाड़ी चलाना और गाड़ी चलाते समय फोन का इस्तेमाल दो अन्य बड़े कारण हैं, जो भारत में चार प्रतिशत से अधिक सड़क दुर्घटनाओं में हिस्सेदार हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के मुताबिक बुनियादी सड़क सुरक्षा मानदंडों के उल्लंघन के कारण भी पिछले साल भारत में लगभग 70 हजार लोग मारे गए। सभी बैठने वालों के लिए अनिवार्य सीटबेल्ट नियम लागू करने के बावजूद 2022 में इसे न पहनने के कारण लगभग 17 हजार लोगों की जान चली गई। वहीं हेलमेट न पहनने के कारण 50 हजार से ज्यादा दोपहिया वाहन चालकों की भी मौत हो गई। इनमें से आधे से ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर हुई हैं। लगभग 33 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं एक्सप्रेसवे समेत राष्ट्रीय राजमार्गों पर हुई हैं, जो उच्चतम गति सीमा प्रदान करते हैं। राज्य राजमार्गों पर भी पिछले साल एक लाख से ज्यादा दुर्घटनाएं हुईं, जो भारत में सभी दुर्घटनाओं का लगभग 23 प्रतिशत है। (Bihar Road Accident)



